Google Analytics —— Meta Pixel

भारत ने युद्ध और आतंकवाद जैसी चुनौतियों से निपटने का रोडमैप किया पेश, रक्षा मंत्री ने 4C सिद्धांत पर दिया जोर

UNFCCC conference in Delhi: भारत पहली बार संयुक्त राष्ट्र सैन्य योगदानकर्ता देशों (UNTCC) के शांति सेना प्रमुखों के सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। नई दिल्ली के मानेकशॉ सेंटर में 14 से 16 अक्टूबर तक चलने वाले इस सम्मेलन का शुभारंभ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया। इस अवसर पर उन्होंने4C सिद्धांत यानी Consultation (परामर्श), Cooperation (सहयोग), Coordination (समन्वय) और Capacity Building (क्षमता निर्माण) को शांति स्थापना की नई दिशा बताया। राजनाथ सिंह ने कहा कि आज के शांति अभियानों के सामने विषम युद्ध, आतंकवाद, राजनीतिक अस्थिरता, मानवीय संकट और दुष्प्रचार अभियानों जैसी नई चुनौतियां हैं। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों में शांति सैनिकों को कठिन हालात में भी संतुलन बनाए रखना होता है।

यह भी पढ़ें:- कुछ देश अपना दबदबा बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय नियमों का कर रहे उल्लंघन: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री ने सदस्य देशों, विशेषकर तकनीकी रूप से उन्नत राष्ट्रों, से आग्रह किया कि वे सैनिकों, पुलिस, तकनीक और उपकरणों के माध्यम से शांति अभियानों को अधिक सक्षम बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षित संचार, निगरानी प्रणाली और मानवरहित तकनीकें इन अभियानों को अधिक प्रभावी बना सकती हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि मौजूदा बहुपक्षीय ढांचे समकालीन चुनौतियों के अनुरूप नहीं हैं। इसलिए, संयुक्त राष्ट्र में व्यापक सुधार जरूरी हैं, ताकि यह संस्था विश्वास के संकट से उभर सके। उन्होंने कहा कि हमें ऐसा सुधारित बहुपक्षवाद चाहिए जो वास्तविकताओं को प्रतिबिंबित करे, सभी हितधारकों को आवाज़ दे और मानव कल्याण पर केंद्रित हो। (UNFCCC conference in Delhi)

भारत की शांति स्थापना में भूमिका

भारत अब तक 50 से ज्यादा संयुक्त राष्ट्र अभियानों में 2.9 लाख से ज्यादा भारतीय सैनिकों को भेज चुका है। कांगो, कोरिया, दक्षिण सूडान और लेबनान जैसे देशों में भारतीय सैनिकों ने साहस और करुणा से सेवा दी है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत हमेशा संयुक्त राष्ट्र की शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। हम अनुभव साझा करने और सुधारों के समर्थन के लिए तैयार हैं। रक्षा मंत्री ने महिला शांति सैनिकों की भागीदारी को सबसे प्रेरणादायक बदलाव बताया। उन्होंने याद दिलाया कि 2007 में लाइबेरिया में तैनात भारतीय महिला पुलिस इकाई वैश्विक सशक्तिकरण का प्रतीक बनी। आज भी भारतीय महिलाएं दक्षिण सूडान, गोलन हाइट्स और लेबनान में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। (UNFCCC conference in Delhi)

उन्होंने कहा कि 2024 में एक भारतीय महिला शांति सैनिक को कांगो में सेवा के लिए संयुक्त राष्ट्र सैन्य लैंगिक अधिवक्ता पुरस्कार मिला। यह भारत के योगदान की पहचान है। राजनाथ सिंह ने बताया कि आत्मनिर्भर भारत के तहत देश ने कम लागत वाली स्वदेशी तकनीकें विकसित की हैं- जैसे थल गतिशीलता प्लेटफॉर्म, मानव रहित हवाई वाहन, सुरक्षित संचार और निगरानी प्रणाली, जो शांति अभियानों को और मजबूत बनाएंगी। उन्होंने कहा कि भारत की शांति की अवधारणा महात्मा गांधी के सिद्धांतों सत्य, अहिंसा और न्याय पर आधारित है। शांति का अर्थ केवल युद्ध का अभाव नहीं, बल्कि न्याय और नैतिक शक्ति की स्थापना है। इस ऐतिहासिक सम्मेलन में 32 देशों के सैन्य प्रतिनिधि शामिल हुए हैं, जिनमें अल्जीरिया, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, भूटान, फ्रांस, इथियोपिया, नेपाल, श्रीलंका, वियतनाम सहित कई राष्ट्र शामिल हैं।

सम्मेलन में अल्टरनेटिव डिफेंस एक्जिबिशन भी लगाई गई है, जहां साझा क्षमता निर्माण और तकनीकी सहयोग पर ध्यान केंद्रित किया गया है। सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने अपने स्वागत भाषण में भारत की शांति स्थापना में दीर्घकालिक भूमिका का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत का संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना केंद्र, जो 90 से ज्यादा देशों को प्रशिक्षण दे चुका है, परिचालन उत्कृष्टता और नवाचार का केंद्र है। सम्मेलन में शांति अभियानों के अवर महासचिव जीन पियरे लैक्रोइक्स, सीडीएस जनरल अनिल चौहान, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह और भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत पार्वथानेनी हरीश उपस्थित रहे। इस उच्च-स्तरीय सम्मेलन के माध्यम से भारत ने यह संदेश दिया है कि उसकी विश्व गुरु की आकांक्षा प्रभुत्व की नहीं, बल्कि सहयोग और समावेशी प्रगति की है। भारत का यह प्रयास ‘वसुधैव कुटुम्बकम समस्त विश्व एक परिवार है’ की भावना को सशक्त करता है।

Back to top button
error: Content is protected !!