विधानसभा में गूंजा इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघों के शिकार का मामला, विपक्ष ने सरकार को जमकर घेरा

Tiger Poaching Case: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघों के शिकार और वन्यजीव सुरक्षा का मुद्दा उठा। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सरकार से मामले में कई गंभीर सवाल पूछे और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। वहीं वन मंत्री केदार कश्यप ने सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि मामले में किसी भी दोषी को बचाने की कोशिश नहीं की गई है और विभाग पूरी तरह सक्रिय है। ध्यानाकर्षण के दौरान डॉ. चरणदास महंत ने पूछा कि बाघों के शिकार के मामले में गिरफ्तार इंटेलिजेंस ब्यूरो के जवान का नाम सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं इसके पीछे कोई राजनीतिक सिंडिकेट तो काम नहीं कर रहा है। महंत ने कहा कि जब पहले से अलर्ट जारी किया गया था, तब भी इतनी बड़ी घटना कैसे हो गई और आखिर लापरवाही किस स्तर पर हुई।
यह भी पढ़ें:- विधानसभा में रायपुर में फायर स्टेशन की कमी का गूंजा मुद्दा, सरकार ने बताया 6 जिलों में अब भी नहीं है फायर स्टेशन
जवाब में वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सरकार ने किसी भी आरोपी को बचाने की कोशिश नहीं की है और न ही किसी का नाम जानबूझकर छिपाया गया है। उन्होंने कहा कि वन विभाग पूरी सक्रियता के साथ कार्रवाई कर रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। चर्चा के दौरान डॉ. महंत ने यह भी आरोप लगाया कि टाइगर रिजर्व में चोरी की घटना के दौरान कैमरे करीब दो घंटे तक बंद रहे। उन्होंने सरकार के लिखित जवाब का हवाला देते हुए कहा कि पिछले 30 महीनों में छह बाघों की मौत हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर प्रदेश में बाघों की तस्करी और शिकार हो रहा है तो निगरानी व्यवस्था इतनी कमजोर क्यों है और कैमरे बंद होने जैसी स्थिति कैसे बनी। (Tiger Poaching Case)
इंद्रावती टाइगर रिजर्व में कुल 126 कैमरे: वन मंत्री
वन मंत्री केदार कश्यप ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि टाइगर रिजर्व में कैमरे बंद नहीं हुए थे और उनमें कोई तकनीकी खराबी भी नहीं आई थी। उन्होंने बताया कि इंद्रावती टाइगर रिजर्व में कुल 126 कैमरे लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। मंत्री ने कहा कि प्रदेश में बाघों की संख्या बढ़ रही है और सरकार वन्यजीव संरक्षण के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रही है। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि मामले में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने भी सरकार से इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघों की वर्तमान संख्या और वहां के वार्षिक बजट की जानकारी मांगी।
इंद्रावती टाइगर रिजर्व में पांच बाघों की पुष्टि: मंत्री कश्यप
इस पर वन मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि साल 2022 के आकलन के मुताबिक इंद्रावती टाइगर रिजर्व में पांच बाघों की पुष्टि हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि छह बाघों की खाल बरामद हुई हैं, लेकिन यह अभी तक प्रमाणित नहीं हुआ है कि वे सभी इंद्रावती टाइगर रिजर्व के ही बाघों की हैं। मंत्री ने बताया कि इंद्रावती टाइगर रिजर्व के संरक्षण, निगरानी और संचालन पर प्रतिवर्ष लगभग 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाते हैं। इस मुद्दे पर सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। विपक्ष ने बाघों की सुरक्षा व्यवस्था और वन विभाग की निगरानी प्रणाली पर सवाल उठाए, जबकि सरकार ने दावा किया कि वन्यजीव संरक्षण के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं और किसी भी प्रकार की लापरवाही या दोषियों को संरक्षण नहीं दिया जाएगा। (Tiger Poaching Case)



