विजयादशमी पर मां आदिशक्ति के समक्ष विश्व हिंदू परिषद-बजरंगदल ने किया शस्त्र पूजन

बलौदाबाजार। विजयादशमी के पावन अवसर पर जिलेभर में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंगदल कार्यकर्ताओं ने मां आदिशक्ति भवानी के समक्ष पूजा-अर्चना कर शस्त्र पूजन किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने आरती कर विश्व कल्याण की कामना की तथा गौवंश की सेवा-सुरक्षा एवं हिंदू समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए माता रानी से आशीर्वाद मांगा।
विहिप जिला अध्यक्ष अभिषेक तिवारी (मिकी) ने उपस्थितजनों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व असत्य पर सत्य और अन्याय पर न्याय की विजय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जैसे भगवान श्रीराम ने मां भवानी की आराधना कर रावण का संहार किया था, उसी परंपरा के तहत सनातनी समाज हर वर्ष शस्त्र पूजन कर सुख-समृद्धि और विश्व की रक्षा का आशीर्वाद प्राप्त करता है। तिवारी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे शास्त्रों के साथ शस्त्रों में भी पारंगत बनें और अपने सनातन धर्म पर गर्व करें।



