‘सेना का शौर्य विश्व ने देखा’ : ऑपरेशन सिंदूर पर बोले मोहन भागवत
नागपुर में RSS का शताब्दी समारोह और विजयादशमी उत्सव, कोविंद-गडकरी-फडणवीस भी रहे मौजूद
नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का शताब्दी समारोह और विजयादशमी उत्सव नागपुर में बड़े धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, संघ प्रमुख मोहन भागवत (RSS Chief Mohan Bhagwat), महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में देर रात तक शराब परोसने वालों पर होगी कार्रवाई, चौथी गलती पर स्थायी रूप से रद्द होगा लाइसेंस
इस मौके पर दलाई लामा का संदेश भी पढ़ा गया, जिसमें उन्होंने संघ को शुभकामनाएं दीं।
रामनाथ कोविंद का वक्तव्य
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि विजयादशमी उत्सव संघ की शताब्दी का प्रतीक है। उन्होंने नागपुर की धरती को डॉ. हेडगेवार और डॉ. भीमराव आंबेडकर जैसी महान विभूतियों से जोड़ते हुए आरएसएस को एक “पवित्र, विशाल वट वृक्ष” बताया, जो लोगों को जोड़ता है और उन्हें गौरव तथा प्रगति का अहसास कराता है।
मोहन भागवत का बड़ा बयान
संघ प्रमुख मोहन भागवत (RSS Chief Mohan Bhagwat) ने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ ने पूरे भारत में श्रद्धा और एकाग्रता की लहर पैदा की, जबकि पहलगाम में आतंकियों ने धर्म पूछकर निर्दोषों की हत्या की। उन्होंने कहा कि “सेना का शौर्य विश्व ने देखा है” और देश के भीतर संवैधानिक उग्रवादी तत्वों से भी मुकाबला करना होगा।
उन्होंने गुरु तेग बहादुर, महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि बलिदान, भक्ति और देशसेवा के ये उदाहरण हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे।
ट्रंप की टैरिफ नीति पर टिप्पणी
भागवत ने कहा कि अमेरिका ने अपने हित में टैरिफ नीति अपनाई होगी, लेकिन इसका असर सभी देशों पर पड़ रहा है। भारत को आत्मनिर्भर बनने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि “स्वदेशी और स्वावलंबन का कोई विकल्प नहीं है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय संबंध जरूरी हैं, लेकिन निर्भरता को मजबूरी में नहीं बदलना चाहिए।
नेपाल हिंसा पर चिंता
हाल ही में नेपाल में हुई हिंसा पर भागवत ने कहा कि असंतोष व्यक्त करने के लिए हिंसक आंदोलन उचित तरीका नहीं है। ऐसे कदमों से सकारात्मक परिवर्तन नहीं आता। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे हालात में बाहरी ताकतें अपने हित साधने की कोशिश कर सकती हैं।
देश के भीतर उग्रवाद
संघ प्रमुख (RSS Chief Mohan Bhagwat) ने कहा कि देश के अंदर संवैधानिक उग्रवादी तत्व मौजूद हैं। हालांकि सरकार की सख्त कार्रवाई और लोगों में जागरूकता के कारण नक्सली आंदोलन कमजोर पड़ा है। उन्होंने कहा कि इन इलाकों में न्याय, विकास और सहानुभूति सुनिश्चित करने के लिए व्यापक कार्ययोजना जरूरी है।
आत्मनिर्भर भारत का संदेश
मोहन भागवत ने अंत में कहा कि हमें आत्मनिर्भर बनकर और वैश्विक एकता के प्रति सजग रहकर यह सुनिश्चित करना होगा कि निर्भरता हमारी मजबूरी न बने और हम अपनी इच्छानुसार कार्य कर सकें।



