Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची की जांच, घर-घर पहुंच रहे BLO, मतदाताओं का वेरिफिकेशन जारी

SIR in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में 4 नवंबर से स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR की प्रक्रिया जारी है। इस अभियान के तहत पूरे राज्य में मतदाता सूची का सत्यापन और अपडेशन किया जा रहा है। प्रदेश के 2 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं के डेटा की जांच की जाएगी। बूथ स्तर अधिकारी (BLO) अब डोर-टू-डोर जाकर मतदाताओं से गणना प्रपत्र भरवा रहे हैं और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दे रहे हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने बताया कि सिर्फ 5 से 6 प्रतिशत मतदाताओं को ही दस्तावेज देने की आवश्यकता होगी। बाकी 90-94% मतदाताओं का डेटा पहले से ही सिस्टम में मौजूद है।

यह भी पढ़ें:- नक्सली संगठन में फूट, आत्मसमर्पण की बढ़ती लहर के बीच दो धड़े आमने-सामने

CEO यशवंत कुमार ने बताया कि अब तक 71% वोटरों का डेटा मिलान पूरा हो चुका है। उम्मीद है कि एन्यूमरेशन फेज के अंत तक यह आंकड़ा 94-95% तक पहुंच जाएगा। उन्होंने बताया कि विशेषकर विवाहित महिलाओं के नामों का नए मतदान केंद्रों से मिलान किया जा रहा है। BLO अब कॉल रिक्वेस्ट फीचर के माध्यम से भी मतदाताओं की शिकायतें हल करेंगे। साथ ही आयोग ने सभी राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील की है कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) के जरिए सहायता करें, ताकि पात्र नागरिकों के नाम जोड़े जा सकें और मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाए जा सकें। (SIR in Chhattisgarh)

छत्तीसगढ़ में मतदाताओं की स्थिति

मुख्य निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक 1 जनवरी 2025 की स्थिति में छत्तीसगढ़ में कुल 2 करोड़ 11 लाख 5 हजार 391 मतदाता दर्ज हैं।

  • पुरुष मतदाता- 1 करोड़ 4 लाख 27 हजार 842
  • महिला मतदाता- 1 करोड़ 6 लाख 76 हजार 821
  • थर्ड जेंडर मतदाता- 728
  • लिंगानुपात- 1024 (महिला प्रति 1000 पुरुष)

सभी मतदाताओं का सत्यापन सुनिश्चित करने के लिए राज्यभर में 27,199 बूथ स्तर अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने बताया कि यह प्रक्रिया बिहार की तर्ज पर की जा रही है। छत्तीसगढ़ के हर जिले में BLO मतदाताओं के घर तीन बार तक जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र नागरिक वंचित न रह जाए। रायपुर समेत सभी जिलों में BLO की टीमें अब डोर-टू-डोर सर्वे पर हैं। मतदाताओं को बताया जा रहा है कि उन्हें कौन-कौन से दस्तावेज दिखाने हैं, फॉर्म कैसे भरना है और सत्यापन के बाद क्या प्रक्रिया अपनाई जाएगी। मतदाता गणना प्रपत्र भरकर BLO को देंगे। BLO यह जानकारी संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी यानी ERO को भेजेंगे, जहां से वेरिफिकेशन किया जाएगा। BLO मतदाताओं को यह भी बता रहे हैं कि अगर किसी का नाम वोटर लिस्ट में गलत है या छूटा है, तो उसे सुधारने के लिए दावा और आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।

SIR की पूरी चरणवार प्रक्रिया 

  1. घर-घर सर्वे और सत्यापन का काम 4 नवंबर से शुरू हो चुका है, जो 4 दिसंबर 2025 तक जारी रहेगा। इस दौरान BLO घर-घर जाकर फॉर्म भरवा रहे हैं। साथ ही नाम, पता, जन्मतिथि और पहचान की पुष्टि कर रहे हैं।
  2. 9 दिसंबर 2025 को प्रारंभिक मतदाता सूची प्रकाशित होगी। इसमें नए जोड़े गए, हटाए गए और संशोधित नाम शामिल होंगे।
  3. 9 दिसंबर 2025 से 8 जनवरी 2026 तक मतदाता अपने नाम जोड़ने, सुधार करने या गलत प्रविष्टि हटाने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
  4. 9 दिसंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक निर्वाचन अधिकारी और BLO दावे-आपत्तियों की जांच करेंगे और निर्णय लेंगे।
  5. 7 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी, जो अगले विधानसभा और लोकसभा चुनावों के लिए आधार बनेगी। 

SIR प्रक्रिया में किन दस्तावेजों की जरूरत होगी

मतदाताओं को अपनी पहचान और पात्रता साबित करने के लिए इन 11 दस्तावेजों में से कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा।

  • आधार कार्ड
  • पैन कार्ड
  • OBC/SC/ST जाति प्रमाणपत्र
  • स्थायी निवास प्रमाणपत्र
  • जन्म प्रमाणपत्र
  • केंद्र/राज्य सरकार/PSU की ओर से जारी पहचान पत्र या पेंशन भुगतान आदेश 
  • 1 जुलाई 1987 से पहले भारत में किसी सरकारी संस्था या बैंक/LIC/डाकघर से जारी प्रमाणपत्र
  • पासपोर्ट या मान्यता प्राप्त शैक्षणिक बोर्ड/विश्वविद्यालय की ओर जारी प्रमाणपत्र 
  • परिवार रजिस्टर या राज्य सरकार की ओर से जारी भूमि/मकान आवंटन प्रमाणपत्र
  • वन अधिकार प्रमाणपत्र
  • राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर का प्रमाण 

 सहायता के लिए हेल्पलाइन और ऑनलाइन सुविधा

अगर किसी मतदाता को प्रक्रिया के दौरान कोई समस्या होती है तो वह निर्वाचन आयोग की हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकता है। इसके अलावा CEO छत्तीसगढ़ की वेबसाइट पर ऑनलाइन सुधार, शिकायत और दावा-आपत्ति दर्ज कराने की सुविधा भी दी गई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने कहा कि यह प्रक्रिया न सिर्फ पुराने रिकॉर्ड को अद्यतन करने के लिए है, बल्कि नए मतदाताओं को जोड़ने का भी अवसर है। सभी पात्र नागरिक BLO से सहयोग करें, ताकि हर वोटर सूची में शामिल हो सके। (SIR in Chhattisgarh)

मतदाताओं के लिए निर्देश

  • BLO जब आपके घर आएं तो उन्हें पूरा सहयोग दें।
  • गणना प्रपत्र को ध्यानपूर्वक भरें और आवश्यक जानकारी दें।
  • अगर नाम सूची में गलत है तो सुधार के लिए दावा करें।
  • नाम छूट गया है तो दोबारा जोड़े जाने के लिए आवेदन करें।
Back to top button
error: Content is protected !!