ट्रंप के भारत-US व्यापार वार्ता पर पोस्ट और PM मोदी की प्रतिक्रिया पर सियासी हलचल तेज, जानिए किसने क्या कहा ?

Trump Post on India: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता को फिर से शुरू करने को लेकर किए गए पोस्ट और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिक्रिया पर भारतीय राजनीतिक गलियारों में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिली है। पूर्व विदेश राज्य मंत्री एम.जे. अकबर से लेकर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, शिवसेना और कई अन्य नेताओं ने इस मुद्दे पर अपनी राय रखी है। पूर्व विदेश राज्य मंत्री एम.जे. अकबर ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप का बदला हुआ मूड, बदली हुई भाषा और लहजा इस बात का प्रमाण है कि प्रधानमंत्री मोदी की स्वदेशी विदेश नीति कितनी प्रभावशाली रही है। जब प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट रुख अपनाया कि भारत को धमकाया नहीं जा सकता तो यह संदेश साफ था कि दोहरे मापदंड नहीं चलेंगे। भारत ने स्वतंत्रता किसी व्यापार सौदे की छोटी रियायतों के बदले आत्मसमर्पण के लिए नहीं ली थी। ट्रंप और मोदी के ट्वीट से यह भी स्पष्ट है कि भारत और अमेरिका मित्र हैं और मित्रों के बीच संवाद से मतभेद सुलझते हैं।
यह भी पढ़ें:- अंधविश्वास या मानसिक बीमारी! नवजात को मां ने रखा फ्रिज में, दादी ने बचाई जान, पढ़े पूरी खबर
उन्होंने यह भी कहा कि NSA अजीत डोभाल का बैकचैनल डिप्लोमेसी में महत्वपूर्ण योगदान है, और यह रणनीति सकारात्मक प्रभाव डाल रही है। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि भारत-अमेरिका संबंध आज के नहीं हैं। पंडित नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, नरसिंह राव, मनमोहन सिंह और अटल बिहारी वाजपेयी ने इन संबंधों को मजबूत किया, लेकिन मोदी सरकार ने पारंपरिक नीति को छोड़ते हुए ‘हाउडी मोदी’, ‘नमस्ते ट्रंप’ और ‘अगली बार ट्रंप सरकार’ जैसे कार्यक्रमों से संबंधों को चुनावी रूप दे दिया। अब जो भी बातचीत हो, वह सिर्फ मोदी और ट्रंप के बीच नहीं, बल्कि भारत और अमेरिका के हितों पर आधारित होनी चाहिए। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
सतर्कता बरतने की सलाह
कांग्रेस सांसद ने कहा कि यह तब तक पूरा नहीं होता जब तक यह पूरा न हो जाए। ट्रंप कल ही कुछ अलग पोस्ट कर सकते हैं। जब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आता, तब तक कुछ भी मानना जल्दबाजी होगी। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि ट्रंप ‘विश्व गुरु’ बनना चाहते हैं। हमारी सरकार को लोगों से अमेरिकी सामान न खरीदने की अपील करनी चाहिए थी। शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जिस तरह भारत प्रगति कर रहा है, हर देश भारत से अच्छे संबंध बनाना चाहता है। बिहार के मंत्री जीवेश मिश्रा ने कहा कि नरेंद्र मोदी का नाम ही काफी है। वह सिद्धांत और ईमानदारी के साथ राजनीति करते हैं। दुनिया उनके सामने झुकती है, बस कोई हो जो झुकवाना जानता हो।
अर्थशास्त्री प्रो. यशवीर त्यागी ने दी सतर्क रहने की सलाह
यूपी के मंत्री संजय निषाद ने कहा कि GST और टैरिफ में बदलाव किया गया है। आवश्यक वस्तुओं पर कर घटाया गया है और विलासिता की वस्तुओं पर कर बढ़ाया गया है। भारत अब उभरती ताकत बन चुका है और अमेरिका उसे नजरअंदाज नहीं कर सकता। केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि “मोदी है तो मुमकिन है”। इधर, अर्थशास्त्री प्रोफेसर यशवीर त्यागी ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक, आर्थिक और रणनीतिक संबंध व्यापक हैं। दोनों देशों के हित में है कि अच्छे संबंध बनाए रखें। लेकिन भारत को सजग और सतर्क रहना चाहिए। भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता की बहाली पर ट्रंप और मोदी के बयान को लेकर देश की राजनीति में गर्माहट देखी जा रही है, जहां एक ओर भाजपा नेताओं ने मोदी की विदेश नीति की सराहना की। वहीं विपक्ष ने इसे लेकर सवाल भी उठाए और कहा कि वार्ता राष्ट्रहित में होनी चाहिए, न कि व्यक्तिगत संबंधों के आधार पर।



