Google Analytics —— Meta Pixel

ऑपरेशन ब्लू स्टार पर चिदंबरम के बयान से सियासी भूचाल, केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू का कांग्रेस पर तीखा हमला

Union Minister Ravneet Bittu: केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कांग्रेस और उसके वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने ऑपरेशन ब्लू स्टार को लेकर दिए गए चिदंबरम के बयान को लेकर कांग्रेस को घेरा और कहा कि अब कांग्रेस को साफ करना होगा कि वह इस मुद्दे पर क्या स्टैंड लेती है। बिट्टू ने कहा कि चिदंबरम ने स्वीकार कर लिया है कि दरबार साहिब यानी स्वर्ण मंदिर पर हमला कांग्रेस के नेतृत्व में हुआ था और यह एक गलत तरीका था। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस नेता खुद यह मान रहे हैं कि हमला गलत था तो पंजाब की जनता कांग्रेस को वोट क्यों दे ?

यह भी पढ़ें:- बिलासपुर हाईकोर्ट प्रेम संबंध को माना सहमति का मामला, CAF जवान को किया बरी 

रवनीत बिट्टू ने कहा कि पी. चिदंबरम ने खुद कहा कि ऑपरेशन ब्लू स्टार गलत था। अब कांग्रेस को पंजाब के लोगों को जवाब देना होगा। पंजाब की जनता यह कभी नहीं भूलेगी कि दरबार साहिब की पवित्रता को किसने भंग किया। कांग्रेस को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। बिट्टू ने साथ ही पंजाब कांग्रेस से स्पष्ट रुख मांगते हुए कहा कि पार्टी को सार्वजनिक रूप से अपना स्टैंड बताना चाहिए। बिट्टू ने 1984 सिख विरोधी दंगों को भी याद किया और कहा कि कांग्रेस सरकारों ने इन दंगों के पीड़ितों के लिए कोई ठोस काम नहीं किया। उन्होंने बताया कि हरियाणा में अब 121 दंगा पीड़ित परिवारों के लिए एक समारोह आयोजित किया जा रहा है और राज्य सरकार ने उन्हें नौकरी देने का भी निर्णय लिया है।

जानिए चिदंबरम ने क्या कहा था ?

उन्होंने कहा कि आज भाजपा की सरकारें दंगा पीड़ितों को न्याय और सम्मान देने की कोशिश कर रही हैं, जबकि कांग्रेस के समय में तो पीड़ितों की कोई सुध नहीं ली गई। धर्म के नाम पर लड़वाकर राजनीति करने वाली कांग्रेस ने सिर्फ सिखों को ठगा है। पी. चिदंबरम ने हिमाचल प्रदेश के कसौली में आयोजित खुशवंत सिंह लिटरेचर फेस्टिवल में ऑपरेशन ब्लू स्टार पर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि 1984 में स्वर्ण मंदिर में ऑपरेशन ब्लू स्टार एक गलत तरीका था। इंदिरा गांधी ने इस फैसले की कीमत अपनी जान देकर चुकाई। हालांकि यह सिर्फ उनका फैसला नहीं था, इसमें सेना, पुलिस, खुफिया एजेंसियां और प्रशासनिक अफसर भी शामिल थे। 

कांग्रेस के भीतर मचा घमासान

उन्होंने आगे कहा कि बिना किसी सैन्य अधिकारी का अपमान किए मैं कह सकता हूं कि स्वर्ण मंदिर को वापस लेने का यह तरीका सही नहीं था। कुछ साल बाद हमने बिना सेना के इसे बेहतर तरीके से किया। चिदंबरम के बयान के बाद कांग्रेस पार्टी में भी असंतोष की लहर है। जानकारी के मुताबिक पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उनके इस बयान पर नाराजगी जाहिर की है। कांग्रेस आलाकमान का मानना है कि वरिष्ठ नेताओं को ऐसे संवेदनशील मामलों पर बयान देने में संयम बरतना चाहिए। एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी पहले से ही कई मोर्चों पर घिरी हुई है। ऐसे समय में बार-बार इस तरह के विवादास्पद बयान पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं। 

राहुल गांधी भी ब्लू स्टार को बता चुके हैं गलती 

यह पहली बार नहीं है जब किसी वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ने ऑपरेशन ब्लू स्टार को लेकर अफसोस जताया हो। इससे पहले मई 2025 में राहुल गांधी का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने कहा था कि 1984 का ऑपरेशन ब्लू स्टार एक गलती थी। कांग्रेस की जो भी गलतियां 80 के दशक में हुई। मैं उनके लिए जिम्मेदारी लेने को तैयार हूं। ऑपरेशन ब्लू स्टार जून 1984 में भारतीय सेना की ओर से अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर परिसर में चलाया गया एक सैन्य अभियान था। इसका उद्देश्य वहां छिपे उग्रवादियों, विशेषकर दमदमी टकसाल प्रमुख जरनैल सिंह भिंडरांवाले और उसके समर्थकों को बाहर निकालना था।

400 लोगों की हुई थी मौत

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक इस अभियान में करीब 400 लोगों की मौत हुई और 90 सैनिक शहीद हुए। जबकि चश्मदीदों का कहना है कि मरने वालों की संख्या 1,000 से ज्यादा थी। पी. चिदंबरम के बयान ने एक बार फिर 1984 के जख्मों को ताजा कर दिया है। इस बयान पर भाजपा ने कांग्रेस को घेरा है। वहीं खुद कांग्रेस पार्टी के भीतर भी यह बयान भारी असंतोष का कारण बना है। अब सवाल यह उठता है कि क्या कांग्रेस इस मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करेगी या फिर चुप्पी साधे रखेगी ? (Union Minister Ravneet Bittu)

Back to top button
error: Content is protected !!