Google Analytics —— Meta Pixel

आज संसद से चुनाव आयोग तक मार्च करेंगे INDIA गठबंधन के सांसद, सत्ता पक्ष ने बताया नाटक

INDIA Alliance MPs: बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान ‘मतदाता धोखाधड़ी’ के आरोपों के विरोध में INDIA गठबंधन के सांसद आज संसद से चुनाव आयोग कार्यालय तक मार्च करेंगे। पहले यह मार्च 8 अगस्त को आयोजित होने वाला था, लेकिन झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन के बाद इसे टाल दिया गया था। इसके मद्देनजर दिल्ली में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और परिवहन भवन के बाहर बैरिकेड्स लगा दिए गए हैं। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि राहुल गांधी, गांधी जी के दिखाए गए मार्ग पर चल रहे हैं। चुनाव आयोग विचार करने को तैयार नहीं है। सभी जानते हैं कि चुनाव आयोग किसके दबाव में है। गांधी जी ने जिस तरह आजादी के लिए डांडी मार्च किया था, वैसे ही हम भी लोकतंत्र बचाने के लिए संसद से निर्वाचन आयोग तक मार्च करेंगे।

यह भी पढ़ें:- ऑपरेशन सिंदूर तीनों सेनाओं की एकजुटता का सबूत, युद्ध में सफल होने के लिए बड़े बदलावों को समझना जरूरी: CDS जनरल अनिल चौहान

समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने कहा कि दिल्ली की सड़कों पर घूमने के लिए संसद सदस्यों को किसी की इजाजत की कोई आवश्यकता नहीं है। अगर संसद सदस्यों के घूमने से खतरा है तो फिर सारी व्यवस्था खराब है। चुनाव आयोग ने सुप्रीम कोर्ट में कहा है कि अगर वोटर लिस्ट से किसी का नाम काट दिया जाए तो उसकी वजह बतानी जरूरी नहीं है। समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने कहा कि इस बहरी और गूंगी सरकार और उसके संगठनों को जगाने के लिए सड़कों पर उतरने का समय आ गया है। यह तो बस शुरुआत है। अगर न्याय नहीं मिला तो हम एक बड़ी क्रांति की योजना बनाएंगे। समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि जब सरकार आम जनता की आवाज को सुनना बंद कर देती है, सदन में सांसदों की आवाज को भी सुनना बंद कर देती है, तो मजबूरी हो जाती है कि हम जनता को बताने के लिए मार्च का आयोजन करें। हम आज मार्च करेंगे और चुनाव आयोग कार्यालय जाएंगे। (INDIA Alliance MPs)

सदन में आवाज नहीं सुनी जा रही: राजीव राय

सपा सांसद राजीव राय ने कहा कि लोकतंत्र में जब सदन में आवाज नहीं सुनी जाती तो लोहिया जी कहते थे कि जब सड़कें खामोश हो जाती हैं, तो सदन आवारा हो जाता है। अब हमारे पास आगे आकर सरकार को आईना दिखाने और चुनाव आयोग को यह बताने के अलावा कोई विकल्प नहीं है कि वे लोकतंत्र के साथ किस तरह का अन्याय कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी प्रमुख और लोकसभा सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग पर पहली बार नहीं बल्कि पहले भी कई बार उंगली उठ चुकी है। उत्तर प्रदेश के चुनाव को लेकर सपा ने कई बार अपनी बात रखी थी। पिछली बार उपचुनाव में भी जो धांधली हुई थी, उसे लेकर भी शिकायत की गई थी कि सरकार ने अधिकारियों के माध्यम से वोट की चोरी नहीं बल्कि वोट की लूट की थी। सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि आज पैदल मार्च की योजना है और इसकी इसलिए जरूरत पड़ी, क्योंकि आज लोकतंत्र पूरी तरह से खतरे में है। भाजपा की वर्तमान सरकार लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है, बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान को खत्म करना चाहती है। (INDIA Alliance MPs)

आयोग को स्पष्ट जवाब देने की जरूरत: गौरव

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि चुनाव आयोग को स्पष्ट जवाब देने की जरूरत है। हमने पहले भी चुनाव आयोग के साथ बैठकें की हैं, उन्होंने सुना लेकिन वे अपने जवाब नहीं दे पाए। शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि आज प्रत्येक देशवासी के मन में चुनाव आयोग से सवाल है, जिस तरह चुनाव आयोग लगातार अपनी जवाबदेही से बच रहा है और विपक्ष को धमकियां देकर चुप कराने की कोशिश कर रहा है, यह सही नहीं है। लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बीच महाराष्ट्र में 48 लाख मतदाता जुड़े थे। चुनाव आयोग को इसका जवाब देना चाहिए। इस पर भाजपा सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा कि वे पहले दिन से ही सदन चलने नहीं दे रहे हैं। राहुल गांधी जिस तरह चुनाव आयोग पर आरोप लगा रहे हैं उस पर चुनाव आयोग सबूत मांग रहा है कि अगर आपके पास कोई सबूत हो तो वह दिखाएं। तेजस्वी यादव के पास खुद 2 EPIC कार्ड हैं। जनता के कल्याण के लिए जो योजनाएं हैं, उन पर चर्चा करनी चाहिए। (INDIA Alliance MPs)

विपक्षी नेताओं के पास कोई काम नहीं: दिलीप घोष

भाजपा नेता दिलीप घोष ने कहा कि राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं के पास कोई काम नहीं है, जहां चुनाव है, वहां कोई मुद्दा नहीं है। चुनाव आयोग के खिलाफ उनकी सभी शिकायतें निराधार साबित हो रही हैं।लोगों को भ्रमित करने का प्रयास वो पहले भी कर चुके हैं, अब भी वो ही कर रहे हैं, लेकिन उससे कुछ होने वाला नहीं है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि चुनाव आयोग पर सवाल उठाना ठीक नहीं है और जब चुनाव के नतीजे उनके पक्ष में होते हैं तो EVM और चुनाव आयोग सही होते हैं, लेकिन जब वे हार जाते हैं तो सारा दोष चुनाव आयोग पर डाल देते हैं। भाजपा सांसद प्रताप चंद्र सारंगी ने कहा कि जैसा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कुछ लोग आंदोलनजीवी हैं, ये लोग आंदोलन के बिना नहीं रह सकते। अगर जीने के लिए उन्हें कुछ नाटक करना है तो करने दीजिए। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी एक गैर मुद्दे को मुद्दा बनाते हैं, चुनाव आयोग ने उन्हें जो नोटिस दिया है वह उचित है। एक संवैधानिक संस्था को इतना बदनाम करने का उनका प्रयास निंदनीय है। (INDIA Alliance MPs)

कांग्रेस पार्टी अपनी जमीन खो चुकी: अपर्णा यादव

उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने कहा कि राहुल गांधी अपना आधार बनाने की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि कांग्रेस पार्टी अपनी जमीन खो चुकी है। मैं बस इतना कहूंगी कि 2017 में भी समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस पार्टी से हाथ मिलाया था, लेकिन उत्तर प्रदेश को उनका यह साथ पसंद नहीं आया था। शिवसेना नेता शाइना एनसी ने कहा कि INDI ब्लॉक जो आंदोलन करना चाहता है वह कर सकता है। वे आंदोलन क्यों कर रहे हैं, यह उन्हें भी नहीं पता है। वे बार-बार कहते हैं कि वोटर लिस्ट में धांधली हुई है लेकिन चुनाव आयोग ने पारदर्शिता के साथ जवाब दिए हैं। ये सिर्फ बेबुनियादी आरोप है। JDU नेता के.सी. त्यागी ने कहा कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं और उन्हें सरकार की नीतियों की आलोचना करने की स्वतंत्रता है लेकिन संवैधानिक संस्थाओं को लेकर सड़क पर आने के लिए हम उनके खिलाफ हैं। (INDIA Alliance MPs)

चुनाव आयोग किसी को जीता या हरा नहीं सकता: किशोर

वहीं लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के चुनाव आयोग पर आरोप को लेकर महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने पत्र लिखा है। साथ ही उनसे अनुरोध किया है कि वे हस्ताक्षरित घोषणा/शपथ 10 दिनों के भीतर कार्यालय को वापस कर दें, ताकि जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 और मतदाता पंजीकरण नियम, 1960 के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई शुरू की जा सके। इसी तरह हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने भी राहुल गांधी को पत्र लिखा है। इधर, जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने चुनाव आयोग पर कहा कि कई लोगों के पास दो-दो EPIC नंबर हैं। हाल ही में राहुल गांधी ने खुलासा किया कि कर्नाटक के एक विधानसभा क्षेत्र में 40,000 से ज्यादा लोगों के पास एक से ज्यादा EPIC नंबर है। चुनाव आयोग को इसका जवाब देना चाहिए, लेकिन चुनाव आयोग किसी को चुनाव जीता या हरा नहीं सकता है। ये जनता का काम है। चुनाव आयोग चाहे जितनी भी कोशिश कर ले, अगर बिहार की जनता ने ठान लिया है तो वह सरकार हटाकर ही मानेगी। (INDIA Alliance MPs)

Back to top button
error: Content is protected !!