Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में बारिश का कहर, हाई अलर्ट पर सरकार, कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात, जनजीवन प्रभावित

Trouble Caused By Rain: छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। नदियां और नाले उफान पर हैं, कई प्रमुख सड़कें बंद हो गई हैं, निचले इलाकों में जलभराव है और कई गांवों का संपर्क जिला मुख्यालयों से टूट गया है। हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी जिला कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों और संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि जन सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और राहत-बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने रेड और येलो अलर्ट वाले जिलों में विशेष सतर्कता बरतने, संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने समेत जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। 

यह भी पढ़ें:- महानदी विवाद नहीं, छत्तीसगढ़-ओडिशा की साझा समृद्धि का आधार बने: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

उन्होंने राहत शिविरों में भोजन, पेयजल, दवाइयां, बिजली, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ वृद्धों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांगजनों की विशेष देखभाल करने को कहा है। उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, होमगार्ड, नगर सेना, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग समेत सभी एजेंसियों को समन्वय के साथ काम करने और नावों, राहत सामग्री के साथ अन्य संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने तथा प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। लगातार बारिश के कारण राजधानी रायपुर की खारुन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। महादेवघाट पर नदी का रौद्र रूप देखने के लिए लोगों की भीड़ पहुंच रही है, जबकि प्रशासन लोगों से नदी किनारे अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील कर रहा है। दूसरी ओर निचले इलाकों में जलभराव का खतरा भी बढ़ गया है।

नारायणपुर में जिला मुख्यालय बना टापू

नारायणपुर जिले में लगातार बारिश के चलते कई जगहों पर बड़े पेड़ गिरने से सड़कें बंद हो गईं और जिला मुख्यालय कुछ समय के लिए टापू जैसा नजर आया। अबूझमाड़ क्षेत्र में कई गांवों का संपर्क टूट गया। प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर धौड़ाई क्षेत्र के चिकपाल में फंसे 16 लोगों समेत ब्रेहबेड़ा पुल पर फंसे तीन लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया। लगातार बारिश को देखते हुए जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया। प्रशासन का कहना है कि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है, हालांकि कई ग्रामीण इलाकों का संपर्क अब भी बाधित है। बीजापुर में लगातार बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। इस बीच रेड्डी गांव में फंसी एक बीमार बच्ची और महिला को नगर सेना की टीम ने जोखिम उठाकर सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया, जिससे समय पर उनका इलाज संभव हो सका। लगातार जारी मूसलाधार बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने 31 जुलाई और 1 अगस्त को सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। इससे पहले विधायक विक्रम मंडावी ने भी स्कूलों में छुट्टी की मांग की थी।

बस्तर में जोखिम उठा रहे लोग

बस्तर जिले में नारंगी नदी और बड़े आमबाल पुल के ऊपर से तेज बहाव के साथ पानी गुजर रहा है। इसके बावजूद कुछ युवक उफनती धारा में उतरकर बहकर आ रही सूखी लकड़ियां निकालते नजर आए। स्थानीय लोगों ने इसे बेहद खतरनाक बताते हुए प्रशासन से ऐसे लोगों को रोकने की मांग की है। बिलासपुर जिले के सीपत-बलौदा मार्ग पर लगातार बारिश के कारण सड़क बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है। भारी वाहनों की लंबी कतार लगने से कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी रही। छोटे वाहन भी घंटों फंसे रहे। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने संबंधित विभागों को तत्काल गड्ढे भरने, अस्थायी मरम्मत और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसी जिले में रतनपुर थाना क्षेत्र में पेड़ पर चारा तोड़ते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से चरवाहे पुन्नी धीवर की मौत हो गई। वहीं चकरभाठा क्षेत्र में इलेक्ट्रिक चाक पर काम कर रहे कुम्हार अमित प्रजापति की करंट लगने से मौत हो गई। दोनों मामलों की पुलिस जांच कर रही है।

कोंडागांव में मासूम की मौत से आक्रोश

कोंडागांव के कोपाबेड़ा जलाशय के निर्माणाधीन सौंदर्यीकरण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों की कमी एक बार फिर भारी पड़ गई। 6 साल की चांदनी नाग निर्माणाधीन नाले में फिसलकर डूब गई, जिससे उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सालों से अधूरा पड़ा निर्माण कार्य बिना बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड के चल रहा है। इससे पहले भी यहां एक बच्चे की मौत हो चुकी है। लोगों ने दोषी ठेकेदार और अधिकारियों पर कार्रवाई, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। थाना प्रभारी ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बारिश के कारण कोंडागांव-नारायणपुर मार्ग भी बंद है और कई निचली बस्तियों में पानी भर गया है। गरियाबंद जिले में सिकासार जलाशय से 58 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने से महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। त्रिवेणी संगम स्थित बाबा कुलेश्वरनाथ मंदिर तक पानी पहुंच गया, जिससे कई सालों का रिकॉर्ड टूट गया। जिला प्रशासन ने तटीय क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।

बलौदाबाजार में रिसोर्ट में फंसे लोग

महानदी का जलस्तर बढ़ने से बल्दाकछार स्थित एक निजी रिसोर्ट में 24 लोग फंस गए। नगर सेना की टीम मौके पर पहुंचकर महिलाओं, बच्चों, पर्यटकों और कर्मचारियों को सुरक्षित निकालने में जुटी रही। देर तक रेस्क्यू अभियान जारी रहा। पखांजूर में उफनते नाले के बावजूद सैकड़ों लोग मछली पकड़ने पहुंच गए। करीब तीन फीट ऊपर से पानी बहने के बावजूद लोग जाल डालते और बहाव के बीच उतरते दिखाई दिए। मौके पर प्रशासन की अनुपस्थिति पर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। वहीं लगातार बारिश से कोटरी और कोरकसा नदियां उफान पर हैं। कई पुलों के ऊपर से पानी बहने के कारण संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं और कई कच्चे मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। कांकेर जिले के इच्छापुर गांव में लगातार बारिश के बीच एक बड़ा पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क पर गिर गया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी है। (Trouble Caused By Rain)

खैरागढ़ में ट्रैफिक जवान बना मिसाल

खैरागढ़ में बारिश से सड़क पर बने जानलेवा गड्ढों को भरने कोई विभाग नहीं पहुंचा तो यातायात जवान शाहिल राजपूत खुद मुरूम और मिट्टी डालकर गड्ढे भरने लगे, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके। इस पहल की स्थानीय लोग सराहना कर रहे हैं। कबीरधाम जिले के मगरदा गांव में मुक्तिधाम में शेड नहीं होने के कारण एक परिवार को मूसलाधार बारिश के बीच तिरपाल और छतरियों के सहारे अपने परिजन का अंतिम संस्कार करना पड़ा। घटना का वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों ने मुक्तिधाम में शेड और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। लगातार बारिश के बीच राज्य सरकार और जिला प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अलग-अलग जिलों में राहत और बचाव दल तैनात किए गए हैं और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि उफनते नदी-नालों और जलमग्न पुलों को पार करने का प्रयास न करें, अनावश्यक रूप से नदी किनारे न जाएं और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन, पुलिस या नगर सेना को सूचना दें। मौसम विभाग के मुताबिक अगर बारिश का सिलसिला जारी रहा तो आने वाले घंटों में कई जिलों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

Back to top button
error: Content is protected !!