कटक में दुर्गा विसर्जन के दौरान बवाल, 10 पुलिसकर्मियों समेत 31 घायल, दूसरे दिन भी इंटरनेट बंद

Violence in Cuttack: ओडिशा के कटक में दुर्गा विसर्जन के दौरान दो गुटों में हिंसक झड़प हो गया, जिसके बाद हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर रविवार रात 10 बजे से पूरे शहर में कर्फ्यू लगा दिया था। साथ ही इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई थी, जिसे आगे बढ़ा दिया गया है। झगड़े में 10 पुलिसकर्मियों समेत 31 घायल हो गए हैं, जिनमें डीसीपी खिलाड़ी ऋषिकेश ज्ञानदेव भी शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया है। कटक के दरगाह बाजार क्षेत्र में शुक्रवार और रविवार के बीच हिंसा की दो घटनाएं हुई थी।
यह भी पढ़ें:- पहेलियों से नहीं चलता देश, कानून से चलता है…डराने की कोशिश न करें ओवैसी: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह
पहली झड़प शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान हुई थी, जिसमें छह लोग घायल हो गए थे। दूसरी घटना रविवार शाम को हुई थी, जब पुलिस ने विश्व हिंदू परिषद की एक बाइक रैली को संवेदनशील इलाके से गुजरने से रोक दिया था। इसके बाद हुए पथराव में आठ पुलिसकर्मियों समेत 25 लोग घायल हो गए थे। अधिकारियों ने किसी भी तरह की हिंसा को रोकने के लिए रविवार शाम सात बजे से 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी थी, जो बढ़ा दिया गया है। (Violence in Cuttack)
जानिए कैसे भड़की हिंसा ?
जानकारी के मुताबिक कटक के दरागाबाजार इलाके से देवीगारा के नदी तट तक जा रही दुर्गा विसर्जन शोभायात्रा के दौरान यह विवाद शुरू हुआ। रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच हाती पोखरी इलाके में झगड़ा तब भड़क गया जब कुछ स्थानीय लोगों ने जुलूस में बज रहे तेज आवाज वाले संगीत का विरोध किया। विवाद इतना बढ़ गया कि छतों से जुलूस पर पत्थर और बोतलें फेंकी जाने लगी। मौके पर भगदड़ मच गई। पुलिस को हालात काबू में करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान कई वाहन और दुकानें भी तोड़फोड़ का शिकार हुई। करीब तीन घंटे तक विसर्जन रुका रहा, जिसके बाद सुरक्षा बढ़ाने के बाद सुबह 9:30 बजे तक सभी मूर्तियों का विसर्जन पूरा किया गया। (Violence in Cuttack)
दंगाइयों ने 10 जगहों पर लगाई आग
असिस्टेंट फायर ऑफिसर संजीब कुमार बेहेरा ने बताया कि दंगाइयों ने गौरीशंकर पार्क के पास कई जगहों पर आगजनी की। हमें करीब 8-10 जगहों पर आग लगने की सूचना मिली थी। हमने सभी जगह आग पर काबू पा लिया, लेकिन भीड़ ने हम पर भी पत्थरबाजी की। तनावपूर्ण हालात को देखते हुए प्रशासन ने शहर के सभी प्रमुख इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। (Violence in Cuttack)
घटना को लेकर सियासत
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों ने सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की है। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी और घायलों का मुफ्त इलाज कराया जा रहा है। भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी ने कहा कि कटक में बहुत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति पैदा हो गई है, जो घटना हुई, वह नहीं होनी चाहिए थी। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व में शांति बनाए रखने की कोशिश की जा रही है। यह एक ऐसी घटना है, जो नहीं होनी चाहिए थी, लेकिन राज्य सरकार शांति बनाए रखने की पूरी कोशिश कर रही है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेडी अध्यक्ष नवीन पटनायक ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि कटक हमेशा भाईचारे का शहर रहा है। इस तरह की स्थिति बेहद चिंताजनक है। बीजेपी सरकार में पुलिस पर दबाव के कारण राज्य की कानून-व्यवस्था चरमरा गई है।
शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी का तंज
शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। यह दर्शाता है कि जब-जब भाजपा सरकार सत्ता में आती है, वह लोगों में ध्रुवीकरण करने का काम करती है। ओडिशा के इतिहास में हमने आज तक ऐसी हिंसा नहीं देखी। जब तक नवीन पटनायक सत्ता में थे, तब तक हमें ध्रुवीकरण के कारण दो पक्षों में झड़प की कोई खबर नहीं सुनाई दी। बता दें कि पुलिस और VHP के बीच हिंसा भड़कने के बाद शहर के संवेदनशील इलाकों में 36 घंटे का कर्फ्यू लगाया गया था, जहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। (Violence in Cuttack)

ओडिशा के पुलिस महानिदेशक (DGP) योगेश बहादुर खुरानिया ने कहा कि कटक में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। पुलिस स्थिति पर कड़ी नजर रख रही है। हिंसा में शामिल सभी असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मैं कटक के सभी निवासियों से कहना चाहता हूं कि किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें। वे तुरंत पुलिस की वेबसाइट, कमिश्नरेट की वेबसाइट और उनके ट्विटर हैंडल की जांच करें। वहां दिए गए तथ्यों को समझें। भुवनेश्वर-कटक के पुलिस कमिश्नर ने कहा कि एक संगठन ने बाइक रैली निकालने की अनुमति मांगी, लेकिन उसे अनुमति नहीं दी गई। इससे पुलिस के साथ झड़प हुई। जब पुलिस ने दबाव डाला कि उन्हें सड़क से गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी, क्योंकि इससे सांप्रदायिक तनाव पैदा हो सकता है। पथराव में 8 पुलिसकर्मी घायल हो गए। बाद में बल प्रयोग कर इन लोगों को तितर-बितर किया गया।

उन्होंने कहा कि हमें यह भी पता चला है कि ऐसी अफवाहें फैलाई जा रही थी कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान पथराव की घटना में घायल हुए 4 व्यक्तियों में से 1 की मौत हो गई है। ये अफवाहें फैलाने वालों को गिरफ्तार किया जाएगा। उस दिन घायल हुए 4 लोगों में से सभी को मामूली चोटें आई थी। 3 को उसी दिन छुट्टी दे दी गई। एक का इलाज चल रहा है। शांति बनाए रखने के लिए कर्फ्यू लगाया गया। भुवनेश्वर-कटक के पुलिस आयुक्त एस. देव दत्ता सिंह ने कहा कि पुलिस पर पथराव के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया था, ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति पैदा न हो। उसके बाद कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। कानून तोड़ने का कोई प्रयास नहीं किया गया। हर जगह पुलिस गश्त की जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर स्थाई तैनाती की गई है। अब स्थिति शांतिपूर्ण है। हमें जानकारी मिली है कि लोग सुरक्षित महसूस कर रहे हैं, सामान्य स्थिति बहाल हो गई है। 8 लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। इसमें और चिहिंत प्रक्रिया जारी है।



