Google Analytics —— Meta Pixel

Chhattisgarh new assembly building: विधानसभा के नए भवन का काम सितंबर तक पूर्ण करने का लक्ष्य, इंटीरियर और फर्नीचर का कार्य जोरों पर

Chhattisgarh new assembly building: उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने नवा रायपुर स्थित निर्माणाधीन छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने तीनों विंग्स में चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को तय समयसीमा में सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

सिविल वर्क पूरा हो चुका है, अब इंटीरियर और फर्नीचर का काम तेजी से चल रहा है। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के सचिव कमलप्रीत सिंह और प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी भी उपस्थित थे।

अरुण साव ने बताया कि विधानसभा भवन के सभी कार्य सितंबर तक पूर्ण कर लिए जाएंगे, ताकि आगामी 1 नवंबर को राज्योत्सव के अवसर पर इसे जनता को समर्पित किया जा सके। विंग-ए में विधानसभा सचिवालय, और विंग-सी में उप मुख्यमंत्रियों एवं मंत्रियों के कार्यालयों का काम लगभग पूरा हो चुका है। विंग-बी, जहां विधानसभा का सदन, सेंट्रल हॉल, मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय होंगे, वहां भी शीघ्र ही फर्नीचर और इंटीरियर का कार्य शुरू किया जाएगा।

उन्होंने सदन में विधायकों के लिए लगने वाली कुर्सियों का निरीक्षण कर उनकी विशेषताओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह भवन न केवल छत्तीसगढ़ के लिए, बल्कि पूरे देश के लिए आकर्षण का केंद्र होगा, जहां छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कला और वास्तुशिल्प की झलक दिखाई देगी।

52 एकड़ में बन रहा है नया विधानसभा भवन

नवा रायपुर में 52 एकड़ भूमि पर निर्माणाधीन नया विधानसभा भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा। सदन में 200 विधायकों के बैठने की क्षमता होगी। तीन प्रमुख विंग्स में क्रमशः विधानसभा सचिवालय, विधानसभा का सदन, सेंट्रल हॉल, मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष का कार्यालय, तथा मंत्रियों के कार्यालय होंगे।

भवन परिसर में 500 दर्शकों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम भी बनेगा। साथ ही 700 कारों की पार्किंग व्यवस्था और दो एक-एक एकड़ के सरोवरों का निर्माण प्रस्तावित है, जो भवन की भव्यता को और बढ़ाएंगे।

Back to top button
error: Content is protected !!