देश में जाति और धर्म के नाम पर नफरत फैलाने का नतीजा है CJI पर हमले की घटना: कांग्रेस

Politics on CJI Case: भारत के चीफ जस्टिस पर हमले की कोशिश को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि भारत के मुख्य न्यायाधीश पर हमला हमारी न्यायपालिका की गरिमा और हमारे संविधान की भावना पर हमला है। इस तरह की नफरत का हमारे देश में कोई स्थान नहीं है और इसकी निंदा की जानी चाहिए। कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी ने कहा कि भारत के चीफ जस्टिस पर सुप्रीम कोर्ट के भीतर हुआ हमला शब्दों से परे निंदनीय है। यह सिर्फ एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि हमारे संविधान और कानून के शासन पर सीधा आघात है। चीफ जस्टिस गवई ने इस स्थिति में अत्यंत संयम और गरिमा दिखाई है, लेकिन राष्ट्र को एकजुट होकर उनके साथ खड़ा होना चाहिए।
यह भी पढ़ें:- PM मोदी ने की CJI से बात, उन पर हुए हमले की निंदा की, बार एसोसिएशन ने रद्द किया वकील का लाइसेंस
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि चाहे वह किसी बात से कितना भी नाराज क्यों न हो, एक न्यायाधीश पर जूता फेंकना, मुख्य न्यायाधीश की तो बात ही छोड़िए, अक्षम्य और चौंकाने वाला है। ऐसा नहीं होने दिया जाना चाहिए था। वह भी तब, जब एक वकील को कानून और देश के मानकों की थोड़ी बहुत जानकारी है, यह वास्तव में निंदनीय है। मैं इस मामले में मुख्य न्यायाधीश के साथ हूं। उन्हें अपनी टिप्पणी और अवलोकन करने का अधिकार है। दूसरों को असहमत होने का अधिकार है, लेकिन किसी को भी न्यायाधीश पर जूते या पत्थर या कुछ और फेंकने का अधिकार नहीं है। यह सही नहीं है। (Politics on CJI Case)
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद का निशाना
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि यह दिन इतिहास में काले दिन के रूप में लिखा जाएगा। मुख्य न्यायाधीश संविधान के रक्षक हैं। उन पर जूता फेंकना कोई छोटी घटना नहीं है। वे इस बात को स्वीकार नहीं कर सकते कि एक दलित भारत का मुख्य न्यायाधीश बना है। यह बाबासाहेब अंबेडकर का सपना था। हम बार-बार बोल रहे हैं कि देश में जाति और धर्म के नाम पर नफरत फैलाई गई है, यह उसी का नतीजा है। वे दलितों और मुसलमानों को गाली समझते हैं। हम दुनिया में अलग-थलग पड़ गए हैं। आप विश्वगुरु बनना चाहते थे, लेकिन भारत ने अपने दोस्त खो दिए हैं। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि एक ऐसी जगह जिसे लोग न्याय का मंदिर मानते हैं, वहां ऐसी चीजें हो रही हैं। यह बहुत शर्मनाक है। यह हमारी पूरी न्यायपालिका का अपमान है। (Politics on CJI Case)
पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव का बीजेपी पर वार
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव ने कहा कि भाजपा और उनकी सोच के लोग सनातन की आड़ में राजनीति करना चाहते हैं। उनकी सोच के विपरीत अगर कोई बात सामने आती है तो उसे लेकर वे चल ही नहीं सकते। ये सुप्रीम कोर्ट के निर्णय पर भी हावी होना चाहते हैं। कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि सनातन का अपमान नहीं सहेंगे कहते हुए राकेश किशोर नाम के वकील ने इस देश के सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई पर बीच अदालत में जूता निकाल कर मारने की कोशिश की। सुरक्षाकर्मियों ने समय रहते उस आदमी को कोर्ट रूम से बाहर निकाल दिया। यह धर्म के स्वयंभू ठेकेदार नहीं-जोम्बीज हैं। इस कगार पर मेरे देश को लाने के लिए सिर्फ और सिर्फ एक आदमी जिम्मेदार हैं नरेंद्र मोदी।
श्रीनेता का PM मोदी पर निशाना
श्रीनेता ने कहा कि सोचिए यह सब इस देश की सबसे ऊंची अदालत में सबसे वरिष्ठ जज के साथ हो रहा है। यह धर्मांधता नहीं पागलपन है। न्याय की सबसे ऊंची संस्था में यह होना बिल्कुल गलत है। कांग्रेस नेता श्रीनेत ने कहा कि यह कल्पना से परे है कि एक पागल वकील सर्वोच्च न्यायालय में आएगा, नारे लगाएगा और भारत के मुख्य न्यायाधीश पर कुछ फेंकने का प्रयास करेगा। यह उनकी उदारता है कि उन्होंने कहा कि कार्रवाई जारी रहनी चाहिए, लेकिन यह हम सभी के लिए चिंता का विषय है। क्या ऐसा इसलिए हो रहा है, क्योंकि वह दलित समुदाय से आते हैं ? रायबरेली में एक दलित को पीट-पीटकर मार डाला गया और यहां एक दलित मुख्य न्यायाधीश पर हमला हुआ। मुझे लगता है कि यह बहुत चिंताजनक है। इसकी जितनी आलोचना की जाए, उतनी कम है। ऐसे व्यक्ति को दंडित किया जाना चाहिए। (Politics on CJI Case)
BJP ने कांग्रेस पर किया पलटवार
समाजवादी पार्टी के नेता IP सिंह ने कहा कि देश के मुख्य न्यायाधीश दलित समाज से ताल्लुक रखने वाले तेजतर्रार BR गवई के ऊपर सनातनियों संघियों ने जूते फेंके। ये लोग किस विचारधारा और किस दल से जुड़े हैं पूरा देश जानता है। देश के सर्वोच्च अदालत का अपमान है। देश में जिस PDA समाज की आबादी 80% है उसके साथ ऐसा सलूक किन लोगों के इशारे पर हो रहा है किसी से छुपा नहीं है। इस पर भाजपा सांसद और बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मनन कुमार मिश्रा ने कहा कि यह बेहद दुखद और शर्मनाक है। इससे ज्यादा शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता। इस घटना ने देश के सभी वकीलों को शर्मसार किया है। हमारे मुख्य न्यायाधीश भी सनातनी हैं, वो भी मंदिर जाते हैं। हम इसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। छत्तीसगढ़ के भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट और न्यायालय की अपनी गरिमा होती है। इस पर किसी ने घटना किया तो सही नहीं, लेकिन कांग्रेस को बोलने का अधिकार नहीं। क्योंकि कांग्रेस खुद अपराध में लिप्त हैं।



