दुर्ग में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सभा को किया संबोधित, कांग्रेस सरकार पर बोला जमकर हमला

Amit Shah in Durg: छत्तीसगढ़ BJP सत्ता वापसी की तैयारी में जुटी हुई है। इस बीच गृहमंत्री अमित शाह ने दुर्ग के रविशंकर स्टेडियम से विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव के लिए चुनावी शंखनाद किया। उन्होंने आम सभा को संबोधित करते हुए कहा कि लोग संकल्प लें कि वे छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनाएंगे और केंद्र में मोदी की सरकार बनाएंगे। गृहमंत्री शाह ने कहा कि 2014 से पहले केंद्र में सोनिया-मनमोहन की 10 साल की सरकार ने 12 लाख करोड़ रुपए का घोटाला किया था।

यह भी पढ़ें:- लापरवाही बरतने पर एक्शन, 2 कृषि विस्तार अधिकारी निलंबित

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बघेल सरकार वादाखिलाफी करने वाली सरकार है। उन्होंने शराब बंदी की घोषणा की, लेकिन शराब की होम डिलीवरी शुरू कर दी। बेरोजगारी भत्ता देने की बात कही थी वह भी नहीं दिया। हमारी रमन सिंह की सरकार में तेंदू पत्ता का रेट और पैसा दोनों मिल जाता था, लेकिन आज लगभग 500 करोड़ रुपए गरीब, आदिवासियों का बकाया है। उन्होंने आमसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश की कांग्रेस सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यहां उपस्थित विशाल जनता को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री देख लें और समझ लें कि उनकी उल्टी गिनती शुरू हो गई है। इसके बाद वे केंद्रीय मुद्दों पर आ गए। (Amit Shah in Durg)

उन्होंने कहा कि आज मोदी जी की सरकार को 9 साल हो गए हैं। विपक्ष घोटाले का आरोप नहीं लगा सकता। केंद्र में जब कांग्रेस की सरकार थी तो आए दिन आतंकवादी हमला होते थे। आलिया, मालिया, जमालिया पाकिस्तान से घुसते थे और जवानों का सिर काटकर ले जाते थे। मोदी सरकार में पाकिस्तान ने उरी, पुलमावा में हमला किया तो PM मोदी ने 10 दिन के अंदर सर्जिकल स्ट्राइक करके पाकिस्तान को सबक सिखाया। 5 अगस्त 2014 को धारा 370 को हटाया। कांग्रेस कह रही थी मत हटाओ। राहुल के नेतृत्व में सभी कहते रहे कश्मीर में खून की नदियां बह जाएंगी, लेकिन हकीकत ये रही की वहां एक कंकड़ तक नहीं चला। (Amit Shah in Durg)

अमित शाह ने लोगों से कहा कि वे जनवरी में अयोध्या का टिकिट तैयार रखें, क्योंकि मंदिर के गर्भगृह में रामलला के दर्शन होने वाले हैं। वे बोले प्रभु राम का मंदिर बनाने को लेकर कांग्रेस लटका रही थी, भटका रही थी। मोदी जी ने ये काम किया और जनवरी में लोग रामलला के दर्शन कर पाएंगे। प्रभु श्री राम को उसी जगह स्थापित किया गया, जिस स्थान में उनका जन्म हुआ था। शाह ने कहा कि विदेशों में नरेंद्र मोदी के नारे लग रहे हैं। नरेंद्र मोदी जी जहां जाते हैं वहां के लीडर, नेता उनसे ऑटोग्राफ लेते हैं। अपाइंटमेंट चाहते हैं। G-7 में मोदी जी गए तो एक राष्ट्र के प्रमुख ने उनके पैर छुए। पूरी दुनिया में मोदी-मोदी के नारे लग रहे हैं। ये नारे मोदी नहीं बल्कि देश की जनता का सम्मान है। (Amit Shah in Durg)

उन्होंने आदिवासी समाज की बेटी को राष्ट्रपति बनाया है। PM मोदी ने 9 साल में हर गरीब के बिजली, शौचालय , रसोई गैस, 5 किलो अनाज मुफ्त दिया। 130 करोड़ की जनता को कोरोना के टीके मुफ्त में लगावाए हैं। गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बघेल सरकार हर मोर्चे पर फेल है। एक हजार किसानों ने आत्महत्या की। बेरोजगारी लगातार बढ़ी है। केंद्र सरकार ने 74 हजार करोड़ रुपए किसानों के बैंक अकाउंट में भेजा। भूपेश सरकार ने मात्र 12 हजार 100 करोड़ रुपए किसानों, गरीबों को दिए। शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने 38 लाख किसानों को 6 हजार हर साल दिया। (Amit Shah in Durg)

उन्होंने कहा कि मोदी जी ने 35 लाख जल कनेक्शन दिया। 38 लाख महिलाओं के लिए शौचालय बनवाया। 52 लाख परिवार को 5 किलो अनाज दिया। 6 लाख महिलाओं को गैस कनेक्शन दिया। IIT भिलाई भी केंद्र सरकार ने दिया। 2 लाख से ज्यादा लोगों को जल जीवन के तहत नल कनेक्शन मिला। अमित शाह ने कहा कि भूपेश बघेल की सरकार ने बुजुर्ग माताओं को वृद्धा पेंशन अब समय पर नहीं पहुंच रही है। प्रदेश पर 1.5 लाख करोड़ का कर्ज भी इस सरकार ने कर दिया है। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 9 साल पूरे होने पर केंद्रीय मंत्री जनता के बीच जा रहे हैं। इसी सिलसिले में गृहमंत्री अमित शाह ने दुर्ग में सभा को संबोधित किया। इससे पहले उन्होंने पद्मश्री उषा बारले के घर जाकर उनसे और परिवार से मुलाकात की।

Related Articles

Back to top button