Google Analytics —— Meta Pixel

धान खरीदी में सुगमता के लिए ‘तुहर टोकन मोबाइल एप’ शुरू, किसानों को मिलेगी घर बैठे टोकन सुविधा, समितियों में लंबी कतारों से मिलेगी मुक्ति

Tuhar Token Mobile App: छत्तीसगढ़ में किसानों को धान बेचने सुगम और बेहतर व्यवस्था प्रदाय करने खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में ‘तुहर टोकन मोबाइल एप’ शुरू किया है। इस एप के माध्यम से किसानों को घर बैठे धान बेचने के लिए टोकन की व्यवस्था उपलब्ध होगी, जिससे समितियों में लंबी कतारों से मुक्ति मिलेगी। यह मोबाइल एप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। इस एप में किसानों को सबसे पहले आधार आधारित ओटीपी के माध्यम से पंजीयन करना होगा। किसान रोजाना सुबह 8 बजे से इस एप के माध्यम से टोकन के लिए आवेदन कर सकेंगे।

यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh News : कार से 3 करोड़ रुपये कैश बरामद, बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हवाला लेन-देन की आशंका

खाद्य सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले ने जानकारी दी कि धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीमांत कृषक (2 एकड़ या 2 एकड़ से कम भूमि) को अधिकतम 1 टोकन, लघु कृषक (2 से 10 एकड़ तक) को अधिकतम 2 टोकन और दीर्घ कृषक (10 एकड़ से अधिक) को अधिकतम 3 टोकन प्रदान किए जाएंगे। नया टोकन बनाने के लिए समय-सीमा रविवार से शुक्रवार तक (सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक) निर्धारित की गई है। जारी टोकन 7 खरीदी दिनों के लिए मान्य रहेंगे। (Tuhar Token Mobile App)

मोबाइल एप के माध्यम से टोकन के लिए आरक्षित

धान खरीदी केंद्र की प्रतिदिन की खरीदी सीमा का 70 प्रतिशत हिस्सा मोबाइल एप के माध्यम से टोकन के लिए आरक्षित रहेगा। इस 70 प्रतिशत में से लघु और सीमांत कृषक के लिए 80 प्रतिशत समेत दीर्घ कृषक के लिए 20 प्रतिशत का आरक्षण किया गया है। उदाहरण स्वरूप अगर किसी उपार्जन केंद्र की प्रतिदिन की खरीदी सीमा 1000 क्विंटल है तो मोबाइल एप के लिए आरक्षित 700 क्विंटल में से 560 क्विंटल लघु और सीमांत कृषकों के लिए और 140 क्विंटल दीर्घ कृषकों के लिए आरक्षित रहेगा। (Tuhar Token Mobile App)

सोसाइटी स्तर पर 30 प्रतिशत टोकन 

शेष 30 प्रतिशत टोकन सोसाइटी स्तर पर भी किसानों के लिए उपलब्ध रहेंगे, जिससे सभी वर्ग के किसानों को धान विक्रय के लिए सहज और सुगम व्यवस्था प्राप्त हो सके। खाद्य विभाग की ओर से विकसित ‘तुहर टोकन मोबाइल एप’ राज्य के किसानों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से सशक्त बनाते हुए खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता, समान अवसर और समय की बचत सुनिश्चित करेगा। (Tuhar Token Mobile App)

Back to top button
error: Content is protected !!