अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का लगातार बदल रहा तेवर, चीन पर नरमी, रूस को दी चेतावनी
Donald Trump on China: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की दोहरी रणनीति अब वैश्विक मंच पर चर्चा का विषय बन गई है। एक तरफ वे चीन पर 100 फीसदी टैरिफ लगाने की धमकी देते हैं तो दूसरी तरफ उसी चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की तारीफ करते हुए कहते हैं कि अमेरिका चीन की मदद करना चाहता है, नुकसान नहीं। वहीं दूसरी ओर उन्होंने रूस को चेतावनी दी है कि अगर यूक्रेन युद्ध नहीं रुका तो अमेरिका यूक्रेन को लंबी दूरी की टॉमहॉक मिसाइलें देने पर विचार कर सकता है।
यह भी पढ़ें:- डोनाल्ड ट्रंप बोले- मैं युद्ध सुलझाने में माहिर हूं, अफगानिस्तान-पाकिस्तान की जंग भी निपटाउंगा
दरअसल, चीन के साथ अमेरिका के व्यापारिक तनाव के बीच शुक्रवार को राष्ट्रपति ट्रंप ने चीनी सामानों पर 100 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाने की धमकी दी थी। यह कदम चीन के दुर्लभ धरती (Rare Earth) खनिजों और संबंधित हाई-टेक तकनीकों के निर्यात पर नए नियंत्रण लगाने के बाद उठाया गया था, लेकिन इसी के दो दिन बाद रविवार को ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि चीन की चिंता मत करो, सब ठीक हो जाएगा। राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ अभी-अभी एक बुरा दौर आया है। वह अपने देश में मंदी नहीं चाहते और न ही मैं। अमेरिका चीन की मदद करना चाहता है, उसे नुकसान नहीं पहुंचाना चाहता। (Donald Trump on China)
शी जिनपिंग की तारीफ
ट्रंप ने आगे कहा कि उनका शी जिनपिंग के साथ अच्छा व्यक्तिगत रिश्ता है और वे बहुत सख्त, बुद्धिमान और अपने देश के लिए अच्छे नेता हैं। हालांकि ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया जब बीजिंग ने चेतावनी दी कि वह अपने वैध अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूती से कदम उठाएगा। विश्लेषकों का मानना है कि अमेरिकी बाजार में आई भारी गिरावट ने ट्रंप के स्वर में नरमी लाने के लिए मजबूर किया। क्योंकि शुक्रवार को ट्रेड वॉर की आशंका बढ़ने के बाद अमेरिकी स्टॉक मार्केट्स में तेज गिरावट देखी गई थी। फिर भी ट्रंप ने कहा कि टैरिफ लगाने की योजना अभी भी बरकरार है। मतलब यह नरमी पूरी तरह से नीति-परिवर्तन नहीं, बल्कि रणनीतिक रुख में बदलाव है, जहां आर्थिक दबाव और कूटनीतिक बातचीत दोनों साथ चल रहे हैं। (Donald Trump on China)
रूस को दी टॉमहॉक मिसाइल की चेतावनी
दूसरी तरफ ट्रंप ने रूस को भी रविवार को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर रूस यूक्रेन के साथ चल रहा युद्ध समाप्त नहीं करता तो अमेरिका यूक्रेन को लंबी दूरी की टॉमहॉक क्रूज मिसाइलें देने पर विचार करेगा।
ट्रंप ने एयर फोर्स वन पर पत्रकारों से कहा कि मैं कह सकता हूं, देखिए अगर यह युद्ध खत्म नहीं होता तो मैं उन्हें टॉमहॉक्स देने जा रहा हूं। टॉमहॉक एक बेहद शक्तिशाली और आक्रामक हथियार है और ईमानदारी से कहूं तो रूस को इसकी जरूरत नहीं है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिका सीधे यूक्रेन को ये मिसाइलें नहीं देगा,
बल्कि उन्हें NATO को देगा और नाटो के माध्यम से यूक्रेन को दी जा सकती हैं। (Donald Trump on China)
ट्रंप ने यूक्रेनी राष्ट्रपति से की बात
ट्रंप ने बताया कि उन्होंने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से फोन पर बात की है। उन्होंने कहा कि अगर रूस ने युद्ध जारी रखा तो यह पुतिन के लिए भी अच्छा नहीं होगा। दरअसल, टॉमहॉक क्रूज मिसाइलों की मारक क्षमता 2,500 किलोमीटर तक मानी जाती है। यानी रूस की राजधानी मॉस्को तक भी इनकी पहुंच है। इसी वजह से क्रेमलिन ने अमेरिका को चेतावनी दी है कि अगर यूक्रेन को ऐसी मिसाइलें दी गई तो इसे नई आक्रामकता माना जाएगा और इससे मॉस्को-वॉशिंगटन संबंध गंभीर रूप से प्रभावित होंगे। रूस ने इसके जवाब में यूक्रेन के बिजली संयंत्रों पर रातों-रात हमले किए हैं, जो सर्दियों से पहले यूक्रेन की ऊर्जा संरचना को ठप करने की उसकी रणनीति का हिस्सा हैं।
मध्य-पूर्व में ट्रंप की शांति पहल
ट्रंप इन दिनों इजरायल और मिस्र के दौरे पर हैं, जहां वे गाजा शांति समझौते को लागू करवाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह 20 सूत्रीय समझौता है, जिस पर दोनों युद्धरत पक्षों ने सहमति जताई है। ट्रंप ने कहा कि वे अब रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करवाना चाहते हैं और दावा किया कि अपने कार्यकाल में उन्होंने भारत-पाकिस्तान समेत दुनिया भर में 8 युद्ध रुकवाए हैं। राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि ट्रंप की रणनीति अब दबाव और संवाद दोनों पर आधारित है, जहां वे एक तरफ व्यापारिक और सैन्य दबाव बनाते हैं, वहीं दूसरी ओर बातचीत और समझौते का रास्ता खुला रखते हैं। (Donald Trump on China)
ट्रंप की वैश्विक कूटनीति
ट्रंप के बयान से स्पष्ट है कि वे आर्थिक टकराव नहीं, बल्कि सौदेबाजी चाहते हैं। वहीं टॉमहॉक चेतावनी का उद्देश्य पुतिन पर दबाव बढ़ाना है, लेकिन मिसाइलें सीधे यूक्रेन को न देकर NATO के जरिए देना कूटनीतिक चाल कहलाएगी। ट्रंप खुद को शांति निर्माता की छवि में स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं। जबकि अंदरूनी तौर पर वे हथियारों और प्रतिबंधों का उपयोग दबाव उपकरण के रूप में कर रहे हैं। ट्रंप के हालिया बयानों में विरोधाभास भले दिखता हो, लेकिन यह उनकी पुरानी डील-मेकिंग रणनीति का ही हिस्सा है, जहां धमकी और दोस्ती दोनों साथ चलते हैं। देखना दिलचस्प होगा कि क्या ट्रंप की यह दोहरी नीति वैश्विक शांति की ओर बढ़ेगी नए तनावों का कारण बनेगी।



