यूनिसेफ के जूनियर चीफ विलियम हेनलोन से मिले डिप्टी CM अरुण साव, इन मुद्दों पर हुई चर्चा

UNICEF Team Meet Sao: डिप्टी CM अरुण साव ने अपने निवास कार्यालय में यूनिसेफ छत्तीसगढ़-ओडिशा के जूनियर चीफ विलियम हेनलोन से मुलाकात की। साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ में जल जीवन मिशन और अन्य विकास कार्यों की जानकारी दी। डिप्टी CM साव और यूनिसेफ की टीम के बीच जल और इससे जुड़ी परियोजनाओं के क्रियान्वयन में कार्पोरेट सेक्टर की सहभागिता के लिए ‘जल कोष’ के गठन के संबंध में चर्चा हुई। डिप्टी CM ने विलियम हेनलोन और उनकी टीम के सदस्यों वॉश एंड क्लाइमेट स्पेश्लिस्ट श्वेता पटनायक समेत वॉश प्रोग्राम ऑफिसर बिरोजा सतपथी को छत्तीसगढ़ के विकास के लिए यूनिसेफ द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों में राज्य शासन द्वारा पूरा सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर साझा प्रयासों के बारे में भी चर्चा की।
यह भी पढ़ें:- CM हाउस में दूसरे जनदर्शन का आयोजन, आज फिर लोगों की समस्या सुनेंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने सरगुजा संभाग में स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए यूनिसेफ को आमंत्रित किया है। इस सहयोग के तहत यूनिसेफ मुख्य रूप से नवगठित जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में तकनीकी सहयोग प्रदान करेगा। जुलाई 2024 से जुलाई 2026 तक 2 साल के इस कार्यक्रम का शुभारंभ स्वास्थ्य मंत्री और मनेन्द्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों से किया जा रहा है। उनके मार्गदर्शन में इस परियोजना का वृहद क्रियान्वयन किया जाएगा। (UNICEF Team Meet Sao)


यूनिसेफ मुख्य रूप से नवनिर्मित जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में न सिर्फ स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग प्रदान करेगा बल्कि स्वास्थ्य समेत पोषण को प्रभावित करने वाले अन्य घटकों जैसे शिक्षा, स्वच्छता, बाल संरक्षण और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में भी कार्य करेगा, जिसमें जिला स्तर पर सभी विभाग उचित वित्तीय और प्रशासनिक सहयोग प्रदान करेंगे। इस परियोजना के माध्यम से सरगुजा संभाग विशेषकर जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में स्वास्थ्य और पोषण कार्यों को गति मिलेगी। बैठक में यूनिसेफ की ओर से प्रभारी राज्य प्रमुख विलियम हैनलोन , स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ गजेंद्र सिंह और पोषण विशेषज्ञ डॉ अपर्णा देशपांडे उपस्थित थे। (UNICEF Team Meet Sao)




