SCO Summit 2025 : कैलाश मानसरोवर यात्रा फिर शुरू होगी, राजनाथ सिंह और चीन के रक्षामंत्री के बीच सकारात्मक बातचीत
SCO Summit 2025 : भारत के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सदस्य देशों के रक्षा मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए चीन के चिंगदाओ शहर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने चीन के रक्षामंत्री एडमिरल डॉन्ग जून के साथ द्विपक्षीय बातचीत की। इस अहम मुलाकात में कैलाश मानसरोवर यात्रा को फिर से शुरू करने पर सहमति बनी, जो लगभग छह सालों से बंद थी।
यह भी पढ़ें :- Rajnath Singh SCO meeting : एससीओ बैठक में भारत का सख्त रुख, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ज्वाइंट स्टेटमेंट पर नहीं किए हस्ताक्षर
राजनाथ सिंह ने इस बातचीत की जानकारी एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा करते हुए लिखा, “किंगदाओ में एससीओ रक्षा मंत्रियों की बैठक के दौरान चीन के रक्षा मंत्री एडमिरल डॉन्ग जून के साथ रचनात्मक और दूरदर्शी बातचीत हुई। हमने द्विपक्षीय संबंधों से जुड़े विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। लगभग छह वर्षों के अंतराल के बाद कैलाश मानसरोवर यात्रा की पुनः शुरुआत पर खुशी व्यक्त करता हूं।”
भारत-चीन संबंधों में यह एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है, खासकर तब जब दोनों देशों के बीच हाल के वर्षों में सीमा विवादों के चलते संबंधों में तनाव रहा है। (SCO Summit 2025)
रूस और बेलारूस के रक्षा मंत्रियों से भी की मुलाकात
चीन के अलावा राजनाथ सिंह ने रूस और बेलारूस के रक्षा मंत्रियों से भी मुलाकात की। उन्होंने बेलारूस के रक्षा मंत्री लेफ्टिनेंट जनरल विक्टर ख्रेनिन से बातचीत के बाद कहा, “बेलारूस के रक्षा मंत्री के साथ चिंगदाओ में उपयोगी चर्चा हुई।” इसके अलावा उन्होंने रूस के रक्षा मंत्री आंद्रेई बेलौसोव से भी मुलाकात की, जिसमें दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत करने के मुद्दों पर चर्चा हुई। (SCO Summit 2025)
भारत और रूस के बीच लंबे समय से रक्षा के क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग है, जो IRIGC-M&MTC (India-Russia Intergovernmental Commission on Military and Military Technical Cooperation) तंत्र के जरिए संचालित होता है। यह सहयोग रक्षा उपकरणों, संयुक्त अभ्यास और तकनीकी साझेदारी जैसे क्षेत्रों में कार्य करता है। (SCO Summit 2025)



