भारत-अमेरिका ट्रेड डील के बीच पाकिस्तान को बड़ा झटका, अमेरिकी नक्शे में PoK को दिखाया गया भारत का हिस्सा

US Shock to Pakistan: भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम ट्रेड समझौते को लेकर सहमति बन गई है। इसे लेकर दोनों देशों की ओर से आधिकारिक बयान भी जारी किए गए हैं। इसी बीच अमेरिका की ओर से सामने आए एक कदम ने पाकिस्तान की चिंता बढ़ा दी है। अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (United States Trade Representative-USTR) की ओर से जारी एक आधिकारिक पोस्ट में भारत का ऐसा नक्शा साझा किया गया है, जिसमें पूरा जम्मू-कश्मीर भारत का हिस्सा दिखाया गया है। इसमें पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) भी शामिल है।
यह भी पढ़ें:- इस्लामाबाद हमले के लिए पाक ने भारत को ठहराया जिम्मेदार, भारत बोला- खुद को धोखा दे रहा पाकिस्तान
USTR की ओर से साझा किए गए इस नक्शे की सबसे अहम बात यह है कि इसमें लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) का कोई उल्लेख नहीं है। किसी भी हिस्से को विवादित क्षेत्र के रूप में नहीं दिखाया गया है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख का पूरा क्षेत्र भारत के अंतर्गत दर्शाया गया है। इस नक्शे को अमेरिका-भारत ट्रेड डील के अंतरिम फ्रेमवर्क से जुड़े आधिकारिक पोस्ट के साथ साझा किया गया, जिसने अंतरराष्ट्रीय और कूटनीतिक गलियारों में खासा ध्यान खींचा है। यूनाइटेड स्टेट्स ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव ने अपने पोस्ट में कहा है कि ट्री नट्स और ड्राइड डिस्टिलर्स ग्रेन से लेकर रेड ज्वार, ताजे और प्रोसेस्ड फलों तक अमेरिका-भारत समझौता अमेरिकी उत्पादों के लिए नए बाजारों तक पहुंच प्रदान करेगा। हालांकि पोस्ट का विषय व्यापार था, लेकिन इसके साथ जारी भारत के नक्शे ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी।

क्या बदला है अमेरिका का रुख ?
अमेरिका कश्मीर मुद्दे को भारत-पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय मामला बताता रहा है। सितंबर 2023 में तत्कालीन अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी ने भी यही रुख दोहराया था। हालांकि अब USTR के आधिकारिक अकाउंट से ऐसा नक्शा सामने आना, जिसमें PoK को भारत का हिस्सा दिखाया गया है, अमेरिका के रुख में एक महत्वपूर्ण संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह नक्शा सिर्फ एक ग्राफिक नहीं, बल्कि भारत की लंबे समय से चली आ रही स्थिति को अप्रत्यक्ष समर्थन का संकेत देता है। (US Shock to Pakistan)

पाकिस्तान के लिए बड़ा झटका
इसे पाकिस्तान के लिए कूटनीतिक झटके के रूप में देखा जा रहा है। पाकिस्तान दशकों से PoK पर नियंत्रण बनाए हुए हैं, जबकि भारत लगातार यह दोहराता रहा है कि PoK भारत का अभिन्न अंग है और इस मुद्दे पर पाकिस्तान से किसी भी बातचीत का मतलब सिर्फ PoK की वापसी होगा। अमेरिका के आधिकारिक प्लेटफॉर्म से जारी इस नक्शे को पाकिस्तान के प्रोपेगैंडा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। भारत ने बार-बार दोहराया है कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग था, है और रहेगा। 22 फरवरी 1994 को भारतीय संसद ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर यह स्पष्ट किया था कि पाकिस्तान के कब्जे वाला जम्मू-कश्मीर भारत का हिस्सा है। इसी कारण हर साल 22 फरवरी को जम्मू-कश्मीर संकल्प दिवस मनाया जाता है।
ट्रेड डील पर दोनों देशों ने क्या कहा ?
भारत और अमेरिका की ओर से जारी संयुक्त बयान में कहा गया है कि अमेरिका और भारत आपसी और पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार (अंतरिम समझौते) के लिए एक फ्रेमवर्क पर सहमत हो गए हैं। यह फ्रेमवर्क 13 फरवरी 2025 को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच शुरू हुई वार्ताओं की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। राजनयिक गलियारों में माना जा रहा है कि ट्रेड डील के साथ इस तरह का नक्शा साझा करना महज संयोग नहीं है। यह संकेत देता है कि वॉशिंगटन अब क्षेत्रीय मामलों में भारत की स्थिति को ज्यादा गंभीरता से ले रहा है। (US Shock to Pakistan)



