केंद्रीय गृह राज्यमंत्री Nityanand Rai का 2 दिवसीय बीजापुर दौरा

केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय (Nityanand Rai) 4 और 5 मई 2022 को बीजापुर दौरे पर रहेंगे. इसे लेकर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार कटारा ने सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक बैठक की. इस बैठक में डीआईजी सीआरपीएफ कोमल सिंह, नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक ए.वाष्णैव सहित जिला पुलिस और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे.
मिली जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय (Nityanand Rai) निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक आज 1 बजे हेलीकॉप्टर से रायपुर से बीजापुर पहुंचेंगे. केन्द्रीय मंत्री राय बीजापुर में पहले सभी जन प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के साथ समीक्षा बैठक लेंगे. इसके बाद बीजापुर में हुए विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे. अंत में गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय प्रेस कॉन्फ्रेस करेंगे.
नित्यानंद राय सीआरपीएफ के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे. सीआरपीएफ के जवानों के साथ रात्रि भोजन करेंगे. राय 5 मई को सुबह बीजापुर से रायपुर के लिए रवाना होंगे. केंद्रीय राज्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. नक्सली घटना के बाद जिला पुलिस बल और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम सर्चिंग कर रही है. जंगलों में भी जवानों को तैनात किया गया है.
मंत्री के आने की खबर के बाद जिले के भोपालपटनम, उसूर, भैरमगढ़ समेत बीजापुर ब्लाक के जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मिलने को लेकर बीजापुर पहुंच गए हैं. भाजपा के पूर्व विधायक समेत पार्टी के जिला अध्यक्ष और कार्यकर्ता भी पूरे जोश और उत्साह के साथ तैयारी में जुटे हैं.
इसे भी पढ़ें-LIC IPO Launch: सबसे बड़े IPO का इंतजार खत्म, सब्सक्रिप्शन के लिए खुला, नौ मई तक लगा सकेंगे बोली



