Chhattisgarh : लव मैरिज के 5 साल बाद पत्नी की मौत, 10 दिन बाद कब्र से निकाला गया शव
मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप, पोस्टमार्टम से खुलेगा राज
Chhattisgarh News : बिलासपुर के चकरभाठा थाना क्षेत्र के बुंदेला गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत के बाद मामला गंभीर मोड़ ले चुका है। प्रेम विवाह के पांच साल बाद 23 वर्षीय जया सांडे की अचानक मौत हो गई, जिसके बाद ससुराल पक्ष ने मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया था। अंतिम संस्कार के 10 दिन बाद मायके पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने कब्र खोदकर शव को बाहर निकाला और अब उसका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
यह भी पढ़े :- Road Accident in Chhattisgarh : तेज रफ्तार कार ट्रेलर से टकराई, पांच लोगों की दर्दनाक मौत
जानकारी के अनुसार, जया सांडे की शादी पांच वर्ष पूर्व अर्जुन सांडे से लव मैरिज के रूप में हुई थी। 27 नवंबर को जया घर का काम कर रही थी तभी उसकी अचानक तबीयत खराब हुई। ससुरालवालों के अनुसार, जया ने आराम करने की बात कही और कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई। तत्काल इसकी सूचना मायके पक्ष और गांव वालों को दे दी गई।
घर पहुँचे मायकेवालों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या का आरोप लगाया। विवाद बढ़ने पर गांव वालों की सलाह पर मायके पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद दफन किए गए शव को बाहर निकालने की कानूनी प्रक्रिया शुरू हुई। (Chhattisgarh News)
एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी की अनुमति पर राजस्व अधिकारियों और पुलिस की टीम ने कब्र खुदवाकर शव को बाहर निकाला। अब सिम्स अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। (Chhattisgarh News)



