श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो नहर में गिरी, गोंडा में 11 की मौत से मचा कोहराम
गोंडा (उत्तर प्रदेश)। जिले में आज रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब बोलेरो वाहन में सवार 15 श्रद्धालु पृथ्वीनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए जा रहे थे। रास्ते में इटियाथोक थाना क्षेत्र के पास बोलेरो अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। हादसे में 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर बताया गया कि मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है और जिला प्रशासन को राहत व बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
पुलिस ने वाहन को नहर से बाहर निकाल लिया है और मृतकों की शिनाख्त की जा रही है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है।



