Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में भीषण हादसा : बोरवेल ट्रक 60 फीट गहरी खाई में गिरा, 3 मजदूरों की मौत, 4 की हालत गंभीर

Horrific Accident in Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। कुकदूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम चाटा (ग्राम पंचायत आगरपानी) के पास एक बोरवेल खनन ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 60 फीट गहरी खाई में गिर गया, जिससे तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

यह भी पढ़े :- Train cancel news Jagdalpur: जगदलपुर से नहीं चलेंगी 10 ट्रेनें, किरंदुल-जयपुर के बीच 3 दिन चलेगी स्पेशल ट्रेन

सुबह 5 बजे हुआ हादसा, तीखे मोड़ पर बिगड़ा संतुलन

हादसा शुक्रवार तड़के लगभग सुबह 5 बजे हुआ, जब ट्रक शहडोल (मध्यप्रदेश) से पंडरिया (छत्तीसगढ़) की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक भारी बोरवेल खनन मशीन और अन्य उपकरण ले जा रहा था। ग्राम चाटा के पास एक तीव्र मोड़ पर चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक सीधे गहरी खाई में जा गिरा।

9 लोग थे सवार, 3 की मौत, 4 गंभीर

ट्रक में कुल 9 लोग सवार थे, जिनमें 6 मजदूर जशपुर (छत्तीसगढ़) और 3 मजदूर तमिलनाडु के निवासी बताए गए हैं। मृतकों में 2 जशपुर और 1 तमिलनाडु का मजदूर शामिल है। गंभीर रूप से घायल चार मजदूरों को कुकदूर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद कवर्धा जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

 ग्रामीणों ने दी सूचना

हादसे की जानकारी तब सामने आई जब सुबह ग्रामीण जंगल की ओर निकले और उनकी नजर खाई में गिरे ट्रक पर पड़ी। इसके बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन को सूचना दी गई। पुलिस, होमगार्ड और ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, जो खाई में बड़े-बड़े पत्थरों और दुर्गम स्थल के कारण काफी चुनौतीपूर्ण रहा।

‘बचाओ-बचाओ’ की आवाजें, दबे मिले मजदूर

पुलिस के अनुसार, जब राहत कार्य शुरू किया गया, उस समय मलबे के नीचे से ‘बचाओ-बचाओ’ की आवाजें आ रही थीं। 6 मजदूर दबे हुए पाए गए, जिनमें से तीन की मौत हो चुकी थी, जबकि चार गंभीर रूप से घायल थे।

घटनास्थल पर पहुंचे अधिकारियों ने बताया कि सूचना देर से मिलने के कारण रेस्क्यू में देरी हुई। कुछ शव सख्त अवस्था में मिले, जिससे यह स्पष्ट होता है कि हादसा घंटों पहले हो चुका था। (Horrific Accident in Chhattisgarh)

जांच जारी, केस दर्ज

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। लापता मजदूरों की तलाश भी जारी है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर दुर्गम क्षेत्रों में भारी वाहनों के संचालन, सुरक्षा मानकों और ड्राइवर की दक्षता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। (Horrific Accident in Chhattisgarh)

Back to top button
error: Content is protected !!