UP कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का केंद्र सरकार पर बड़ा हमला, ‘राफेल’ में बांधा नींबू-मिर्च

UP Congress President Rai: उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने एक ‘खिलौना विमान’ दिखाया, जिस पर राफेल लिखा हुआ है और उसमें नींबू-मिर्च लटकी हुई है। इसे लेकर अजय राय ने कहा कि देश में आतंकवादी गतिविधियां बढ़ गई हैं और इससे पूरा देश परेशान है। पहलगाम आतंकी हमले में हमारे नौजवानों की जान चली गई, लेकिन यह सरकार जो बहुत बातें करती है, कहती है कि आतंकवादियों को मिट्टी में मिला देंगे। आज आप राफेल लेकर आए हैं, लेकिन उसे नींबू-मिर्च बांधकर खड़ा किया हुआ है। वे आतंकवादियों और उनके समर्थकों के खिलाफ कब कार्रवाई करेंगे ?
यह भी पढ़ें:- बद्रीनाथ धाम के खुले कपाट, 10 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
इस पर शिवसेना नेता शाइना एन.सी. ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि मीडिया अटेंशन के लिए कांग्रेस पार्टी और अजय राय किसी भी हद तक जा सकते हैं। जब उन्हें किसी सरकार पर विश्वास ही नहीं है तो वे किसी भी हद तक गिर सकते हैं। जब भारत सरकार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आतंकियों को एक मुंह तोड़ जवाब देगी, तब उनकी बोलती बंद होगी। तब तक वे खिलौने के साथ खेलते रहें और हम अपना काम करते रहेंगे। भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस और विपक्षी नेताओं ने सशस्त्र बलों की वीरता और देश के नागरिकों के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्पण पर सवाल उठाए हैं। जब सर्जिकल स्ट्राइक हुई थी तो पाकिस्तान ने जितने सवाल उठाए थे, उससे कहीं ज्यादा सवाल हमारे देश में उठे थे। (UP Congress President Rai)
राय को खुद पर शर्म आनी चाहिए: सांसद सहरावत
उन्होंने कहा कि अजय राय को खुद पर शर्म आनी चाहिए कि वे देश के सशस्त्र बलों पर सवाल उठा रहे हैं। सशस्त्र बल पाकिस्तान को जवाब देने के लिए पूरी ताकत से तैयारी कर रहे हैं। जवाब सिर्फ राफेल उड़ाकर नहीं बल्कि कई तरीकों से दिया जाता है। वहीं कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि पहलगाम में जिस तरह निर्दोष लोगों पर आक्रमण किया गया, मैं समझता हूं कि यह देश पर प्रहार था। पहलगाम की घटना के लिए जो भी मुंहतोड़ जवाब पाकिस्तान को देना है, उसके लिए भारत पूरी तरह तैयार है और राहुल गांधी ने कहा है कि आतंकवाद का सफाया करने के लिए न सिर्फ पूरा विपक्ष बल्कि पूरा देश एकजुट है। जो भी उचित और पर्याप्त जवाब देना है, वो सरकार को देना चाहिए। पायलट ने कहा कि पहलगाम में जो घटना घटी, निर्दोष पर्यटकों को मारा गया। यह भारत की आत्मा पर आक्रमण है और सभी लोग एकजुट हैं। हम चाहते हैं कि सरकार इसका मुंहतोड़ जवाब दे। सभी विपक्षी दल, कांग्रेस पार्टी सरकार के साथ है। सरकार जो भी ठीक समझे, वो कदम उठाना चाहिए। (UP Congress President Rai)
आचार्य प्रमोद कृष्णम का कांग्रेस पर तंज
सचिन पायलट ने कहा कि हम चाहते हैं कि संसद का एक विशेष सत्र बुलाया जाए, उससे पूरे विश्व में यह बात जानी चाहिए कि सभी दल एकजुट हैं, हम सरकार के साथ हैं। पूर्व कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बयान पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी आतंकवादियों, अलगाववादियों के साथ खड़े हो जाते हैं। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि पंजाब का एक पूर्व मुख्यमंत्री भारतीय सेना, भारत के शौर्य, भारत के पराक्रम पर सवाल उठाता है। सवाल नरेंद्र मोदी, भाजपा, कांग्रेस का नहीं है, सवाल भारत के अस्तित्व और अस्मिता का है। यह भारत के अस्तित्व की लड़ाई है। यह राहुल गांधी की रणनीति का हिस्सा है कि वे कहते हैं कि वे सरकार के साथ, देश के साथ खड़े हैं और अपने नेताओं से कहते हैं कि सरकार, प्रधानमंत्री मोदी पर हमला करो। (UP Congress President Rai)



