छत्तीसगढ़ में समय से पहले ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित, 20 अप्रैल से 15 जून तक सभी स्कूल बंद
रायपुर : छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और लू के बढ़ते खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने पूरे प्रदेश में समय से पहले ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया है।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में PET बोतल नीति पर बवाल: शराब सप्लाई प्रभावित, उद्योग जगत का विरोध तेज
राज्य के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सरकार ने एहतियातन यह फैसला लिया।

जारी आदेश के अनुसार, 20 अप्रैल 2026 से 15 जून 2026 तक प्रदेश के सभी सरकारी, निजी एवं अनुदान प्राप्त स्कूल पूर्णतः बंद रहेंगे।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता है। भीषण गर्मी के मद्देनज़र यह निर्णय लिया गया है ताकि बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।



