Google Analytics —— Meta Pixel

21वीं सदी का भारत विकसित होने के लिए जितना अधीर है, उतना ही संवेदनशील भी है: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 

PM Narendra Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के बाबा खड़क सिंह मार्ग पर सांसदों के लिए बनाए गए 184 नए फ्लैट्स का उद्घाटन किया। ये फ्लैट्स टाइप-7 के मल्टी-स्टोरी अपार्टमेंट हैं। PM मोदी ने सिंदूर का पौधा लगाया। इसके अलावा श्रमजीवियों से मुलाकात और बातचीत भी की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुझे संसद में अपने सहयोगियों के लिए इस आवासीय परिसर का उद्घाटन करने का अवसर मिला। मैं सभी सांसदों को बधाई देता हूं। मैं इन फ्लैटों के निर्माण में शामिल सभी इंजीनियरों और श्रमिक मित्रों की भी सराहना करता हूं, जिनकी कड़ी मेहनत से यह परियोजना संभव हो पाई है। अभी कुछ ही दिन पहले मैंने कर्तव्य पथ और सामान्य केंद्रीय सचिवालय यानी कर्तव्य भवन का लोकार्पण किया था।

यह भी पढ़ें:- फतेहपुर में मकबरे को लेकर बवाल, मंदिर बताकर हिंदू संगठनों ने की तोड़फोड़

उन्होंने कहा कि इन 4 टावर्स के नाम भी बहुत सुंदर हैं। कृष्णा, गोदावरी, कोसी, हुगली, भारत की चार महान नदियां, जो करोड़ों लोगों को जीवन देती हैं। अब उनकी प्रेरणा से हमारे जन प्रतिनिधियों के जीवन में भी आनंद की नई धारा बहेगी। कुछ लोगों को नाम से परेशानी भी होगी। कोसी नदी पर नाम रखा है तो उनको कोसी नदी नहीं दिखेगी, उनको बिहार का चुनाव नजर आएगा। ऐसे छोटे मन के लोगों के मन की परेशानियां भी दिखेंगी। नदियों के नामों की परंपरा देश की एकता के सूत्र में हमें बांधती है। इस बहुमंजिला इमारत में 180 से ज्यादा सांसद एक साथ रह सकेंगे। इन नए आवासों का एक महत्वपूर्ण आर्थिक पहलू भी है। (PM Narendra Modi)

PM मोदी ने कहा कि कर्तव्य भवन के उद्घाटन के दौरान मैंने बताया था कि किराए के भवनों में संचालित कई मंत्रालयों पर सालाना लगभग 1,500 करोड़ का किराया आता है। यह देश के पैसे की सरासर बर्बादी है। इसी तरह सांसदों के लिए पर्याप्त आवास की कमी के कारण भी सरकारी खर्च बढ़ रहा है। हमारे सांसद साथी जिस नए आवास में प्रवेश करेंगे, अभी मुझे उसका एक सैंपल फ्लैट देखने का भी मौका मिला। मुझे पुराने सांसद आवासों को देखने का मौका भी मिलता रहा है। पुराने आवास जिस तरह बदहाली का शिकार होते थे, सांसदों को जिस तरह आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ता था। नए आवासों में गृह प्रवेश के बाद उनसे मुक्ति मिलेगी। सांसद साथी अपनी समस्याओं से मुक्त रहेंगे तो वो अपना समय और अपनी ऊर्जा और बेहतर तरीके से जनता की समस्याओं के समाधान में लगा पाएंगे। (PM Narendra Modi)

उन्होंने कहा कि 21वीं सदी का भारत जितना विकसित होने के लिए अधीर है, उतना ही संवेदनशील भी है। आज देश कर्तव्य पथ और कर्तव्य भवन का निर्माण करता है तो करोड़ों देशवासियों तक पाइप से पानी पहुंचाने का अपना कर्तव्य भी निभाता है। आज देश अपने सांसदों के लिए नए घर का इंतजार पूरा करता है तो पीएम-आवास योजना के जरिए 4 करोड़ गरीबों का गृह प्रवेश भी करवाता है। यहां देश के विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों के सांसद एक साथ रहेंगे। आपकी यहां उपस्थिति एक भारत, श्रेष्ठ भारत का प्रतीक बनेगी। इसलिए अगर समय-समय पर इस परिसर में सभी राज्यों के त्यौहार सामूहिक रूप से मनाए जाएं तो इससे वातावरण में एक विशेष आकर्षण और जीवंतता आएगी। देश संसद की नई इमारत बनाता है तो सैंकड़ो नए मेडिकल कॉलेज भी बनाता है। इन सबका लाभ हर वर्ग, हर समाज को हो रहा है। (PM Narendra Modi)

लोकसभा सदस्यों के लिए रिकॉर्ड 344 नए आवास बनाए गए: बिरला

PM मोदी ने कहा कि सस्टेनेबिलिटी और स्वच्छता इस बिल्डिंग की पहचान बने, ये हम सबका कमिटमेंट होना चाहिए। न केवल सांसद आवास बल्कि ये पूरा परिसर हमेशा साफ और स्वच्छ रहे तो कितना ही अच्छा होगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से पिछले 11 सालों में लोकसभा सदस्यों के लिए रिकॉर्ड 344 नए आवास बनाए गए हैं। आधुनिक तकनीक के उपयोग और उचित निगरानी से ये आवास निर्धारित समय में पूरे हुए और इस प्रक्रिया में 46 करोड़ रुपए से ज्यादा की बचत हुई। इन आवासों के निर्माण से अब सभी लोकसभा सदस्यों के लिए आवास पूरी तरह से उपलब्ध हो गए हैं। (PM Narendra Modi)

Back to top button
error: Content is protected !!