Google Analytics —— Meta Pixel

ममता सरकार पर जमकर बरसे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, कहा- घुसपैठ सिर्फ बंगाल नहीं, देश की सुरक्षा का सवाल

Home Minister Amit Shah: केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। साथ ही ममता सरकार पर जमकर हमला बोला। शाह ने कहा कि आज 30 दिसंबर का दिन हम सभी भारतीयों के लिए गौरव का दिन है। आज ही के दिन 1943 में बंगाल की भूमि के सुपुत्र, देश के महान स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चंद्र बोस ने पोर्ट ब्लेयर में पहली बार आजाद भारत का झंडा फहराया था। एक प्रकार से यह हमारी आजादी के संग्राम का एक महत्वपूर्ण मुकाम था। दशकों बाद जब हम आज को देखते हैं, तो बंगाल के लिए 30 दिसंबर से लेकर अप्रैल तक का समय महत्वपूर्ण है।

यह भी पढ़ें:- ‘जी-रामजी बिल’ पर कांग्रेस का भ्रम फैलाना अनुचित – अरुण सिंह ने फटकारा

उन्होंने कहा कि अप्रैल में बंगाल में विधानसभा के चुनाव होने जा रहे हैं। भय, भ्रष्टाचार, कुशासन और घुसपैठ की जगह विकास, विरासत और गरीब कल्याण की एक मजबूत सरकार बनाने का बंगाल की जनता का संकल्प दिखाई पड़ता है। टीएमसी के 15 साल के शासन में भय, भ्रष्टाचार, कुशासन और विशेषकर घुसपैठ से बंगाल की जनता भयभीत भी है, आशंकित भी है। हम बंगाल की जनता को आश्वासन भी देना चाहते हैं और वादा भी करते हैं कि मोदी जी के नेतृत्व में बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के साथ ही यहां की विरासत को पुनर्जीवित करेंगे, विकास की गंगा फिर से तेज गति से बहेगी और गरीब कल्याण को प्राथमिकता देंगे। (Home Minister Amit Shah)

बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी: शाह

शाह ने कहा कि 14 सालों से भय और भ्रष्टाचार, बंगाल की पहचान बना हुआ है। 15 अप्रैल 2026 के बाद जब बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी, तब बंग गौरव, बंग संस्कृति और उसके पुनर्जागरण की हम शुरुआत करेंगे। विवेकानंद जी, बंकिम बाबू, गुरुदेव टैगोर, श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों का बंगाल बनाने का प्रयास करेंगे। 2014 के लोकसभा चुनाव में हमें बंगाल में 17 प्रतिशत वोट और दो सीटें मिली थीं। 2016 के विधानसभा चुनाव में हमें 10 प्रतिशत वोट मिले और तीन सीटें मिलीं। 2019 के लोकसभा चुनाव में हमें 41 प्रतिशत वोट मिले और 18 सीटें मिलीं। 2021 के विधानसभा चुनाव में हमें 38 प्रतिशत वोट मिले और 77 सीटें मिलीं, जिस पार्टी को सिर्फ 3 सीटें मिली थीं, उसे पांच साल के अंतराल में 77 सीटें प्राप्त हुईं।

पश्चिम बंगाल में दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाएंगे: शाह

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि कांग्रेस, जिसकी स्थापना ही बंगाल से शुरू हुई, वह कांग्रेस पार्टी शून्य पर पहुंच गई, और 34 वर्षों तक राज करने वाला कम्युनिस्ट गठबंधन भी एक भी सीट प्राप्त नहीं कर पाया, और हम प्रमुख विपक्ष बने। 2024 में नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बने। इसके बाद महाराष्ट्र, हरियाणा, दिल्ली और अब बिहार में भाजपा की सरकारें बनीं। ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भी भाजपा और एनडीए ने सरकारें बनाई हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि 2026 में भाजपा पश्चिम बंगाल में दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी। बंगाल की जनता ने अपना मन बना लिया है। (Home Minister Amit Shah)

घुसपैठ सिर्फ बंगाल का मामला नहीं: अमित शाह

2024 के लोकसभा चुनाव में भी भाजपा ने 39 प्रतिशत वोट प्राप्त किए और 12 सीटें प्राप्त कीं। 2026 में हम निश्चित रूप से प्रचंड बहुमत के साथ बंगाल में भाजपा की सरकार बनाने वाले है। बंगाल की सीमा से हो रही घुसपैठ सिर्फ बंगाल का मामला नहीं है, यह राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला है। देश की संस्कृति को बचाना है, देश की सुरक्षा को सुनिश्चित करना है, तो बंगाल की सीमाओं को सील करने वाली सरकार लानी पड़ेगी। यह टीएमसी नहीं कर सकती, यह सिर्फ भाजपा कर सकती है। सदन में बंकिम बाबू द्वारा रचित वंदे मातरम्, जो स्वतंत्रता आंदोलन का प्रेरणा गीत बना, उस वंदे मातरम् की चर्चा का टीएमसी विरोध कर रही है, क्योंकि वंदे मातरम् की चर्चा का समर्थन करने से टीएमसी का वोट बैंक नाराज हो जाएगा।

असम और त्रिपुरा में घुसपैठ क्यों रुक गई है ?: शाह

अमित शाह ने कहा कि ममता जी आज मैं आपसे एक सीधा सा सवाल पूछना चाहता हूं। कौन सी सरकार सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन देने से इनकार करती है? मैं खुद इसका जवाब देता हूं – यह आपकी सरकार है, जो सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन नहीं देती। फिर मैं यह पूछना चाहता हूं कि घुसपैठिए सबसे पहले बंगाल में ही क्यों घुसते हैं? आपके पटवारी और पुलिस स्टेशन क्या कर रहे हैं? इन घुसपैठियों को वापस क्यों नहीं भेजा जा रहा है ? क्या बंगाल सरकार यह बता सकती है कि असम और त्रिपुरा में घुसपैठ क्यों रुक गई है ? यह सिर्फ बंगाल में हो रहा है क्योंकि यह सब आपकी सरकार के शासनकाल में हो रहा है। आप अपने वोट बैंक को बढ़ाने के लिए बंगाल की जनसंख्या संरचना को बदलना चाहते हैं। (Home Minister Amit Shah)

बंगाल की सीमाओं को सील कर देना चाहिए: शाह 

उन्होंने कहा कि बंगाल की सीमाओं से घुसपैठ सिर्फ राज्य का मुद्दा नहीं है। यह राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला है। अगर हम देश की संस्कृति की रक्षा और सुरक्षा सुनिश्चित करना चाहते हैं, तो हमें ऐसी सरकार बनानी होगी जो बंगाल की सीमाओं को सील कर दे। टीएमसी यह नहीं कर सकती। सिर्फ भाजपा ही कर सकती है। बंगाल की जनता से मेरा करबद्ध निवेदन है कि बंगाल में हमें पूर्ण बहुमत दीजिए। बंगाल और पूरे देश को सुरक्षित करने के लिए भाजपा को जिताइए। आधिकारिक तौर पर यह कहा गया है कि महिलाओं को शाम 7 बजे के बाद घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। हम किस युग में जी रहे हैं? क्या हम मुगल काल में जी रहे हैं? ममता जी यह स्वतंत्र भारत है। महिलाओं को जब चाहे सुरक्षित रूप से घर से बाहर निकलने की स्वतंत्रता सुनिश्चित करना संवैधानिक अधिकार है। आपकी सरकार इस बुनियादी सुरक्षा को प्रदान करने में विफल रही है। एक समय था जब भारत की जीडीपी में बंगाल का योगदान तीसरे स्थान पर था। आज यह 22वें स्थान पर खिसक गया है। 

शाह ने कहा कि कम्युनिस्ट और बाद में टीएमसी के शासनकाल में, जब देश के अन्य हिस्सों में एक नागरिक 100 रुपए कमाता था, तो बंगाल में एक व्यक्ति 127 रुपए कमाता था। आज यह आंकड़ा घटकर मात्र 73 रुपए रह गया है। ऐसा माना जाता था कि कम्युनिस्टों की हार के बाद हिंसा और बदले की राजनीति का अंत हो जाएगा, लेकिन इसने कम्युनिस्टों को भी पीछे छोड़ दिया है। अब तक 300 से ज्यादा भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है।

2021 में 3 हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं की हत्या: शाह

2021 के चुनावों के बाद भी 3,000 से ज्यादा भाजपा कार्यकर्ता अपने गांवों में नहीं लौट पाए हैं। उन पर दबाव डाला जा रहा है कि उन्हें वहां तभी रहने दिया जाएगा जब वे टीएमसी का झंडा लेकर चलेंगे। मैं आप सभी से विनम्र निवेदन करता हूं। आपने कांग्रेस को कई सालों तक, कम्युनिस्ट पार्टी को 34 सालों तक और टीएमसी को 15 सालों तक सत्ता में रहने का मौका दिया। उनका रिकॉर्ड राज्य को पिछड़ा धकेलने का है, जबकि भाजपा का रिकॉर्ड जनता को आगे ले जाने का है। मैं बंगाल की जनता से आग्रह करता हूं कि वे PM मोदी के नेतृत्व में राज्य में पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनाएं।

Back to top button
error: Content is protected !!