Durg Land Scam: दुर्ग में 765 एकड़ जमीन की फर्जी तरीके से सौदेबाजी, बैंक से करोड़ों के लोन पास

Durg Land Scam: दुर्ग जिले के मुरमुंदा पटवारी हल्का क्षेत्र में एक बड़े जमीन घोटाले का खुलासा हुआ है। दरअसल, भू-माफिया ने सरकारी और निजी दोनों तरह की सैकड़ों एकड़ जमीन का फर्जी बटांकन कर नकली खसरे तैयार किए और इन्हें दूसरे व्यक्तियों के नाम दर्ज कर फर्जी तरीके से सौदेबाजी कर दी। साथ ही इन जमीनों को बैंक में गिरवी रखकर करोड़ों रुपए के लोन भी पास कराए गए। जांच में सामने आया कि मुरमुंदा, अछोटी, चेटुवा और बोरसी गांव में बड़े पैमाने पर हेराफेरी हुई है।
यह भी पढ़ें:- किश्तवाड़ में बादल फटने से अब तक 52 लोगों की मौत, PM मोदी ने कहा- हम सबकी परीक्षा ले रही प्रकृति
राजस्व विभाग की जांच के मुताबिक 765 एकड़ से ज्यादा जमीन का अवैध रूप से बंटवारा कर नकली खसरा तैयार किया गया। दुर्ग संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर ने बताया कि मुरमुंदा हल्का क्रमांक-16 के पटवारी की ID और पासवर्ड हैक कर यह फर्जीवाड़ा किया गया है। मामला दर्ज कर सभी गड़बड़ियों को ठीक कर दिया गया है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। हालांकि ID हैकिंग की तकनीकी जानकारी अभी NIC से स्पष्ट नहीं हो पाई है। जांच में पाया गया कि इस घोटाले में शामिल सिंडिकेट के तार रायपुर, दुर्ग, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा समेत कई जिलों से जुड़े हैं। (Durg Land Scam)
इन आरोपियों ने किया फर्जीवाड़ा
आरोपियों में दिनूराम यादव, एस. राम, शिवाकांत वर्मा, हरिशचंद्र निषाद, सुरेंद्र कुमार, जयंत समेत कई नाम सामने आए हैं। इन लोगों ने फर्जी ऋण पुस्तिका बनाकर बैंकों से लोन लिया। दिनूराम यादव ने 25 जून 2025 को 46 लाख और एक अन्य किसान ने 2 जुलाई 2025 को 36 लाख का लोन आवेदन किया था। भुइयां एप में छेड़छाड़ पर जिला प्रशासन ने पाटन के पटवारी मनोज नायक और मुरमुंदा के पटवारी कृष्ण कुमार सिन्हा को निलंबित कर दिया है। (Durg Land Scam)
अवैध भूमि हस्तांतरण के आंकड़े
- मुरमुंदा-75 हेक्टेयर सरकारी, 22 हेक्टेयर निजी जमीन
- अछोटी- 45.304 हेक्टेयर सरकारी, 27.087 हेक्टेयर निजी जमीन
- चेटुवा- 87.524 हेक्टेयर सरकारी जमीन
- बोरसी- 47.742 हेक्टेयर निजी जमीन



