AAP दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के घर ED का छापा, बीजेपी और केंद्र सरकार पर हमलावर हुई आम आदमी पार्टी

AAP Delhi President Bhardwaj: ED यानी प्रवर्तन निदेशालय ने AAP दिल्ली अध्यक्ष और पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज के घर समेत 13 ठिकानों पर छापेमारी की। उन पर अस्पताल निर्माण में घोटाले के आरोप लगे है। दिल्ली की एंटी-करप्शन ब्रांच ने एक साल पहले AAP सरकार के दौरान स्वास्थ्य ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच शुरू की थी। जांच एजेंसी ने पूर्व स्वास्थ्य मंत्रियों सौरभ भारद्वाज और सत्येंद्र जैन के खिलाफ जून में केस दर्ज किया था। ACB ने बाद में मामला ED को ट्रांसफर कर दिया गया था। इसके बाद ED ने जुलाई में केस दर्ज किया था। वहीं छापे को लेकर आम आदमी पार्टी बीजेपी और केंद्र सरकार पर हमलावर हो गई है।
यह भी पढ़ें:- वैष्णो देवी मंदिर के पास भूस्खलन, 31 लोगों की मौत, मरने वालों में ज्यादातर श्रद्धालु
पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सौरभ भारद्वाज के घर ED की रेड मोदी सरकार द्वारा एजेंसीज के दुरुपयोग का एक और मामला है। मोदी सरकार आम आदमी पार्टी के पीछे पड़ गई है, जिस तरह “आप” को टारगेट किया जा रहा है, ऐसे इतिहास में किसी पार्टी को नहीं किया गया। “आप” को इसलिए टारगेट किया जा रहा है क्योंकि मोदी सरकार की गलत नीतियों और भ्रष्ट कामों के ख़िलाफ़ सबसे मुखर आवाज “आप” की है। मोदी सरकार हमारी आवाज़ दबाना चाहती है। ये कभी नहीं होगा। “आप” बीजेपी की इन रैडों से डरने वाली नहीं। हम हमेशा की तरह देश हित में गलत नीतियों और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व CM आतिशी ने कहा कि ED ने सौरभ भारद्वाज के आवास पर 20 घंटे तक तलाशी ली। सौरभ भारद्वाज के आवास पर छापेमारी क्यों की गई ? ये छापेमारी सिर्फ ध्यान भटकाने के लिए की गई। AAP की ताकत है कि वह कभी झुकती नहीं और इसलिए भाजपा AAP से डरती है। (AAP Delhi President Bhardwaj)
पूर्व CM आतिशी ने बोला हमला
पूर्व CM आतिशी ने कहा कि एक RTI कार्यकर्ता ने CIC का आदेश निकलवाया कि दिल्ली विश्वविद्यालय को प्रधानमंत्री मोदी की डिग्री दिखानी पड़ेगी। डिग्री दिखाने के बजाय विश्वविद्यालय CIC के आदेश के खिलाफ हाईकोर्ट चला गया। पूरा देश जानना चाहता है कि यह कैसा विश्वविद्यालय है, जिसको इस बात पर गर्व नहीं है कि प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली विश्वविद्यालय से पढ़े हैं। इस मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए सौरभ भारद्वाज के घर पर फर्जी ED के छापे मारे गए। AAP नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि सौरभ भारद्वाज के घर पर ED की छापेमारी के पीछे एकमात्र कारण यह है कि प्रधानमंत्री की डिग्री को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ। देश के सामने आ गया कि प्रधानमंत्री की डिग्री फर्जी है। देश के सामने आ गया कि प्रधानमंत्री ने डिग्री को लेकर झूठ बोला। प्रधानमंत्री की डिग्री के मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए ED ने सौरभ भारद्वाज के घर पर छापेमारी की है। (AAP Delhi President Bhardwaj)
भारद्वाज के खिलाफ दर्ज मामला झूठा: संजय
AAP सांसद संजय सिंह ने कहा कि सौरभ भारद्वाज के खिलाफ दर्ज मामला झूठा और निराधार है, जिस समय ED ने मामला दर्ज किया था, उस समय वो मंत्री भी नहीं थे। AAP नेताओं के खिलाफ झूठे मामले दर्ज करके उन्हें जेल में डालना मोदी सरकार की नीति बन गई है। प्रधानमंत्री मोदी की फर्जी डिग्री पर देश में चर्चा न हो इसलिए ED ने छापे मारे हैं। AAP विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि ED की टीम ने दिल्ली AAP अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के आवास पर कई घंटों तक छापेमारी की। इस छापेमारी के दौरान उन्हें कुछ नहीं मिला। AAP के नेता ईमानदार और देशभक्त हैं। हम हमेशा दिल्ली के लोगों की सेवा के लिए काम करते हैं। AAP विधायक अमानतुल्लाह खान ने कहा कि जब सौरभ भारद्वाज ने वह नहीं कहा जो ED वाले कहलवाना चाहते थे, तो ED की टीम चली गई। (AAP Delhi President Bhardwaj)
भारद्वाज के खिलाफ साजिश रच रही है: संजीव झा
दिल्ली AAP अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जब सुबह छापा पड़ा तो मैंने ED से कहा कि चोरों के साथ ईमानदारों के यहां भी छापा मारने से ईमानदार इंसान ईमानदार नहीं रहेगा। जब मैंने आप लोगों के नारे सुने तब मुझे लगा कि मेरा जीवन सफल हो गया है। AAP के दिल्ली प्रदेश महासचिव आदिल अहमद खान ने कहा कि वे क्या जांच कर रहे हैं ? क्या भाजपा दिल्ली AAP अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के खिलाफ साजिश रच रही है? हम डरेंगे नहीं। वे AAP की आवाज को कभी दबा नहीं पाएंगे। AAP विधायक संजीव झा ने कहा कि ED क्या जांच कर रही है ? वे हमें डराना चाहते हैं। दिल्ली AAP अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के परिवार को केवल राजनीतिक बदले की भावना से परेशान किया जा रहा है। (AAP Delhi President Bhardwaj)
भाजपा नेता सतीश उपाध्याय ने किया पलटवार
ED की छापेमारी पर भाजपा नेता सतीश उपाध्याय ने कहा कि जब वो सरकार में थे, तब उनके पास कई महत्वपूर्ण विभाग रहे हैं। 2018-19 में 5590 करोड़ रुपए की योजनाओं को मंजूरी मिली थी, जिसके तहत 24 अस्पतालों में ICU का निर्माण करना था, पॉलीक्लिनिक बनाए जाने थे और अस्पतालों का आधुनिकीकरण किया जाना था। जांच में एजेंसियों ने पाया कि इस मामले में भ्रष्टाचार हुआ है। ED ने उनके खिलाफ कार्रवाई की है। यह पार्टी भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि AAP दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के घर पर जांच एजेंसी ने छापा मारा है, जो भ्रष्टाचार उन्होंने अस्पताल बनाने में किया, दवाई और उपकरण खरीदने में किया और उसकी शिकायत भाजपा लगातार करती आ रही थी। हमारा मानना है कि चाहे सौरभ भारद्वाज हो, अरविंद केजरीवाल हो, मनीष सिसोदिया हो या सत्येन्द्र जैन हो, यह सब भ्रष्टाचारी हैं। जांच एजेंसी जांच कर रही है। जनता भी देखेगी कि कैसे उन्होंने हमें लूटने का काम किया था। (AAP Delhi President Bhardwaj)
कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने किया छापेमारी का समर्थन
दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि अस्पताल निर्माण घोटाले के सिलसिले में ED ने AAP नेता सौरभ भारद्वाज के आवास पर छापेमारी की है। 13 अस्पतालों के निर्माण के नाम पर हजारों करोड़ का भ्रष्टाचार किया गया। AAP पंजाब में जाकर दोनों हाथों से पंजाब को लूट रही है। मैं ED की इस कार्रवाई का स्वागत करता हूं। भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि गरीबों के हेल्थ प्रोजेक्ट को अगर कोई सरकार अपना वेल्थ प्रोजेक्ट बना लेगी तो उसे छोड़ा नहीं जाना चाहिए। गरीबों के हेल्थ प्रोजेक्ट के साथ छल करके, उसे अपनी संपत्ति बढ़ाने का साधन बनाने की कोशिश करना भ्रष्टाचार है। ऐसी करतूतों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। यह पार्टी वह है जो करप्शन के खिलाफ क्रांति के नाम पर आई थी। अब करप्शन की सबसे बड़ी कारीगर दिख रही है। कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा कि घोटाला तो है। इसमें कोई दोराय नहीं है। जब भाजपा ने जांच की बात कही थी तो मुझे आशा थी कि यह ढंग से होगा। यह छापेमारी तो बहुत पहले हो जानी चाहिए थी। (AAP Delhi President Bhardwaj)



