जल्द हो सकता है अगला युद्ध, ऑपरेशन सिंदूर के लिए फ्रीहैंड मिला था: आर्मी चीफ उपेंद्र द्विवेदी

Army Chief Upendra Dwivedi: भारतीय थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने जल्द ही पाकिस्तान से दोबारा युद्ध होने की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि भारत का अगला युद्ध जल्द हो सकता है, जिसके मुताबिक हमें तैयारी करनी होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह लड़ाई मिलकर लड़नी होगी। जनरल द्विवेदी ने यह बयान 4 अगस्त को IIT मद्रास में ‘अग्निशोध’- इंडियन आर्मी रिसर्च सेल (IARC) के उद्घाटन समारोह में दिया। इस सेल का उद्देश्य सेनाकर्मियों को एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग, साइबर सुरक्षा, क्वांटम कंप्यूटिंग, वायरलेस कम्युनिकेशन और अनमैन्ड सिस्टम जैसी आधुनिक तकनीकों में दक्ष बनाना है। IIT मद्रास में शुरू हुई ‘अग्निशोध’ पहल सेना को आधुनिक तकनीकी युद्ध के लिए तैयार करने की दिशा में अहम कदम है। इसका उद्देश्य भविष्य के पांचवीं पीढ़ी के युद्धों में बूट्स के साथ बॉट्स को भी शामिल करना है। यानी सैनिकों के साथ अत्याधुनिक तकनीक का समावेश अनिवार्य है।
यह भी पढ़ें:- PM मोदी का डेड इकोनॉमी कहने पर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को जवाब, कहा- तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर भारत
आर्मी चीफ उपेंद्र द्विवेदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सरकार ने हमें फ्री हैंड दिया था। सेना प्रमुख ने ऑपरेशन सिंदूर को “शतरंज की चाल” जैसा बताया, जिसमें दुश्मन को हमारी अगली चाल का अंदाजा नहीं था। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन में शतरंज की चालें चल रहे थे। हमें नहीं पता था दुश्मन की अगली चाल क्या होगी और हम क्या करने वाले हैं। ऐसे ही PAK को भी हमारी चाल का नहीं पता था। इसे ग्रे जोन कहा जाता है, जिसका मतलब है कि हम पारंपरिक ऑपरेशन नहीं कर रहे हैं। आर्मी चीफ ने कहा कि 22 अप्रैल को पहलगाम में जो हुआ उसने पूरे देश को झकझोर दिया था। 23 अप्रैल को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अब बहुत हो गया। तीनों सेना को पूरी छूट थी कि क्या करना है। ऐसा आत्मविश्वास और राजनीतिक दिशा हमने पहली बार देखी। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के लिए सरकार ने हमें फ्री हैंड दिया था। इसके लिए 25 अप्रैल को प्लानिंग की, 29 अप्रैल को PM नरेंद्र मोदी से मुलाकात हुई। जनरल द्विवेदी ने कहा कि 25 अप्रैल को हमने उत्तरी कमान का दौरा किया, जहां ऑपरेशन की प्लानिंग की, जिसमें हमने 9 में से 7 आतंकी ठिकानों को नष्ट किया, जिसमें कई आतंकी भी मारे गए। (Army Chief Upendra Dwivedi)
पाकिस्तान के 5 लड़ाकू विमान मार गिराए: एयर चीफ
आर्मी चीफ द्विवेदी ने कहा कि 29 अप्रैल को PM मोदी से मुलाकात की। यह महत्वपूर्ण है कि कैसे एक छोटा सा नाम ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पूरे देश को जोड़ता है। यह एक ऐसी बात है, जिसने पूरे देश को प्रेरित किया। यही कारण है कि पूरा देश कह रहा था कि आपने इसे क्यों रोक दिया ? यह सवाल पूछा जा रहा था और इसका भरपूर जवाब दिया गया है। उन्होंने बताया कि PM मोदी से मुलाकात के बाद अभियान शुरू हुआ। ऑपरेशन में 9 में से 7 आतंकी ठिकाने नष्ट किए गए, कई आतंकियों को मार गिराया गया। यह 88 घंटे चला और पाकिस्तान को संघर्षविराम मांगना पड़ा। वहीं भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने हाल ही में कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान के 5 लड़ाकू विमान और 1 सर्विलांस एयरक्राफ्ट को लगभग 300 किलोमीटर की दूरी से मार गिराया। यह सतह से हवा में टारगेट हिटिंग का अभी तक का रिकॉर्ड है। उन्होंने बताया कि S-400 एयर डिफेंस सिस्टम इस अभियान में निर्णायक साबित हुआ, जिसके चलते पाकिस्तान लंबी दूरी के ग्लाइड बम होने के बाद भी इनका इस्तेमाल नहीं कर पाया। (Army Chief Upendra Dwivedi)
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने दावों को किया खारिज
इधर, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारतीय दावों को खारिज करते हुए कहा कि इस संघर्ष में भारतीय सैनिकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। आसिफ ने 9 अगस्त को सोशल मीडिया पर कहा कि भारतीय वायु सेना प्रमुख के यह दावे न सिर्फ यकीन न किए जाने वाले हैं, बल्कि गलत समय पर दिए गए हैं। यह दुखद है कि भारतीय सेना के अफसरों को राजनीति की नाकामियों का जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। तीन महीनों तक भारत ने इस तरह का कोई दावा नहीं किया था। जबकि पाकिस्तान ने तुरंत ही इस मामले की जानकारी इंटरनेशनल मीडिया को दी थी। कई स्वतंत्र जांचकर्ताओं ने माना है कि कई भारतीय विमान खोए गए हैं। आसिफ ने कहा कि लड़ाई के दौरान बॉर्डर पर भारतीय सैनिकों को बहुत ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा। अगर सच का पता लगाना है तो दोनों देशों को अपने विमान भंडार को स्वतंत्र जांच के लिए खोल देना चाहिए, लेकिन भारत ऐसा करेगा। आसिफ ने कहा कि झूठ गढ़ने से जंग नहीं जीती जा सकती। उन्होंने चेतावनी दी कि राजनीतिक फायदे के लिए ऐसे झूठे दावे बहुत बड़ा खतरा पैदा करते हैं, जब दोनों देशों के पास परमाणु हथियार हैं। (Army Chief Upendra Dwivedi)



