PM मोदी ने लोकसभा में कहा- पूरा देश कह रहा है…अबकी बार 400 पार

PM Lok Sabha Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर भाषण दिया। PM मोदी ने 100 मिनट की स्पीच में कांग्रेस, परिवारवाद, भ्रष्टाचार, रोजगार, महंगाई, राम मंदिर, पर्यटन, महिला, किसान, युवा, विपक्षी गठबंधन और 10 साल के UPA बनाम NDA सरकार के काम-काज पर बात की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि संसद के इस नए भवन में जब राष्ट्रपति हमें संबोधित करने आई और जिस गौरव और सम्मान के साथ सेंगोल और पूरे जुलूस का नेतृत्व किया, हम सब उनके पीछे-पीछे चल रहे थे। नए सदन में ये नई परंपरा भारत के आजादी के उस पवित्र पल का प्रतिबिंब जब साक्षी बनता है तो लोकतंत्र की गरिमा कई गुना ऊपर चली जाती है।

यह भी पढ़ें:- घर-घर सर्वे करके महतारी वंदन योजना का भरवाया जा रहा फॉर्म, सभी ग्राम पंचायतों में लगाया गया शिविर

उन्होंने कहा कि मैं विपक्ष के संकल्प की सराहना करता हूं। उनके भाषण के एक-एक बात से मेरा और देश का विश्वास पक्का हो गया है कि इन्होंने लंबे अरसे तक विपक्ष में रहने का संकल्प ले लिया है। आपलोग जिस तरह इन दिनों मेहनत कर रहे हैं, मैं पक्का मानता हूं जनता जनार्दन आपको जरूर आशीर्वाद देगी और आप जिस ऊंचाई पर है उससे भी अधिक ऊंचाई पर पहुंचेंगे और अगले चुनाव में दर्शक दीर्घा में दिखेंगे। वे विपक्ष के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभाने में नाकाम रहे…मैंने हमेशा कहा है कि देश को एक अच्छे विपक्ष की जरूरत है। (PM Lok Sabha Speech)

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं देख रहा हूं कि विपक्ष से बहुत लोग चुनाव लड़ने का हौसला भी खो चुके हैं। मैंने सुना है बहुत लोग सीट बदलने की फिराक में हैं। बहुत लोग लोकसभा के बदले अब राज्यसभा में जाना चाहते हैं। वे (विपक्ष) विपक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रहे। मैंने हमेशा कहा है कि देश को एक अच्छे विपक्ष की जरूरत है। राष्ट्रपति ने अपने अभिभाषण में देश की नारी शक्ति, युवा शक्ति, गरीब और हमारे किसान, मछुआरों की चर्चा की है… क्या जब देश के युवा की बात होती है तो सभी वर्ग के युवाओं की बात नहीं होती? क्या जब महिलाओं की बात होती है तो देश की सभी महिलाएं उसमें नहीं आती? कब तक टूकड़ो में सोचते रहेंगे? कब तक समाज को बांटते रहेंगे? (PM Lok Sabha Speech)

PM मोदी ने कहा कि कांग्रेस को एक अच्छा विपक्ष बनने का बहुत बड़ा अवसर मिला और 10 साल कम नहीं होते, लेकिन 10 साल में उस दायित्व को निभाने में भी वे पूरी तरह विफल रहे। जब वे खुद विफल हो गए तो विपक्ष में और भी होनहार लोग हैं उन्हें भी उभरने नहीं दिया..एक ही प्रोडक्ट बार-बार लॉन्च करने के चक्कर में कांग्रेस की दुकान पर ताला लगाने की नौबत आ गई है। शासन के 10 सालों के अनुभव के आधार पर, आज की मजबूत अर्थव्यवस्था और आज भारत जिस तीव्र गति से प्रगति कर रहा है, उसे देखते हुए मैं विश्वास से कहता हूं कि हमारे तीसरे कार्यकाल में भारत तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति होगा। ये मोदी की गारंटी है। (PM Lok Sabha Speech)

PM मोदी ने कहा कि हम किस परिवारवाद की चर्चा करते हैं। अगर किसी परिवार में अपने बलबूते पर जनसमर्थन से एक से अधिक लोग अगर राजनीतिक क्षेत्र में प्रगति करते हैं तो उसको हमने कभी परिवारवाद नहीं कहा। हम उस परिवारवाद की चर्चा करते जो पार्टी परिवार चलाती है। जो पार्टी परिवार के लोगों को प्राथमिकता देती है। जिस पार्टी के सारे निर्णय परिवार के लोग की करते हैं। वे परिवारवाद है। राजनाथ सिंह और अमित शाह की कोई राजनीतिक पार्टी नहीं है। इसलिए जहां एक परिवार को पार्टियां लिखी जाती है वे लोकतंत्र में उचित नहीं है। एक परिवार के 10 लोग राजनीति में आए कुछ बुरा नहीं है। (PM Lok Sabha Speech)

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे लक्ष्य कितने बड़े होते हैं, हमारे हौसले कितने बड़े होते हैं वह आज पूरी दुनिया देख रही है। हमारे उत्तर प्रदेश में कहावत कही जाती है ‘9 दिन चले ढाई कोस’ और यह कहावत पूरी तरह कांग्रेस पार्टी को परिभाषित करती है। कांग्रेस की सुस्त रफ्तार का कोई मुकाबला नहीं है। हमने गरीबों के लिए 4 करोड़ घर बनाए। शहरी गरीबों के लिए हमने 80 लाख पक्के मकान बनाए। अगर ये कांग्रेस की गति से बने होते… तो इस काम को करने में 100 साल लग जाते। तब तक पांच पीढ़ियां गुजर जाती। कांग्रेस ने देश के सामर्थ्य पर कभी विश्वास नहीं किया। वे अपने आप को शासक मानते रहे और जनता को कमतर आंकते रहे। (PM Lok Sabha Speech)

PM ने कहा कि कांग्रेस का विश्वास सिर्फ एक परिवार पर ही रहा है, एक परिवार के आगे वे न कुछ सोच सकते हैं और न देख सकते हैं। कुछ दिन पहले भानुमति का कुनबा जोड़ा, लेकिन फिर एकला चलो रे करने लग गए… अलायंस का ही अलाइनमेंट बिगड़ गया। 15 अगस्त को लाल किले से प्रधानमंत्री नेहरू ने कहा था कि “हिंदुस्तान में काफी मेहनत करने की आदत आमतौर पर नहीं है। हम इतना काम नहीं करते जितना विदेशी देशों के लोग करते हैं। यह ना समझिए वे देश कोई जादू से खुशहाल हो गए हैं वे अक्ल और मेहनत से खुशहाल हुए हैं”। नेहरू जी कि भारतीयों के प्रति सोच थी की भारतीय कम अक्ल के लोग होते हैं। (PM Lok Sabha Speech)

उन्होंने कहा कि जिन उपलब्धियों का देश लंबे समय से इंतजार कर रहा था वे सारे काम हमने दूसरे कार्यकाल में पूरे होते देखे। हम सबने 370 खत्म होते देखा… नारी शक्ति वंदन अधिनियम दूसरे कार्यकाल में कानून बना। अंतरिक्ष से लेकर ओलम्पिक तक, सशस्त्र बलों से संसद तक नारी शक्ति के सामर्थ्य की गूंज उठ रही है। हमारी सरकार का तीसरा कार्यकाल अब ज्यादा दूर नहीं है। सिर्फ 100-125 दिन बाकी हैं… मैं संख्याओं पर नहीं जाता लेकिन मैं देश का मूड देख सकता हूं। इससे NDA 400 के पार पहुंच जाएगी और भाजपा को 370 सीटें जरूर मिलेंगी…तीसरा कार्यकाल बहुत बड़े फैसले लेने वाला होगा। (PM Lok Sabha Speech)

PM मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और यूपीए सरकार ने OBC के साथ न्याय नहीं किया। कुछ दिन पहले ही कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित किया गया। 1970 में जब वे बिहार के मुख्यमंत्री बने तो उनकी सरकार को अस्थिर करने के लिए क्या-क्या नहीं किया गया। कांग्रेस OBC को बर्दाश्त नहीं कर सकती…वे गिनती करते रहते हैं कि सरकार में कितने OBC हैं। क्या आप (कांग्रेस) यहां सबसे बड़ा OBC नहीं देख सकते? 10 सालों में पर्यटन क्षेत्र में अभुतपूर्व उछाल आया है… सामान्य से सामान्य व्यक्ति को भी रोजगार देने वाला और स्वरोजगार की सबसे ज्यादा संभावनाओं वाला यह क्षेत्र है। 10 वर्ष में एयरपोर्ट दोगुने बढ़े हैं। (PM Lok Sabha Speech)

PM मोदी ने कहा कि कांग्रेस के समय में किसानों के लिए कुल बजट होता था 25,000 करोड़ हमारे समय में किसानों के लिए 1.25 लाख करोड़ रूपये का बजट किसानों के लिए है। कांग्रेस ने अपने 10 साल के कार्यकाल में 7 लाख करोड़ का धान और गेहूं किसानों से खरीदा था। हमने 10 सालों में करीब 18 लाख करोड़ का धान और गेहूं किसानो से खरीदा है। कांग्रेस सरकार में दलहन और तिलहन की खरीदी नाम मात्र कभी की हो तो की हो। हमने 1.25 लाख करोड़ रुपए से अधिक का दलहन और तिलहन खरीदा है। इतिहास गवाह है जब भी कांग्रेस आती है महंगाई आती है। (PM Lok Sabha Speech)

PM मोदी ने कहा कि कभी कहा गया था कि ‘हर चीज़ की कीमत बढ़ जाने की वजह से मुसीबत फैली है, आम जनता उनमें फंसी है।’ यह नेहरू जी ने लाल किले से कहा था… 10 साल बाद भी महंगाई के यही गीत कहे गए थे… देश का PM रहते उन्हें 12 साल हो गए थे लेकिन हर बार महंगाई काबू में नहीं आ रही है, महंगाई के कारण आपको मुसीबत हो रही है इसी के गीत गाते रहे थे। हमारे देश में महंगाई पर दो गाने सुपरहिट हुए- ‘मेहंगाई मार गई’ और ‘मेहंगाई डायन खाये जात है’। ये दोनों गाने कांग्रेस के शासनकाल में आए। UPA के कार्यकाल में महंगाई डबल डिजिट में थी, इसे नकार नहीं सकते। उसपर उनकी सरकार का तर्क क्या था? असंवेदनशीलता। यह कहा गया था कि महंगी आइसक्रीम खा सकते हो तो महंगाई का रोना क्यों रोते हो? (PM Lok Sabha Speech)

PM मोदी ने कहा कि यहां बहुत गुस्सा व्यक्त किया गया… उनका दर्द मैं समझता हूं, उनकी मुसीबत और गुस्सा मैं समझता हूं क्योंकि तीर निशाने पर लगा है। भ्रष्टाचार पर एजेंसियां एक्शन ले रही हैं, उसे लेकर भी इतना गुस्सा? UPA सरकार में जो भ्रष्टाचार की बातें होती थी उसका कुल आकड़ा 10 लाख करोड़ का रहा है। हमने लाखों करोड़ के घोटालों को अटकाएं और सारे पैसों को गरीबों के काम में लगा दिया। अब बिचौलियों के लिए गरीबों को लूटना बहुत मुश्किल हो गया है….30 लाख करोड़ से ज्यादा हमने लोगों के खाते में सीधे पहुंचाएं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस सांसद डीके सुरेश की ‘अलग देश’ वाली टिप्पणी पर उनकी आलोचना की। (PM Lok Sabha Speech)

Related Articles

Back to top button