ऑटो पार्ट्स बनाने वाली फैक्ट्री में फटा बॉयलर, 50 से ज्यादा कर्मचारी झुलसे, 40 की हालत गंभीर

Haryana Factory Accident: हरियाणा के रेवाड़ी में बड़ा हादसा हुआ है। दरअसल, धारूहेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में बनी ऑटो पार्ट्स बनाने वाली लाइफ लॉन्ग फैक्ट्री में बॉयलर फट गया, जिसकी चपेट में आने से 50 से ज्यादा कर्मचारी झुलस गए। इनमें करीब 40 कर्मचारियों को गंभीर हालत में रेवाड़ी शहर के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। सिविल सर्जन सुरेंद्र यादव ने बताया कि कर्मचारियों को बर्न इंजरी हैं। कुछ को धारूहेड़ा स्थित प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दूसरे अस्पतालों को अलर्ट कर दिया है। रेवाड़ी सिविल अस्पताल में 23 कर्मचारी भर्ती हैं। एक गंभीर मरीज को रोहतक PGI रेफर किया गया है। 

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में आचार संहिता लागू होने से पहले 24 घंटे के अंदर हुए 276 तबादले, पढ़ें पूरी खबर

जानकारी के मुताबिक 150 कर्मचारी रोजाना की तरह फैक्ट्री में काम कर रहे थे। इस बीच अचानक जोरदार धमाका हो गया, जिसकी सूचना मिलते ही कई एंबुलेंस फैक्ट्री में पहुंची। साथ ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को भी मौके पर बुलाया गया। एक-एक कर झुलसे कर्मचारियों को बाहर निकालकर ट्रॉमा सेंटर और अन्य अस्पतालों में ले जाया गया। कर्मचारी इतने झुलस चुके थे कि वह स्ट्रेचर पर नहीं लेट सकते थे। दर्द से कराहते हुए पैदल चलकर ही वह इमरजेंसी तक पहुंचे। अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे एक कर्मचारी ने बताया कि उन्हें हादसा कैसे हुआ ये पता ही नहीं चला। अचानक तेज धमाका हुआ और अंधेरा छा गया। हम लोग बाहर नहीं निकल पाए। (Haryana Factory Accident)

वहीं जांच अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि गंभीर मरीजों को हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है। अभी कोई कैजुअल्टी नहीं हुई है। हादसा कैसे हुआ इसका पता लगाया जा रहा है। वहीं घटना को लेकर सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा- लाइफ लॉन्ग फैक्ट्री में दर्दनाक हादसे में बड़ी संख्या में लोगों के झुलसने की खबर बेहद दुखद है। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। सरकार इस दुर्घटना में पीड़ित सभी को बेहतर उपचार और हर संभव मदद उपलब्ध कराए। (Haryana Factory Accident)

Related Articles

Back to top button