स्कूल की बड़ी लापरवाही, स्कूल की दो मंजिला इमारत से गिरी 9वीं की छात्रा, ICU में जिंदगी और मौत से जूझ रही बच्ची

Accident in Mungeli School: मुंगेली के संतू लाल सोनकर हायर सेकेंडरी स्कूल में बड़ा हादसा हुआ है, जहां कक्षा 9वीं की छात्रा आरती सिंह स्कूल की दो मंजिला इमारत से नीचे गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई है। बच्ची के सिर और चेहरे पर गहरी चोटें आई हैं। हादसे के तुरंत बाद स्कूल प्रबंधन ने उसे मुंगेली जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे बिलासपुर स्थित सिम्स हॉस्पिटल रेफर किया गया। वहां से छात्रा को अपोलो अस्पताल में शिफ्ट किया गया, जहां वह अब भी ICU में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में करोड़ों की जीएसटी चोरी का खुलासा, सियासी पार भी हुआ हाई
जिला अस्पताल की डॉ. अंजली शर्मा के मुताबिक छात्रा को सिर पर गहरी चोट लगी है और उसके चेहरे की कई हड्डियां टूट गई हैं। उसे प्राथमिक उपचार के बाद सिम्स रेफर किया गया और फिर अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। मरीज की हालत क्रिटिकल थी। सिर पर चोट और चेहरे की हड्डियां टूटने की वजह से सिटी स्कैन, एमआरआई और न्यूरोलॉजिकल जांच के लिए उसे सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया। घटना को लेकर छात्रा आरती सिंह के पिता बबलू सिंह ने स्कूल प्रशासन पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना के बाद भी उन्हें स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई सूचना नहीं दी गई। जब उन्होंने खुद फोन कर जानकारी ली, तब जाकर पता चला कि उनकी बेटी छत से गिर गई है। (Accident in Mungeli School)
स्कूल प्रबंधन ने दी सफाई
बच्ची के पिता ने कहा कि टीचर ने सिर्फ इतना कहा कि बच्ची छत से गिर गई है, आप तुरंत अस्पताल आइए, लेकिन हमें पहले कोई सूचना नहीं दी गई। मेरी बेटी के साथ क्या हुआ, स्कूल वाले कुछ नहीं बता रहे हैं। अगर उसे कुछ हो गया तो मैं भी उसी स्कूल की छत से कूद जाऊंगा। मेरी बेटी ही मेरी जिंदगी है। स्कूल के प्राचार्य दिलीप ताम्रकार ने बताया कि कक्षा 9वीं की छात्रा आरती सिंह स्कूल की दूसरी मंजिल से गिर गई थी। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया और वहां से बिलासपुर के लिए रेफर किया गया है। हादसे ने स्कूल में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छात्रा कैसे गिरी। क्या यह दुर्घटना थी या स्कूल की लापरवाही का नतीजा। परिजन प्रशासन से न्याय की मांग कर रहे हैं और पूरे मामले की जांच की आवश्यकता है। (Accident in Mungeli School)



