चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर PM मोदी ने दी बधाई, कहा- अब चंदामामा दूर नहीं…

PM Modi on Chandrayaan: भारत के चंद्रयान-3 ने इतिहास रच दिया है। लैंडर मॉड्यूल ने चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग की। इसी के साथ भारत पहला देश बन गया जिसने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर स्‍पेसक्राफ्ट उतारा। लैंडिंग के बाद चंद्रयान-3 ने कहा कि भारत, मैं अपनी मंजिल तक पहुंच गया और आप भी! इसे लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी है। उन्होंने कहा कि जब हम ऐसे ऐतिहासिक क्षण देखते हैं तो हमें बहुत गर्व होता है। ये नए भारत का सूर्योदय है। हमने धरती पर संकल्प किया और चांद पर उसे साकार किया…भारत अब चंद्रमा पर है।

यह भी पढ़ें:- Chandrayaan-3 Landing : चांद पर पहुंचा चंद्रयान 3, कामयाब हुआ मिशन चंद्रयान

PM मोदी ने कहा कि इससे पहले कोई भी देश चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव तक नहीं पहुंचा है। हमारे वैज्ञानिकों की मेहनत से हम वहां तक पहुंचे हैं। भारत का सफल चंद्रमा मिशन अकेले भारत का नहीं है…यह सफलता पूरी मानवता की है। कभी कहा जाता था चंदा मामा बहुत दूर के हैं, अब एक दिन वो भी आएगा जब बच्चे कहा करेंगे चंदा मामा बस एक टूर के हैं। इसके साथ ही चंद्रयान-3 की सफलता के तुरंत बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग से इसरो प्रमुख एस सोमनाथ को फोन कर बधाई दी। (PM Modi on Chandrayaan)

इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर अपनी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि समर्थन के लिए आप सभी को धन्यवाद…हमने अपनी असफलता से बहुत कुछ सीखा और आज हम सफल हुए। हम चंद्रयान-3 के लिए अब से अगले 14 दिनों का इंतजार कर रहे हैं। Chandrayaan-3 मिशन की एसोसिएट प्रोजेक्ट डायरेक्टर कल्पना ने कहा कि यह मेरे और मेरी टीम के लिए सबसे यादगार पल है। पिछले कई वर्षों से हम यही प्रयास कर रहे हैं। हमने अपना लक्ष्य हासिल कर लिया। जम्मू-कश्मीर में इसरो के तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के बाद जम्मू में सीआरपीएफ जवानों ने जश्न मनाया और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। (PM Modi on Chandrayaan)

चंद्रयान-3 की सफलता से पूरा देश झूम उठा है। दिल्ली में चंद्रयान-3 के चंद्रमा पर उतरने पर कांग्रेस मुख्यालय के बाहर जश्न मनाया गया। इसी तरह गुजरात के सूरत में स्कूली बच्चे चंद्रयान-3 को चंद्रमा की सतह पर उतरते देख खुशी से नाचने लगे। वाशिंगटन डीसी (US) में चंद्रयान-3 के चंद्रमा पर सफलतापूर्वक उतरने पर भारतीय दूतावास में मिठाइयां बांटी गईं। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने चंद्रयान-3 के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतरने पर तिरंगा फहराया। उन्होंने कहा कि हमारे पास लागत प्रभावी तरीकों से सफलता हासिल करने की क्षमता है। जहां दुनिया चांद के बारे में कल्पना करती है, हमने वास्तव में चांद को महसूस किया है…दुनिया चांद के सपने देखती है और हमने सपने को हकीकत में बदलते देखा है…आसमान कोई सीमा नहीं है।

चंद्रयान-3 के चंद्रमा पर उतरने पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सराहना की। साथ ही कहा कि- अरे वाह, मजा आ गया! आज देखिए चंद्रमा हमारे और भी करीब आ गया है। ये बहुत खुशी की बात है। चंद्रमा पर सफलतापूर्वक उतरने के बाद चंद्रयान-3 चंद्रमा की सतह पर भारत की उपस्थिति को दर्शा रहा है। इस महान अवसर पर मैं इसरो और वैज्ञानिकों के प्रति आभार व्यक्त करता हूं क्योंकि उनके कौशल, साहस और प्रतिभा के कारण हमें यह उपलब्धि मिली है। चंद्रयान-3 के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतरने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने तालियां बजाईं। पूर्व इसरो प्रमुख के सिवन ने इसरो के तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि हम वास्तव में उत्साहित हैं…हम लंबे समय से इस पल का इंतजार कर रहे थे। मैं बहुत खुश हूं। (PM Modi on Chandrayaan)

चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चंद्रयान-3 की सफल सॉफ्ट लैंडिंग नए भारत की सामर्थ्य और शक्ति का सशक्त प्रदर्शन है। प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और मार्गदर्शन में इसरो के वैज्ञानिकों ने वह कर दिखाया जो कोई नहीं कर सका। चंद्रमा का दक्षिणी ध्रुव अब तक दुनिया के लिए असंभव था, लेकिन हमारे दूरदर्शी वैज्ञानिकों ने इसे संभव कर दिखाया है। वसुधैव कुटुम्बकम् की पवित्र भावना के साथ मैं इसरो के सभी वैज्ञानिकों को इस सफलता के लिए बधाई और देशवासियों को शुभकामनाएं देता हूं। (PM Modi on Chandrayaan)

चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि मैं इस मिशन से जुड़े सभी वैज्ञानिकों और प्रदेशवासियों को बधाई देता हूं। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत अंतरिक्ष क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान बना रहा है। यह ‘आत्मनिर्भर भारत’ के मंत्र को सच साबित कर रहा है। इस सफल लैंडिंग मिशन के साथ भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला पहला देश बन गया है। यह देश के लिए एक असाधारण उपलब्धि है…1969 में अपनी स्थापना के बाद से इसरो के 89 लॉन्च मिशनों में से 47 अंतरिक्ष मिशन पिछले 9 वर्षों में मोदी सरकार में हुए हैं। यह यूपीए शासनकाल में लॉन्च किए गए मिशनों की संख्या से दोगुना है। (PM Modi on Chandrayaan)

Related Articles

Back to top button