भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी और दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

Defence Minister Rajnath Singh: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सिडनी में आयोजित पहली भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा उद्योग व्यापार गोलमेज बैठक को संबोधित करते हुए दोनों देशों के बीच रणनीतिक, औद्योगिक और तकनीकी सहयोग को नई गति देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया एक ऐसे दौर में हैं, जहां वे एक सुरक्षित और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के सह-निर्माता के रूप में अपनी भूमिका को सुदृढ़ कर रहे हैं। सिंह ने 2020 में स्थापित व्यापक रणनीतिक साझेदारी की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि यह गोलमेज बैठक सिर्फ संवाद का मंच नहीं, बल्कि व्यापार, उद्योग और नवाचार में स्वाभाविक सहयोग की दिशा में एक निर्णायक कदम है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को लेकर गरमाई सियासत, कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने
उन्होंने भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठकों जैसे भारत-ऑस्ट्रेलिया शिखर सम्मेलन (नवंबर 2024), अक्टूबर 2024 में हुई मंत्रिस्तरीय वार्ता और जून 2025 में ऑस्ट्रेलिया के उप-प्रधानमंत्री की भारत यात्रा को द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती देने वाला बताया। रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के संबंध लोकतंत्र, विविधता और स्वतंत्रता जैसे साझा मूल्यों पर आधारित हैं। दोनों देश राष्ट्रमंडल के सदस्य हैं और समान संस्थागत ढांचे से प्रेरित हैं। उन्होंने बताया कि दोनों देशों के संबंध सरकार-से-सरकार सहयोग, जन-संपर्क और व्यावसायिक हितों के अभिसरण के तीन स्तंभों पर टिकी हुई है। (Defence Minister Rajnath Singh)

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी और दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। उन्होंने बताया कि पिछले वित्त वर्ष में भारत का रक्षा उत्पादन 1.51 लाख करोड़ रुपए (18 अरब अमेरिकी डॉलर) तक पहुंच गया, जो 18% की वृद्धि दर्शाता है। भारत का रक्षा निर्यात भी 23,622 करोड़ रुपए (2.76 अरब अमेरिकी डॉलर) तक पहुंच गया है और अब भारतीय कंपनियां करीब 100 देशों को रक्षा सामग्री निर्यात कर रही हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तकनीकी सहयोग की अपार संभावनाएं हैं। (Defence Minister Rajnath Singh)

उन्होंने बताया कि ऑस्ट्रेलिया क्वांटम सिस्टम, स्वचालित अंडरवाटर व्हीकल्स और उन्नत समुद्री निगरानी तकनीक में अग्रणी है, जबकि भारत के पास विनिर्माण, सॉफ्टवेयर, जहाज निर्माण, मिसाइल और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी की मजबूत क्षमता है। उन्होंने कहा कि यह गोलमेज बैठक इन क्षमताओं के सह-निर्माण और सह-उत्पादन के लिए बड़ा अवसर है। सिंह ने कहा कि मेक इन इंडिया, पीएलआई योजना और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन जैसी पहलों ने नवाचार और निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया है। उन्होंने बताया कि सरकार ने रक्षा क्षेत्र में 74% तक एफडीआई स्वचालित मार्ग से अनुमति दी है और अत्याधुनिक तकनीक के लिए ज्यादा निवेश को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

रक्षा मंत्री ने बताया कि भारत ने निजी क्षेत्र को डीआरडीओ की तकनीक हस्तांतरण योजनाओं के माध्यम से अनुसंधान में शामिल किया है। डीआरडीओ और ऑस्ट्रेलिया के रक्षा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी समूह मिलकर टोएड ऐरे सेंसर, क्वांटम तकनीक, एआई, साइबर सुरक्षा और सूचना युद्ध पर काम कर रहे हैं। मंत्री सिंह ने मौजूदा औद्योगिक सहयोगों का उल्लेख करते हुए बताया कि थेल्स ऑस्ट्रेलिया और इंडो-एमआईएम प्राइवेट लिमिटेड, टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स और डब्ल्यू एंड ई प्लैट प्राइवेट लिमिटेड, एक्वास्पोर्ट और म्यूनिशंस इंडिया लिमिटेड के बीच सक्रिय साझेदारियां जारी हैं। (Defence Minister Rajnath Singh)

उन्होंने कहा कि ये सहयोग दिखाते हैं कि दोनों देशों की औद्योगिक क्षमताएं एक-दूसरे की पूरक हैं। राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत के पास मजबूत जहाज निर्माण और रखरखाव क्षमता है। भारतीय शिपयार्ड अब रॉयल ऑस्ट्रेलियाई नौसेना को रीफिटिंग, मरम्मत और एमआरओ सेवाएं प्रदान करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में दोनों देश स्वायत्त प्रणालियों, हरित जहाज निर्माण तकनीकों और जहाज मरम्मत के क्षेत्र में भी संयुक्त रूप से काम कर सकते हैं। रक्षा मंत्री ने ऑस्ट्रेलियाई व्यापार जगत को भारत में निवेश और सह-विकास के लिए आमंत्रित किया।

उन्होंने कहा कि दोनों देश मिलकर अत्याधुनिक प्लेटफॉर्म और तकनीकें विकसित कर सकते हैं, जिससे क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा को सुदृढ़ किया जा सकेगा। यह गोलमेज सम्मेलन भारत के रक्षा मंत्रालय, ऑस्ट्रेलियाई रक्षा विभाग, न्यूलैंड ग्लोबल ग्रुप और ऑस्ट्रेलिया-भारत व्यापार परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। इस अवसर पर ऑस्ट्रेलिया के सहायक रक्षा मंत्री पीटर खलील, दोनों देशों के वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, राजनयिक, उद्योगपति, अनुसंधान संस्थान और नवप्रवर्तक उपस्थित रहे। (Defence Minister Rajnath Singh)



