बिहार कांग्रेस के AI जनरेटेड वीडियो पर सियासी घमासान, PM मोदी और उनकी मां का AI वीडियो किया पोस्ट

Bihar Congress Post: बिहार में वोट अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मां की गाली देने पर मचे विवाद के बीच कांग्रेस ने एक नया वीडियो जारी कर राजनीति का तापमान और बढ़ा दिया है। बिहार कांग्रेस ने अपने X हैंडल पर 36 सेकेंड का एक AI जनरेटेड वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी से मिलता-जुलता शख्स और उनकी दिवंगत मां हीराबेन जैसी दिखने वाली महिला नजर आ रही हैं। कैप्शन में लिखा गया है कि “साहब के सपनों में आईं मां, देखिए रोचक संवाद।” वीडियो में दिखाया गया है कि प्रधानमंत्री के सपने में उनकी मां आती हैं और पूछती हैं “राजनीति के लिए कितना गिरोगे ?”
कांग्रेस ने पोस्ट किया यह वीडियो
बीजेपी ने इस वीडियो को प्रधानमंत्री और उनकी मां के खिलाफ आपत्तिजनक बताया है। साथ ही कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा कि राजनीति इससे नीचे नहीं जा सकती। प्रधानमंत्री ने राजनीति को परिवार से पूरी तरह अलग रखा है। एक तरफ बिहार की राजनीति में कांग्रेस प्रधानमंत्री की मां को गाली देती है और जब उनका इससे मन नहीं भरता तो वे डीपफेक और AI का इस्तेमाल करके इस प्रकार के फर्जी वीडियो बना रहे हैं और पूरे देश को गुमराह करने और देश की माताओं का अपमान करने की कोशिश कर रहे हैं। राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर ने कहा कि कांग्रेस अपना वर्चस्व खो चुकी है और अब वो घटिया हथकंडे अपना रही है। (Bihar Congress Post)
यह भी पढ़ें:- सी.पी. राधाकृष्णन ने ली उपराष्ट्रपति पद की शपथ , राष्ट्रपति भवन में हुआ शपथग्रहण समारोह, पूर्व VP धनखड़ भी रहे मौजूद
उन्होंने कहा कि कभी मोदी सरनेम को लेकर और कभी वे मां के नाम पर अभद्र शब्दों का इस्तेमाल करते हैं। कांग्रेस ने अपने स्टेट हैंडल पर जो वीडियो अपलोड किया वो बेहद निंदनीय है। राजनीति में जब कोई निराश या हताश हो जाता है, तब इस प्रकार की घटिया हथकंडे अपनाता है। कांग्रेस ने जो भी निंदनीय कृत्य किए हैं, समाज उनकी निंदा भी करेगा और उन्हें सबक भी सिखाएगा। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि कांग्रेस बेशर्मी से बाज नहीं आ रही है। वे ओछे आचरण से भी बाज नहीं आ रहे हैं। एक तरफ वे पृष्ठभूमि में राष्ट्रीय ध्वज के साथ उन्हें गाली देते हैं और दूसरी तरफ माफी मांगने के बजाय, वे इसे सही ठहराने के लिए उनका वीडियो जारी करते हैं। वे प्रधानमंत्री मोदी और उनकी मां के साथ-साथ देश की महिलाओं का अपमान कर रहे हैं। पूरा बिहार और देश कांग्रेस के इस ओछे आचरण से आक्रोशित है। कांग्रेस को इसका जवाब मिलेगा। (Bihar Congress Post)
यह देश की सभी माताओं का अपमान: राम कदम
भाजपा नेता राम कदम ने कहा कि बिहार के चुनाव में जिस प्रकार विपक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी की स्वर्गवासी माताजी का AI वीडियो बनाकर अवमान किया है, वह देश की सभी माताओं का अपमान है। क्या मां से प्रेम करना अपराध है ? कांग्रेस और विपक्ष के लोग संस्कारों को नहीं समझ सकते हैं। भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि मां का अपमान, मातृशक्ति और नारी का अपमान यही कांग्रेस की पहचान बन चुकी है। कांग्रेस ने पीएम मोदी और उनकी मां को अपशब्द कहे तथा उस पर माफी मांगने के बदले राहुल गांधी के इकोसिस्टम ने उसे जस्टिफाई किया। उन्होंने उसे बचाने का प्रयास किया जिसने अपशब्द कहे।अभी भी उनके मन में पीड़ा नहीं है तभी उन्होंने इतना अपमानजनक वीडियो बनाया है और फिर से एक बार पीएम मोदी की माता का ही नहीं बल्कि उन्होंने हर माता का अपमान किया है।केवल मां के प्रति ये भावना नहीं है उन्होंने तो बिहार को भी बीड़ी बोल दिया है। ये सब राहुल गांधी के इशारे पर किया जा रहा है। राहुल गांधी इसके लिए माफी मांगे क्योंकि ये तो ऑफिसियल हैंडल से किया गया है। (Bihar Congress Post)
कांग्रेस नेता ने किया पोस्ट का पूरा समर्थन
वहीं कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि जब भाजपा के लोगों ने गाली दी तो राहुल गांधी इस पर नहीं रोए। सोनिया गांधी भी एक मां हैं। हम प्रधानमंत्री मोदी की मां का सम्मान करते हैं। मुझे लगता है कि माताओं को राजनीति में घसीटना शर्मनाक है। माताओं का बहुत सम्मान किया जाता है। वे राजनीति से ऊपर हैं। कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि क्या यह बात सच नहीं है कि मां के अपमान के नाम पर बिहार में वोट मांगे जा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी की मां के अपमान के नाम पर हर बिहारी की मां को गाली देकर बिहार बंद कराया गया है। यह भावना की अभिव्यक्ति है। भावनाओं की अभिव्यक्ति कलाकृती के माध्यम से होती है। हम इसका पूरा समर्थन करते हैं। इस पर बिहार के मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि यह निंदनीय है। वे बहुत नीचे गिर रहे हैं। देश के लोग कांग्रेस पार्टी को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं। उन्हें इसके पीछे के कारणों पर गौर करना चाहिए। (Bihar Congress Post)



