व्हाइट हाउस के पास हमला, महिला नेशनल गार्ड की मौत, दूसरे की हालत गंभीर

US Firing Update: अमेरिका के वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के पास बुधवार को हुए हमले में गंभीर रूप से घायल महिला नेशनल गार्ड सारा बेकस्ट्रॉम की मौत हो गई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार को इसकी पुष्टि की। हमले में घायल दूसरे सैनिक एंड्रयू वॉल्फ की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है। दोनों सैनिक वर्जीनिया नेशनल गार्ड से जुड़े थे और अगस्त की शुरुआत में सुरक्षा मिशन के तहत वॉशिंगटन डीसी भेजे गए थे। सारा बेकस्ट्रॉम जून 2023 में मिलिट्री पुलिस यूनिट में भर्ती हुई थी।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में आज से 3 दिवसीय DGP-IG कॉन्फ्रेंस, शाम को रायपुर पहुंचेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
वहीं एंड्रयू वॉल्फ 2019 में एयर नेशनल गार्ड में शामिल हुए थे और अपनी सर्विस के दौरान कई मेडल प्राप्त कर चुके हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि सारा अब हमारे बीच नहीं हैं। उनके माता-पिता गहरे दुख में हैं। वह एक प्रतिभाशाली और समर्पित नेशनल गार्ड थी। उन्होंने बताया कि उन्हें इस हमले के बारे में तब जानकारी मिली जब वे थैंक्सगिविंग के अवसर पर अमेरिकी सैनिकों को वीडियो कॉल करने वाले थे। (US Firing Update)
जानिए कैसे हुई घटना ?
बुधवार को फैरागट वेस्ट मेट्रो स्टेशन के पास एक अफगानिस्तानी हमलावर ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। उसने पहले सारा बेकस्ट्रॉम पर फायर किया और सिर-सीने में गोली मारी। इसके बाद उसने एंड्रयू वॉल्फ को भी निशाना बनाया। मौके पर मौजूद तीसरे गार्ड ने जवाबी कार्रवाई में चार गोलियां चलाई और हमलावर को काबू कर लिया। हमलावर की पहचान 29 साल के रहमानुल्लाह लाकनवाल के रूप में हुई है। (US Firing Update)
पांच बच्चों का पिता है आरोपी
आरोपी अगस्त 2021 में अफगानिस्तान से अमेरिका आया था। 2024 में उसने शरणार्थी दर्जे के लिए आवेदन किया, जिसे अप्रैल 2025 में मंजूरी मिली। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह वॉशिंगटन के बेलिंगहैम शहर में अपनी पत्नी और पांच बच्चों के साथ रहता था। उसके रिश्तेदारों के मुताबिक लाकनवाल अफगान सेना में 10 साल तक कार्यरत रहा था और अमेरिकी स्पेशल फोर्सेज के साथ कई ऑपरेशनों में हिस्सा ले चुका था। यूएस अटॉर्नी जनरल पैम बांडी ने बताया कि सारा और एंड्रयू थैंक्सगिविंग के दिन भी अपनी मर्जी से ड्यूटी पर पहुंचे थे, ताकि दूसरे गार्ड अपने परिवार के साथ समय बिता सकें।



