Google Analytics —— Meta Pixel

देश को मिली पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, पीएम मोदी ने मालदा से दिखाई हरी झंडी

Vande Bharat Sleeper Train : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शनिवार को पश्चिम बंगाल के मालदा से देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन (Vande Bharat Sleeper Train) हावड़ा–गुवाहाटी (कामाख्या) मार्ग पर चलेगी और भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

यह भी पढ़े :- राजधानी में घर में लगी भीषण आग, बुजुर्ग की जिंदा जलकर मौत

अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस वंदे भारत का स्लीपर संस्करण खासतौर पर लंबी दूरी और रात्रिकालीन यात्राओं के लिए डिजाइन किया गया है, जिससे यात्रियों को बेहतर आराम, सुरक्षा और समय की बचत मिलेगी। यह पहल पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर के बीच कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगी।

उद्घाटन के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने छात्रों, रेलवे कर्मचारियों और ट्रेन चालकों से बातचीत भी की। साथ ही न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस करने के लिए चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी गई।

इस सेवा से पश्चिम बंगाल के कूच बिहार, जलपाईगुड़ी, मालदा, मुर्शिदाबाद, पूर्वी बर्धमान, हुगली और हावड़ा तथा असम के कामरूप महानगर और बोंगाईगांव को सीधा लाभ मिलेगा। कालीघाट और कामाख्या देवी मंदिर जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए भी यह ट्रेन सहायक साबित होगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, वंदे भारत स्लीपर को प्रीमियम लेकिन किफायती विकल्प के रूप में पेश किया गया है। सांकेतिक किराया 3 एसी ₹2,300, 2 एसी ₹3,000 और फर्स्ट एसी ₹3,600 बताया गया है। 16 आधुनिक कोचों वाली इस ट्रेन की कुल यात्री क्षमता 823 है।

यह ट्रेन 180 किमी प्रति घंटे तक की गति से चलने में सक्षम है और इसमें उन्नत सस्पेंशन व वायुगतिकीय डिजाइन दिया गया है, जिससे यात्रा अधिक स्थिर, शांत और आरामदायक होगी। (Vande Bharat Sleeper Train)

Back to top button
error: Content is protected !!