Google Analytics —— Meta Pixel

उद्योग-व्यापार और विकास का वाहक बने वाल्मीकि समाज: आलोक कुमार

नई दिल्ली : विश्व हिंदू परिषद (Vishva Hindu Parishad ) के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष व वरिष्ठ अधिवक्ता आलोक कुमार ने कहा कि वाल्मीकि समाज यह संकल्प ले कि वह अपने बच्चों के हाथों में झाड़ू नहीं अपितु , पुस्तकें और ग्रंथ पकडाएंगे तथा अब झाड़ू छोड़, उद्योग, व्यापार और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। भगवान वाल्मीकि प्रकटोत्सव के अवसर पर, संपूर्ण हिंदू समाज द्वारा दिल्ली के लाल किला से निकाली गई शोभायात्रा में सम्मिलित होकर उन्होंने यह बात कही। उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि के आदि महाकाव्य के कारण ही हम सब श्री राम के आदर्श जीवन पर चलने की प्रेरणा ले पा रहे हैं।

यह भी पढ़े :- Chhattisgarh News: डॉ. नीरज चंद्राकर को ग्रीस में आयोजित SHiFT अंतरराष्ट्रीय वर्कशॉप का मिला आमंत्रण, कहा गर्व की बात

वे आज दिल्ली के ही नेहरू पार्क, चाणक्य पुरी स्थित पूज्य स्वामी विवेकनाथ जी के आश्रम में भी वाल्मीकि प्रकटोत्सव कार्यक्रम में सहभागी हुए। उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि के सभी चित्रों में उनको रामायण लिखते हुए दिखाया गया है। रामायण व योग-वशिष्ठ उनकी विशिष्ट पहचान है। डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के हाथों में भी सदैव संविधान की प्रति दिखती है। उन्होंने यह भी कहा था कि ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’। अब समय आ गया है कि वाल्मीकि समाज, सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर, अपनी विकास यात्रा में द्रुत गति से आगे बढ़े। विहिप के केन्द्रीय संयुक्त महा मंत्री (संगठन) श्री विनायक राव देशपांडे गुरुवार को प्रात काल दिल्ली के पंचकुइया रोड़ स्थित वाल्मीकि मंदिर पहुंचे और मंदिर में पूजा अर्चन कर पूज्य विद्यार्थी जी महाराज का आशीर्वाद लिया।

विहिप के दक्षिणी दिल्ली विभाग द्वारा भी दो शोभा यात्राओं का आयोजन किया गया। एक कालका जी में तो दूसरी नेहरू नगर में निकाली गई। आश्रम फ्लाईओवर के पास नेहरू नगर स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर से भव्य व विराट शोभा यात्रा को प्रारंभ करते हुए विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि भगवान् वाल्मीकि के आशीर्वाद से ही श्री राम, मर्यादा पुरुषोत्तम बने। उन्होंने रामायण के माध्यम से श्रीराम और उनके आदर्शों को विश्व के कोने कोने में पहुंचा कर दुनिया पर बड़ा उपकार किया। रामजी ने 14 वर्षों के वनवास में सम्पूर्ण समाज को समरस बना कर एकाकार किया। उनके महाकाव्य श्री रामायण को पढ़ कर ही संसार का कोई भी व्यक्ति स्वयं के अतिरिक्त, अपने परिवार, समाज व राष्ट्र के सर्वांगीण विकास का वाहक बन सकता है।

कार्यक्रम में विहिप (Vishva Hindu Parishad ) के क्षेत्र संगठन मंत्री मुकेश खांडेकर, दक्षिणी दिल्ली के मंत्री श्री राधा कृष्ण, लाजपत नगर ज़िला अध्यक्ष करन कपूर सहित बाल्मीकि समाज के अनेक मूर्धन्य नेता व विहिप – बजरंगदल कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय जन समुदाय ने सहभागिता की।

Back to top button
error: Content is protected !!