बजट सत्र में सड़क हादसों पर हंगामा: अजय चंद्राकर ने अपनी ही सरकार के मंत्री को घेरा
CG Budget 2026 : छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र (CG Budget 2026) के आज दूसरे दिन सड़क दुर्घटनाओं का मुद्दा सदन में गरमा गया। कार्यवाही शुरू होते ही इस विषय पर तीखी बहस देखने को मिली।
यह भी पढ़े :- GYAN, GATI और SANKALP से आगे बढ़ेगा छत्तीसगढ़: CM विष्णुदेव साय
भाजपा विधायक सुनील सोनी ने बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर सरकार से सवाल किया कि बीते एक वर्ष में कितनी मौतें हुईं और रोकथाम के लिए क्या ठोस योजना है।
इस पर परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि पिछले एक साल में सड़क हादसों में 6,898 लोगों की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाएं रोकने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं और राजधानी में यातायात व्यवस्था सुधारने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अपनी ही सरकार पर अजय चंद्राकर के तीखे सवाल
विधायक अजय चंद्राकर ने भी मंत्री को घेरते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की समस्या नई नहीं है और पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के समय से ही बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि दुर्घटना रोकने के लिए 9 रणनीतियां बनाई गई थीं, लेकिन आठ केवल कागजों तक सीमित रह गईं। चंद्राकर ने सवाल किया:
- रणनीति किस विशेषज्ञ ने बनाई?
- इसकी लागत कितनी है?
- यह कब तक पूरी होगी?
उन्होंने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि यह “छत्तीसगढ़ को मौत के मुंह में खड़ा करने वाली रणनीति” साबित हो रही है।
ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर पर भी उठाए सवाल
चंद्राकर ने 12 जिलों में बनाए जा रहे ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्रों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि ये केंद्र कब से निर्माणाधीन हैं, कब तक पूरे होंगे और इनमें क्या सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने मंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि क्या वे अभी उनके साथ चलकर निरीक्षण करेंगे।
मंत्री का जवाब
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सड़क सुरक्षा एक लंबी प्रक्रिया है और इसमें कई विभागों का समन्वय आवश्यक है। इसके लिए बजट भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
ड्राइविंग प्रशिक्षण को लेकर उन्होंने बताया कि रायपुर में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम का उन्होंने निरीक्षण किया है और अब तक 38 हजार लोगों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
सड़क हादसों में बढ़ती मौतों को लेकर सदन में सरकार को तीखे सवालों का सामना करना पड़ा। विपक्ष के साथ-साथ सत्तापक्ष के विधायक द्वारा उठाए गए सवालों ने इस मुद्दे की गंभीरता को और उजागर कर दिया।



