मेरे लिए देश ही परिवार…कांग्रेस के लिए अपना परिवार ही सबकुछ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM Modi in Morena: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्यप्रदेश के मुरैना में विशाल विजय संकल्प रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए एक स्थिर और मजबूत सरकार कितनी जरूरी होती है, ये मध्यप्रदेश के लोग बहुत अच्छे से जानते हैं। मुरैना ने हमेशा उन्हीं का साथ दिया है, जिनके लिए राष्ट्र प्रथम है। आप सबका उत्साह देखकर मैं कह सकता हूं कि मुरैना आज भी न अपने संकल्प से डिगा है और न ही कभी डिगेगा। मुरैना ने मन बना लिया है – फिर एक बार मोदी सरकार। MP के लोग जानते हैं कि समस्या से एक बार पीछा छूट जाए, तो फिर उस समस्या से दूर ही रहना चाहिए। कांग्रेस पार्टी ऐसी ही विकास विरोधी और बहुत बड़ी समस्या है।

यह भी पढ़ें:- PM मोदी और राहुल गांधी को चुनाव आयोग ने जारी किया नोटिस, 29 अप्रैल तक मांगा जवाब

PM मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने MP को बीमारू राज्यों की लाइन में खड़ा कर दिया था। भाजपा की सरकार ने कांग्रेस के बनाए गड्ढों को भरने के बाद मध्य प्रदेश और चंबल को नई और गौरवपूर्ण पहचान दिलाई है। भाजपा सरकार में हुए विकास को भिंड, मुरैना, ग्वालियर के वो लोग और ज्यादा अनुभव कर रहे हैं, जिन्होंने कांग्रेस का काला दौर देखा है। 4 जून के बाद हमारे मुख्यमंत्री मोहन यादव जी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश का विकास और स्पीड पकड़ने जा रहा है। भाजपा के लिए देश से बड़ा और कुछ भी नहीं है, लेकिन कांग्रेस के लिए अपना परिवार ही सबकुछ है। (PM Modi in Morena)

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की पॉलिसी है, जो देश के लिए सबसे ज्यादा योगदान, मेहनत और समर्पण करे, उसे सबसे पीछे रखो। इसलिए, कांग्रेस ने इतने सालों तक सेना के जवानों की One Rank-One Pension जैसी मांग पूरी नहीं होने दी। हमने सरकार बनते ही One Rank-One Pension को लागू किया। हमने सीमा पर खड़े जवानों की सुविधा की भी चिंता की। कांग्रेस सरकार ने जवानों के जो हाथ बांध रखे थे, हमनें उन्हें भी खुली छूट दे दी। आज कांग्रेस एक बार फिर कुर्सी के लिए छटपटा रही है। कुर्सी पाने के लिए भांति-भांति के खेल, खेल रही है। ये लोग फिर से धार्मिक तुष्टीकरण को मोहरा बना रहे हैं। (PM Modi in Morena)

प्रधानमंत्री ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार है। इन्होंने कर्नाटक में जितने भी मुस्लिम समाज के लोग हैं, उन सभी को OBC घोषित कर दिया है। यानी वहां कांग्रेस ने शिक्षा और सरकारी नौकरी में पहले जिन OBC लोगों को आरक्षण मिलता था, उस OBC समाज में इतने सारे नए लोग डाल दिए कि उन्हें जो आरक्षण मिलता था, वो उनसे चोरी छिपे छीन लिया। कांग्रेस, दलितों का, पिछड़ों का, आदिवासियों का हक छीनने का षड्यंत्र लंबे समय से कर रही है। 19 दिसंबर, 2011 को तब की कांग्रेस की केंद्र सरकार धर्म के नाम पर आरक्षण देने का एक note कैबिनेट में लेकर आई थी। इस कैबिनेट note में कहा गया था कि OBC समाज को जो 27% आरक्षण मिलता है, उसका एक हिस्सा काटकर, मजहब के नाम पर दिया जाएगा। (PM Modi in Morena)

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि सिर्फ 2 दिन बाद 22 दिसंबर, 2011 को इसका आदेश भी निकाल दिया गया। बाद में आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट ने कांग्रेस सरकार के इस आदेश को रद्द कर दिया। ये सुप्रीम कोर्ट गए, लेकिन राहत नहीं मिली। 2014 में कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में लिखा कि धर्म के आधार पर आरक्षण देने के लिए कानून बनाना पड़े, तो कानून भी बनाएंगे। लेकिन, 2014 में दलित, OBC और आदिवासी समाज जाग गया और उसके बाद सभी समाजों ने एक होकर कांग्रेस के सपनो को मिट्टी में मिला दिया, उनको सत्ता से बाहर कर दिया। भाजपा सबका साथ, सबका विकास के मंत्र पर चलने वाली पार्टी है। भाजपा सरकार जरूरतमंदों में कोई भेदभाव नहीं करती। (PM Modi in Morena)

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कोविड के दौरान जरूरतमंद 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिलता रहा। भाजपा सरकार ने 4 करोड़ गरीबों को पक्के मकान दिए हैं। ये घर बिना भेदभाव, हर धर्म के लोगों को मिले हैं। इन दिनों कांग्रेस के शहजादे को आए दिन मोदी का अपमान करने में मजा आ रहा है। वो कुछ भी बोलते जा रहे हैं। इससे कुछ लोग दुखी हैं कि देश के प्रधानमंत्री के लिए ऐसी भाषा का प्रयोग क्यों किया जा रहा है। मेरी सबसे विनती है कि कृपया करके आप दुखी मत होइए, गुस्सा मत कीजिए, आपको पता है कि वे नामदार हैं और हम कामदार हैं। आजकल कांग्रेस के शाही परिवार के शहजादे पूरे देश में बढ़ चढ़कर कह रहे हैं कि अब आपकी संपत्ति का एक्स-रे होगा। (PM Modi in Morena)

PM ने कहा कि हमारी माताओं-बहनों के पास जो पवित्र स्त्रीधन होता है। कांग्रेस उसे जब्त करके अपनी वोटबैंक मजबूत करने के लिए, उसे बांटने की सार्वजनिक घोषणा कर रही है, मेनिफेस्टो में बता रही है। मैं आज देश के सामने पहली बार एक दिलचस्प तथ्य रखना चाहता हूं। जब देश की एक प्रधानमंत्री इंदिरा जी नहीं रही, तो उनकी जो प्रॉपर्टी थी, वो उनकी संतानों को मिलनी थी, लेकिन पहले ऐसा कानून था कि वो उनको मिलने से पहले सरकार एक हिस्सा ले लेती थी। तब चर्चा थी कि जब इंदिरा जी नहीं रही और उनके बेटे राजीव गांधी जी को ये प्रॉपर्टी मिलनी थी। तब अपनी उस प्रॉपर्टी को बचाने के लिए, उस समय के प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने पहले जो Inheritance कानून था, उसको समाप्त कर दिया था। आज देश कह रहा है…कांग्रेस की लूट- जिंदगी के साथ भी और जिंदगी के बाद भी। (PM Modi in Morena)

Related Articles

Back to top button