Google Analytics —— Meta Pixel

पीलिया का हॉटस्पॉट बना चिरमिरी, 15 दिन में मिले 204 से ज्यादा मरीज, अब तक 2 की मौत

Chirmiri Jaundice Hotspot: मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में पीलिया का प्रकोप जारी है। चिरमिरी नगर निगम पीलिया का हॉटस्पॉट बन गया है, जहां गंदा पानी पीने से पीलिया का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है, जहां 15 दिनों में 204 से ज्यादा मरीज सामने आए हैं, जिसमें दो लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 163 लोगों का इलाज अभी भी जारी है, जिसमें ज्यादातर बच्चे शामिल है। जिला अस्पताल से 41 मरीज ठीक होकर जा चुके हैं। जिला अस्पताल के ओपीडी में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पीलिया से सबसे ज्यादा प्रभावित छोटा बाजार क्षेत्र है, जहां नगर निगम के वार्ड क्रमांक-19, 20, 21, 22 और 23 से पीलिया के नए मामले लगातार सामने आ रहे हैं।

यह भी पढ़ें:- देश में तेजी से बढ़ रहा सड़क हादसों का ग्राफ, राजस्थान में 11, UP में 7 और हिमाचल में 2 लोगों की मौत

छोटा बाजार इलाके में स्वास्थ्य विभाग की टीम कैंप लगाकर लोगों का इलाज कर रही है। जबकि ज्यादा बीमार लोगों को बेहतर इलाज के लिए एंबुलेंस से चिरमिरी जिला अस्पताल भेजा जा रहा है। अभी जिला अस्पताल में पीलिया के 21 से ज्यादा मरीज भर्ती है, जिनमें अधिकांश बच्चे है। इसके अलावा प्राइवेट अस्पतालों के साथ कुछ लोग घर में ही इलाज करा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को पानी उबालकर पीने की सलाह दी है। साथ ही कहा है कि गर्म खाने का सेवन करें और साफ-सफाई का ख्याल रखें। पीलिया का प्रकोप दूषित पानी का कारण माना जा रहा है।

पीलिया से अब तक 2 लोगों की मौत

पीलिया से छोटा बाजार क्षेत्र में रहने वाले 21 साल के कार्तिक और 30 साल के गोपी पढवार की मौत हो चुकी है। दरअसल, कार्तिक का इलाज चिरमिरी जिला अस्पताल में चल रहा था, लेकिन परिजनों ने इलाज के बीच में ही कार्तिक को डिस्चार्ज कराकर झाड़-फूंक कराने के लिए घर ले गए, जहां उसे झाड़-फूंक से ठीक करने का प्रयास किया रहा था, लेकिन उसकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद उसे वापस जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। दूसरा मामला वार्ड क्रमांक-22 के गोपी पढवार का है। उन्हें अंबिकापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। (Chirmiri Jaundice Hotspot)

जिला अस्पताल में 2 से 6 अगस्त तक था भर्ती

CMHO अविनाश खरे ने बताया कि कार्तिक जिला अस्पताल में 2 अगस्त से लेकर 6 अगस्त तक भर्ती था। उसके बाद मरीज के परिजन लिखकर चले गए कि हम अपनी मर्जी से उसे लेकर जा रहे हैं, जो अगर जान माल का कोई खतरा होता है तो उसकी जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग की नहीं होगी। उसके बाद मरीज को घर ले गए और झाड़ फूंक कराया गया, जिसके बाद तबियत ज्यादा खराब हुई तो उसे जिला अस्पताल लेकर आए। तब तक उसकी मौत हो गई चुकी थी। CMHO ने लोगों से अपील की है कि स्वास्थ्य विभाग पर भरोसा रखें और अस्पताल आए। क्षेत्र में हमारी टीम लगातार जांच कर रही है। डॉक्टरों की टीम तैनात कर दी गई है और मितानिन घर-घर क्लोरीन टैबलेट बांट रही है। झाड़ फूंक के चक्कर मे न पड़े और अस्पताल पहुंचकर इलाज कराए। उन्होंने बताया कि चिरमिरी के छोटा बाजार क्षेत्र में लगातार पीलिया के मरीज सामने आ रहे हैं, जहां 15 दिनों से स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार कैंप लगाकर इलाज कर रही है। अब तक 7 हजार 725 लोगों की स्कैनिंग की जा चुकी है। (Chirmiri Jaundice Hotspot)

2 हजार 225 घरों में सर्वे

चिकित्सा अधिकारी अविनाश खरे ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर सर्वे कर रही है। अब तक 2 हजार 225 घरों में सर्वे की जा चुकी है। क्लोरीन टैबलेट हर घर में बांटी जा चुकी है। लोगों को लगातार बताया जा रहा है कि पानी को उबालकर पीए, हाथ साबुन से धोएं और गर्म खाना सेवन करें, बाहर के खाने को न खाए। जिला अस्पताल में भर्ती बच्चों के परिजनों का कहना है कि नगर निगम नल से गंदे पानी की सप्लाई कर रहा है, जिसे वे पी रहे हैं। पानी इतना गंदा है उबालने के बाद भी साफ नहीं होता है। पेयजल सप्लाई की और कोई सविधा नहीं मिल रही है। इसलिए उसी पानी को पी रहे हैं। कई बार शिकायत करने के बाद भी गंदा पानी ही सप्लाई किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि चिरमिरी नगर निगम शहरी क्षेत्र है। इसीलिए पीलिया और चिकनगुनिया बीमारी अक्सर होते हैं। पीलिया प्रभावित हेल्थ कैंप लगाकर इलाज की जा रही है। 100 लोग इलाज कराकर ठीक भी हो चुके हैं। उन्होंने SECL, निगम कमिश्नर और लोक स्वास्थ्य यांत्रिक विभाग के अधिकारियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। (Chirmiri Jaundice Hotspot)

पीलिया के लक्षण

  • आंखों और त्वचा का पीला होना
  • पेशाब का गहरा पीला या भूरा रंग
  • थकान और कमजोरी होना
  • भूख में कमी
  • उल्टी या जी मिचलाना
  • पेट में दर्द या भारीपन
  • बुखार, त्वचा में खुजली

बचाव के उपाय

  • सिर्फ उबला या फिल्टर किया हुआ पानी ही पिएं।
  • खाने को ढककर और स्वच्छ रखकर ही खाएं।
  • बाहर का अधपका या गंदा खाना बिल्कुल न खाएं।
  • खाने से पहले और टॉयलेट के बाद साबुन से हाथ धोएं।
  • संक्रमित मरीज के बर्तन और कपड़े अलग रखें।
  • हेपेटाइटिस-A और B का टीका समय पर लगवाएं।
  • शराब और तैलीय-जंक फूड से दूरी बनाएं।
Back to top button
error: Content is protected !!