घायल सांप की सर्जरी कर डॉक्टर ने बचाई जान, 3 दिन अस्पताल में रहा भर्ती
राजन्ना सिरसिला (तेलंगाना): तेलंगाना के राजन्ना सिरसिला जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक घायल सांप की न केवल सर्जरी की गई, बल्कि तीन दिन तक उसे अस्पताल में भर्ती रखकर उसकी जान भी बचाई गई।
यह भी पढ़े :- Shardiya Navratri 2025 Day 4: शारदीय नवरात्रि 2025 का चौथा दिन आज, जानिए मां कूष्मांडा की पूजा-विधि
कैसे हुआ हादसा?
यह मामला जिले के चंद्रमपेट गांव का है। जानकारी के अनुसार, एक घर में घुसे सांप पर अचानक छत से फावड़ा गिर गया। इस हादसे में सांप का पेट फट गया और उसकी आंतें व पित्ताशय बाहर आ गए। स्थिति गंभीर थी, लेकिन घरवालों ने साहस दिखाते हुए तुरंत घायल सांप को नज़दीकी पशु चिकित्सक के पास पहुंचाया।
डॉक्टर ने बिना डरे की सर्जरी
गांव के लोग सांप के पास जाने से भी डर रहे थे, वहीं पशु चिकित्सक डॉ. अभिलाष ने बिना किसी हिचकिचाहट के सांप की जांच की और तुरंत सर्जरी शुरू की। उन्होंने बड़ी सावधानी से ऑपरेशन कर सांप के पेट पर छह टांके लगाए।
अस्पताल में 3 दिन भर्ती रहा सांप
सिर्फ सर्जरी ही नहीं, बल्कि घायल सांप को अस्पताल में एक मरीज की तरह भर्ती कर रखा गया। डॉक्टरों ने लगातार तीन दिनों तक उसकी देखरेख की। मेहनत रंग लाई और सांप की हालत सुधरने लगी। डॉक्टर अभिलाष ने बताया कि अब सांप पूरी तरह से स्वस्थ है।
गांव में चर्चा का विषय बनी घटना
गांव के लोगों ने कहा कि उन्होंने पहली बार किसी सांप की सर्जरी होते देखी है। यह अनोखी घटना अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है और लोग डॉक्टर की हिम्मत व सेवा भावना की तारीफ कर रहे हैं।



