गणेश चतुर्थी पर देशभर में धूमधाम से मनाया जाएगा विश्व तेली दिवस, इस बार 700 स्थानों पर होगा आयोजन, समाज कर रहा भव्य तैयारी
रायपुर : गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर हर साल की तरह इस बार भी तेली (साहू) समाज पूरे उत्साह और उल्लास के साथ विश्व तेली दिवस (Vishwa Teli Diwas) मनाने जा रहा है। इस साल बुधवार, 27 अगस्त 2026 को गणेश चतुर्थी के साथ तेली दिवस भी मनाया जाएगा। समाज में ऐसी मान्यता है कि गणेश चतुर्थी के दिन ही जहां श्री गणेश जी का जन्म हुआ था, वहीं उसी दिन तैलिक समाज के प्रथम पुरुष का भी जन्म हुआ था। इसी ऐतिहासिक क्षण से समाज के विकास और विस्तार की यात्रा प्रारंभ हुई, जो आज पूरे विश्व में प्रतिष्ठित और संगठित स्वरूप में दिखाई देती है।
यह भी पढ़ें:- Donald Trump US India : भारत पर लागू होगा 50% टैरिफ, ट्रंप ने जारी किया नोटिस
पिछले वर्ष की तरह इस बार भी विश्व तेली दिवस का आयोजन भव्य पैमाने पर होगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, देशभर में लगभग 700 स्थानों पर विश्व तेली दिवस मनाने की तैयारी की गई है। छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के साथ ही मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, दिल्ली, झारखंड, उड़ीसा, बिहार, पंजाब और अन्य राज्यों में समाज के लोग इस पावन दिवस को मनाएंगे। राजधानी रायपुर में शहर जिला साहू संघ के तत्वावधान में संतोषी नगर स्थित कर्मा धाम में विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। (Vishwa Teli Diwas)
पंडित घनश्याम साहू ने बताया कि समाज को जागरूक, आत्मबल संपन्न, विद्यावान और संगठित बनाने के उद्देश्य से तैलिक समाज के प्रथम पुरुष के जन्म दिवस को विश्व तेली दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने इसे समाज के गौरव और आत्मगौरव का प्रतीक बताया। इसी तरह प्रो. घनाराम साहू और पं. घनश्याम प्रसाद साहू ने अपील की कि इस वर्ष गणेश चतुर्थी पर प्रत्येक तैलिक परिवार अपने घर, प्रतिष्ठान और कार्यालय में विश्व तेली दिवस को व्यक्तिगत और पारिवारिक उत्सव के रूप में अवश्य मनाएं। उन्होंने कहा कि इस दिन कार्यक्रमों में घानी और भगवान गणेश जी की तस्वीर का उपयोग किया जा सकता है। (Vishwa Teli Diwas)

उन्होंने आगे कहा कि समाज के प्रत्येक परिवार को इस अवसर पर तिल अथवा सरसों तेल के पांच दीपक जलाकर पूर्वजों को नमन करना चाहिए। यही वह दिन है, जब हमारे महापुरुषों ने भगवान शिव की कृपा से घानी और ओखली-मूसल का आशीर्वाद प्राप्त कर अपना व्यवसाय प्रारंभ किया था। इसलिए यह दिवस तैलिक समाज के लिए न केवल ऐतिहासिक है, बल्कि पावन और दिव्य अवसर भी है। (Vishwa Teli Diwas)



