
Union Budget 2025: पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने केंद्रीय बजट का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कई अच्छे बिंदुओं को उठाया है, जिससे मध्यम वर्ग समेत विभिन्न क्षेत्रों को लाभ मिलेगा। कृषि क्षेत्र, चिकित्सा क्षेत्र और कई क्षेत्रों को उन्होंने कवर किया है। मैं इस बजट का स्वागत करता हूं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मध्यम वर्ग हमेशा PM मोदी के दिल में है। 12 लाख रुपए की आय तक शून्य आयकर। प्रस्तावित कर छूट मध्यम वर्ग की वित्तीय खुशहाली बढ़ाने में काफी मददगार साबित होगी। उत्तराखंड के CM पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट कर लिखा- मध्यम वर्ग के लिए बड़ी सौगात।
यह भी पढ़ें:- हमारे लिए बजट से ज्यादा महाकुंभ भगदड़ में जान गंवाने वालों के आंकड़े महत्वपूर्ण: सपा सांसद अखिलेश यादव
CM धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी और सशक्त नेतृत्व में केंद्रीय बजट 2025-26 के तहत मध्यम वर्ग को बड़ी राहत देते हुए 12 लाख रुपए की आय को कर मुक्त करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। निश्चित तौर पर इस जनकल्याणकारी निर्णय से मध्यम वर्ग समेत देश का जन-जन लाभान्वित होगा। यह फैसला न सिर्फ आर्थिक विकास को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि लोगों की जीवनशैली में भी सकारात्मक बदलाव लाएगा। भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि गरीबों, मध्यम वर्गीय के लिए और सभी के लिए शानदार बजट पेश किया है। शानदार बजट पेश करने के लिए मैं पीएम मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जी को साधुवाद देना चाहता हूं। (Union Budget 2025)
एक ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनेगा: झा
JDU सांसद संजय कुमार झा ने कहा कि बिहार के लिए सबसे बड़ी घोषणा यह है कि एक ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनेगा। मखाने की वैश्विक मांग है। मखाना बोर्ड के गठन से बहुत लाभ होगा, यह एक बड़ी घोषणा है। पश्चिमी कोसी नहर पूरे मिथिला की लंबे समय से लंबित मांग थी, जिसके लिए वित्त मंत्री ने घोषणा की है। कुल मिलाकर बजट बिहार के लिए सुखद है। मध्यम वर्ग को दी गई कर छूट एक बहुत बड़ी घोषणा है, राहत है। बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जयसवाल ने कहा कि बजट में बिहार की चिंता की गई है। बजट में बिहार के लिए उड़ान योजना के तहत एयरपोर्ट शुरू करने, मेडिकल कॉलेज बनाने और एक्सप्रेस-वे के बारे में चर्चा है। बजट में बिहार का बहुत ख्याल रखा गया है। केंद्र सरकार बिहार के विकास के लिए हर तरह से मदद कर रही है। (Union Budget 2025)
12 लाख तक कोई टैक्स नहीं: सिंधिया
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यह एक विकसित भारत का बजट है। प्रधानमंत्री के संकल्प का और एक नया ऊर्जावान युवा भारत के सपनों को साकार करने का बजट है। हर क्षेत्र को और हर विषय को पूर्ण रूप से अध्ययन करके एक मानचित्र तय किया गया है। 12 लाख तक कोई टैक्स नहीं तो ये कम्पोजिट बजट है, जो भारत को आगे लेकर जाएगा। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने केंद्रीय बजट पर कहा कि पूरे देश के साथ-साथ बिहार को भी प्राथमिकता दी गई है। बिहार में बहुत बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। यह बजट गरीबों, किसानों और मध्यम वर्ग के कल्याण में मदद करने वाला है। यह बजट रोजगार के अवसर प्रदान करने वाला बजट है और PM मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने वाला बजट है। बिहार में मखाना बोर्ड की स्थापना और कोसी क्षेत्र के लिए परियोजना को मंजूरी दी गई है। इससे बहुत मदद मिलेगी। बिहार के कल्याण और विकास के लिए किए गए प्रावधानों के लिए प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को बहुत-बहुत धन्यवाद। (Union Budget 2025)
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया स्वागत
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि PM मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने एक बहुत ही जबरदस्त बजट पेश किया है। विशेष रूप से हमारे मध्यम वर्ग के लिए इसे सपनों का बजट कहा जा सकता है। ऐसा बजट उन्होंने पेश किया है इसलिए मैं उन्हें बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं। भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि वित्त मंत्री ने जो बजट पेश किया है वह बहुत सार्थक बजट है। 12 लाख तक की आय पर कोई टैक्स न लगना गरीब और मध्यम वर्ग के लिए राहत है… यह समावेशी बजट है। दिल्ली में भाजपा पहले से चुनाव जीत रही है, लेकिन हमारे विरोधियों ने जो झूठ का प्रपंच रचा था बजट ने आज उसे पूरी तरह तोड़ दिया है। केंद्रीय मंत्री सुकांतो मजूमदार ने कहा कि यह बजट आम आदमी का बजट है। इसमें महिलाओं, किसानों और युवाओं पर ध्यान दिया गया है। हमारी सरकार ने एमएसएमई के 22 लाख कर्मचारियों को लाभ पहुंचाने का प्रावधान किया है। (Union Budget 2025)
36 दवाओं पर शून्य सीमा शुल्क
केंद्रीय मंत्री मजूमदार ने कहा कि कैंसर और दुर्लभ बीमारियों का इलाज करने वाली 36 दवाओं पर शून्य सीमा शुल्क लगाया गया है। यह बहुत ही क्रांतिकारी कदम है। इससे मध्यम वर्ग और गरीबों को बहुत लाभ होगा। विपक्ष सच से दूर जा रहा है इसलिए वे विपक्ष में है। भारत का पश्चिमी क्षेत्र पूर्वी क्षेत्र से ज्यादा विकसित है इसलिए हमारी सरकार पूर्वोदय का कंसेप्ट लाई है, इस बार बिहार को मिला है, आगे आने वाले समय में ओडिशा, पश्चिम बंगाल को मिलेगा, जिससे पूर्वोत्तर का विकास हो। भाजपा राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि आज का बजट मध्यम श्रेणी के जितने भी नागरिक है उनके लिए स्वर्णिम दिन है। ये मध्यम वर्ग के आय के लिए वरदान सिद्ध हुआ है 12 लाख तक कोई टैक्स नहीं है। हमारा बजटीय घटा कम हो रहा है यह एक अच्छी बात है। कैंसर की दवाइयां कम होगी। (Union Budget 2025)