Bihar Election 2025 : पवन सिंह नहीं लड़ेंगे विधानसभा चुनाव, कहा -इसके लिए बीजेपी में शामिल नहीं हुआ

Bihar Election 2025 : भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और बीजेपी नेता पवन सिंह ने शनिवार को यह स्पष्ट कर दिया कि वह बिहार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने के लिए वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल नहीं हुए हैं।
यह भी पढ़े :- लोकतांत्रिक साझेदारी पर भारत की नई दृष्टि, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रखी वैश्विक संवाद की नींव
पवन सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए लिखा-
“मैं पवन सिंह अपने भोजपुरीया समाज से बताना चाहता हूं कि मैं बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए पार्टी ज्वाइन नहीं किया था और ना ही मुझे विधानसभा चुनाव लड़ना है। मैं पार्टी का सच्चा सिपाही हूं और रहूंगा।”
ज्योति सिंह की पीके से मुलाकात के बाद आया बयान
पवन सिंह का यह ऐलान ऐसे समय में आया है जब उनकी पत्नी ज्योति सिंह ने शुक्रवार को जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) से शेखपुरा में उनके आवास पर मुलाकात की थी।
ज्योति सिंह ने मुलाकात को गैर-राजनीतिक बताते हुए कहा —
“मैं किसी चुनाव में भाग लेने या टिकट के लिए नहीं आई हूं। मेरे साथ जो अन्याय हुआ, वह किसी और महिला के साथ न हो — मैं उन सभी महिलाओं की आवाज बनना चाहती हूं जो अन्याय का सामना कर रही हैं।”
वहीं, प्रशांत किशोर ने भी कहा कि जनसुराज पार्टी अपने नियमों में किसी के लिए बदलाव नहीं करती। उन्होंने बताया कि आरा क्षेत्र से डॉक्टर विजय गुप्ता पहले ही उम्मीदवार घोषित किए जा चुके हैं, और इस फैसले में कोई परिवर्तन नहीं होगा।
लोकसभा से विधानसभा तक अधूरा रहा सियासी सफर
राजनीतिक हलकों में यह कयास लगाए जा रहे थे कि पत्नी ज्योति सिंह से विवाद और छवि को लेकर उठे सवालों के कारण पवन सिंह का चुनावी सफर प्रभावित हुआ है।
लोकसभा चुनाव के दौरान बीजेपी ने उन्हें पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट से टिकट दिया था, लेकिन महिलाओं को लेकर उनके विवादित गीतों और छवि के चलते पार्टी ने टिकट वापस ले लिया।
इसके बाद पवन सिंह ने बिहार की काराकाट लोकसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था। उन्हें मजबूत प्रदर्शन के बावजूद हार का सामना करना पड़ा। बागी रुख अपनाने के कारण बीजेपी ने उन्हें पार्टी से निकाल दिया था। (Bihar Election 2025)
करीब डेढ़ साल बाद उनकी पार्टी में वापसी हुई, लेकिन पत्नी ज्योति सिंह से चल रहे विवादों और लगातार बढ़ते राजनीतिक दबाव के बीच अब उन्होंने विधानसभा चुनाव न लड़ने का फैसला किया है। (Bihar Election 2025)



