पत्रकारों की बल्ले-बल्ले! मासिक पेंशन 6 हजार से बढ़कर 15 हजार हुई, आश्रितों को भी मिलेगा लाभ

Bihar assembly election 2025 : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज शनिवार को राज्य के पत्रकारों को बड़ी राहत देते हुए ‘बिहार पत्रकार सम्मान पेंशन योजना’ के तहत मिलने वाली मासिक पेंशन में तीन गुना बढ़ोतरी की घोषणा की है। अब पात्र पत्रकारों को ₹6,000 की जगह ₹15,000 मासिक पेंशन दी जाएगी।
नीतीश कुमार ने यह भी कहा कि यदि किसी पेंशन प्राप्त कर रहे पत्रकार की मृत्यु हो जाती है, तो उसके आश्रित पति या पत्नी को जीवनभर ₹10,000 प्रति माह पेंशन दी जाएगी। पहले यह राशि ₹3,000 निर्धारित थी।
सीएम ने X पर साझा की जानकारी
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा: – “मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि ‘बिहार पत्रकार सम्मान पेंशन योजना’ के तहत अब पात्र पत्रकारों को ₹6,000 की जगह ₹15,000 मासिक पेंशन दी जाएगी।
साथ ही, इस योजना के अंतर्गत पेंशनधारी पत्रकार की मृत्यु की स्थिति में उसके आश्रित पति या पत्नी को ₹3,000 की जगह अब ₹10,000 मासिक पेंशन दी जाएगी।”
नीतीश कुमार ने लोकतंत्र में पत्रकारों की भूमिका को अहम बताते हुए लिखा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और सामाजिक विकास में उनकी भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार हमेशा पत्रकारों की सुविधाओं और सुरक्षा का ध्यान रखती आई है, ताकि वे निष्पक्ष रूप से पत्रकारिता कर सकें और सेवानिवृत्ति के बाद सम्मानजनक जीवन जी सकें। (Bihar assembly election 2025)
अन्य बड़ी घोषणाएं:
- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पत्रकारों के साथ-साथ आम जनता के लिए भी कई महत्वपूर्ण योजनाएं घोषित कीं, जिनमें प्रमुख हैं:
- वरिष्ठ नागरिकों, विधवाओं और दिव्यांगजनों की मासिक पेंशन ₹400 से बढ़ाकर ₹1,100 कर दी गई है।
- 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की घोषणा, जो 1 अगस्त 2025 से प्रभावी होगी। उपभोक्ताओं को जुलाई के बिल से ही इसका लाभ मिलने लगेगा।
- अगले 5 वर्षों में 1 करोड़ सरकारी नौकरियां और रोजगार के अवसर देने का वादा।
चुनावी रणनीति का हिस्सा?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पत्रकारों और आम जन को राहत देने वाली इन घोषणाओं को आगामी बिहार विधानसभा चुनाव से पहले जेडीयू का मास्टरस्ट्रोक माना जा रहा है। इससे न केवल मीडिया का विश्वास मजबूत होगा, बल्कि जनता के बीच भी सरकार की सकारात्मक छवि बन सकती है। (Bihar assembly election 2025)



