Google Analytics —— Meta Pixel

मेक्सिको में बड़ा रेल हादसा, पटरी से उतरी ट्रेन, 13 लोगों की मौत, 98 घायल

Train Accident in Mexico: मेक्सिको के दक्षिणी राज्य ओअक्साका में भीषण रेल हादसा हुआ है, जहां एक यात्री ट्रेन पटरी से उतर गई, जिससे ट्रेन का इंजन और कई बोगियां पलट गई। इस हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 98 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसा उस समय हुआ जब ट्रेन चिवेला और निजांडा कस्बों के बीच एक मोड़ से गुजर रही थी। यह ट्रेन मेक्सिको की खाड़ी और प्रशांत महासागर को जोड़ने वाले नए रेलमार्ग पर चल रही थी, जिसका संचालन मैक्सिकन नौसेना की ओर से किया जाता है।

यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh : 4.5 लाख कर्मचारी आज से हड़ताल पर – सरकार की मुश्किलें बढ़ीं

मैक्सिकन नौसेना के मुताबिक हादसे के वक्त ट्रेन में कुल 250 लोग सवार थे, जिनमें 9 क्रू मेंबर भी शामिल थे। ट्रेन के पटरी से उतरते ही इंजन पलट गया और कई बोगियां एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घायलों में से 36 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाउम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि पांच घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। राष्ट्रपति ने वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत हादसे की जगह भेजने और मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

 

ओअक्साका राज्य के गवर्नर सलोमोन जारा ने X पर पोस्ट कर बताया कि कई सरकारी एजेंसियां मौके पर पहुंच चुकी हैं और राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया है। मेक्सिको की अटॉर्नी जनरल अर्नेस्टिना गोदॉय रामोस ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि इस रेल दुर्घटना की आधिकारिक जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी टीमों को लगाया गया है। यह ट्रेन सेवा प्रशांत महासागर के सालिना क्रूज बंदरगाह से लेकर अटलांटिक महासागर तक लगभग 290 किलोमीटर की दूरी तय करती है।

यह रेल मार्ग मेक्सिको के महत्वाकांक्षी इंटरोशियनिक कॉरिडोर प्रोजेक्ट का हिस्सा है। इस इंटरोशियनिक ट्रेन सेवा का उद्घाटन 2023 में तत्कालीन राष्ट्रपति एंद्रेस मैनुअल लोपेज ओब्राडोर ने किया था। इसका उद्देश्य मेक्सिको के दक्षिणी हिस्से में रेल यात्रा को बढ़ावा देना और तेहुआंतेपेक इस्त्मस क्षेत्र में बुनियादी ढांचे का विकास करना था। सरकार की योजना इस क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए रणनीतिक कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की है, ताकि दोनों महासागरों को बंदरगाहों और रेल नेटवर्क के ज़रिये जोड़ा जा सके। हादसे के बाद रेल सेवा बुरी तरह प्रभावित हुई है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और बचाव कार्य पूरा होने के बाद ही यातायात बहाल किया जाएगा।

Back to top button
error: Content is protected !!