शिक्षक राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति, टीचर सिर्फ वर्तमान नहीं, भविष्य भी गढ़ते हैं: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM Modi on Teachers: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के 7, लोक कल्याण मार्ग में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता शिक्षकों से संवाद किया। साथ ही उन्हें राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के लिए सम्मानित करते हुए शिक्षा व्यवस्था में उनके योगदान को देश सेवा के बराबर बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे यहां शिक्षक के प्रति एक स्वाभाविक सम्मान होता है और वो समाज की एक बहुत बड़ी शक्ति भी हैं। उन्होंने कहा कि कि शिक्षकों को आशीर्वचन के लिए खड़ा होना यह पाप है। तो मैं ऐसा पाप करना नहीं चाहता हूं। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके लिए यह बहुत अच्छा अनुभव था कि उन्हें शिक्षकों से मिलने और जानने का अवसर मिला। आपकी हर एक की कहानी होगी, आपके जीवन का संघर्ष होगा, क्योंकि उसके बिना यहां तक पहुंचे नहीं होंगे। जितना मुझे आप सबसे कुछ जानने का अवसर मिला, वो बहुत ही प्रेरक है और मैं इसके लिए आप सबको बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
यह भी पढ़ें:- MP के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा- गर्व से कहो हम आदिवासी हैं, हिंदू नहीं, PCC चीफ दीपक बैज ने दिया समर्थन
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पुरस्कार पाना अपने आप में कोई अंत नहीं है। इस पुरस्कार के बाद शिक्षकों की पहुंच और प्रभाव बहुत बढ़ जाता है। पहले जो आपका प्रभाव क्षेत्र था, वो अब इस पुरस्कार के बाद बहुत बढ़ सकता है। मैं मानता हूं कि शुरुआत यहां से होती है। मौका ले लेना चाहिए। आपके पास जो है, जितना ज्यादा परोस सकते हैं, परोसना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस पुरस्कार के लिए चयन शिक्षकों के परिश्रम और निरंतर साधना का प्रमाण है। एक शिक्षक सिर्फ वर्तमान नहीं होता है, बल्कि देश की भावी पीढ़ी को भी वो गढ़ता है, वो भविष्य को निखारता है और ये भी देश सेवा की श्रेणी में किसी भी प्रकार से किसी की भी देश सेवा से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि आज करोड़ों शिक्षक पूरी निष्ठा, तत्परता और समर्पण भाव से देश सेवा में जुटे हैं। हो सकता है सबको राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर न मिले, लेकिन सबके सामूहिक प्रयासों से ही राष्ट्र निरंतर उन्नति करता है। (PM Modi on Teachers)
गुरु-शिष्य परंपरा पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत हमेशा से गुरु-शिष्य परंपरा का उपासक रहा है। भारत में गुरु को केवल ज्ञान देने वाला नहीं, बल्कि जीवन का मार्गदर्शक माना गया है। मां जन्म देती है, गुरु जीवन देता है। उन्होंने कहा कि आप जैसे शिक्षक इस श्रेष्ठ परंपरा के प्रतीक हैं, जो नई पीढ़ी को केवल अक्षर ज्ञान ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के लिए जीने की सीख भी देते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि शिक्षक एक मजबूत देश और सशक्त समाज की बुनियाद होते हैं। वे पाठ्यक्रम और पाठ्यचर्या में समय के अनुसार बदलाव की आवश्यकता समझते हैं। “काल बाह्य चीजों से मुक्ति चाहना, यही भावना देश के सुधारों में भी होती है। सुधार निरंतर होने चाहिए। यह समय के अनुकूल भी हों और दीर्घदृष्टि भी हों। उन्होंने कहा कि यह सरकार समयानुकूल परिवर्तन और सुधारों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है समयानुकूल परिवर्तन के बिना हम आज की वैश्विक परिस्थिति में अपने देश को उसका हक नहीं दिला सकते। (PM Modi on Teachers)
विज्ञान और नवाचार की ओर झुकाव
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत के विद्यार्थियों में नवाचार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के प्रति नया रुझान पैदा हुआ है। इसमें चंद्रयान की सफलता ने बड़ी भूमिका निभाई है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि हाल ही में स्पेस मिशन से लौटे ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला जब अपने स्कूल पहुँचे तो पूरा वातावरण बदल गया। शिक्षक केवल पढ़ाते नहीं हैं, वे नौजवानों को गढ़ते हैं और एक दिशा दिखाते हैं। उन्होंने बताया कि अब तक देश में 10 हजार अटल टिंकरिंग प्रयोगशालाएं बन चुकी हैं और 50 हजार नई प्रयोगशालाएं और बनाने का निर्णय लिया गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जहां सरकार युवाओं को डिजिटली सक्षम बनाने और नवाचार पर बल दे रही है, वहीं दूसरी ओर डिजिटल दुनिया के दुष्प्रभावों से बच्चों को बचाना भी आवश्यक है। (PM Modi on Teachers)
गेमिंग बुरा नहीं है, जुआ बुरा है: PM मोदी
उन्होंने कहा कि हाल ही में संसद में ऑनलाइन गेमिंग से जुड़ा कानून पारित किया गया है। कई बार गेमिंग के नाम पर जुआ चलता है। इससे परिवार बर्बाद हो रहे थे। यह नशे की तरह लत बन रही थी। हमने इस पर रोक लगाई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि शिक्षकों को विद्यार्थियों में जागरूकता फैलानी होगी। गेमिंग बुरा नहीं है, जुआ बुरा है। ओलंपिक में भी कुछ गेमिंग को खेल के रूप में मान्यता मिली है। लेकिन जब यह लत बन जाती है, बच्चों की जिंदगी बर्बाद कर देती है, तब यह चिंता का विषय है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने लाल किले से स्वदेशी अपनाने का आग्रह किया था। स्वदेशी यानी जो हमारे देश में पैदा होता है, उसमें देशवासियों के पसीने की महक और देश की मिट्टी की सुगंध होती है। उन्होंने सुझाव दिया कि हर घर और दुकान पर गर्व से कहो, यह स्वदेशी है बोर्ड लगना चाहिए। (PM Modi on Teachers)
मेड इन इंडिया
प्रधानमंत्री ने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे विद्यार्थियों को स्कूल प्रोजेक्ट्स और गतिविधियों के जरिए स्वदेशी अपनाने की शिक्षा दें। उन्होंने कहा कि स्कूलों में ‘स्वदेशी दिवस’, ‘स्वदेशी सप्ताह’ और ‘लोकल उत्पाद दिवस’ मनाए जा सकते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्कूलों की कला और शिल्प कक्षाओं में स्वदेशी सामग्री का इस्तेमाल होना चाहिए। बच्चों को यह सिखाना चाहिए कि “मेड इन इंडिया” उत्पादों का उपयोग गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह युवाओं में देशभक्ति, आत्मविश्वास और श्रम के सम्मान की भावना पैदा करेगा। प्रधानमंत्री ने अंत में कहा कि जैसे शिक्षक विद्यार्थियों को होमवर्क देते हैं, वैसे ही आज उन्होंने शिक्षकों को होमवर्क दिया है। मैंने आप लोगों को स्वदेशी अपनाने और विद्यार्थियों में जागरूकता फैलाने का काम सौंपा है। मुझे पूरा विश्वास है कि आप इसे पूरा करेंगे। प्रधानमंत्री ने सभी राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता शिक्षकों को बधाई दी और कहा कि शिक्षक ही राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति हैं। (PM Modi on Teachers)



