Google Analytics —— Meta Pixel

नक्सल मोर्चे पर अब तक की सबसे बड़ी सफलता, सोनू दादा उर्फ भूपति समेत 60 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण 

60 Naxalites Surrendered: महाराष्ट्र के नक्सल प्रभावित जिले गढ़चिरौली से सुरक्षाबलों को अब तक की सबसे बड़ी सफलता मिली है। दरअसल, मंगलवार को बहुचर्चित और मोस्ट वांटेड नक्सली मल्लोजुला वेणुगोपाल राव उर्फ सोनू दादा उर्फ भूपति ने 60 नक्सलियों के साथ पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। इन नक्सलियों ने आत्मसमर्पण के साथ 50 से ज्यादा हथियार भी सुरक्षाबलों को सौंपे हैं। जानकारी के मुताबिक सरेंडर करने वाले नक्सली अलग-अलग स्तरों के पदाधिकारी हैं, जिनमें डिवीजन कमेटी मेंबर (DVCM) और एरिया कमेटी मेंबर (ACM) स्तर के कैडर शामिल हैं।  

कौन है सोनू दादा उर्फ भूपति ?

मूल रूप से तेलंगाना के पेद्दापल्ली जिले का निवासी मल्लोजुला वेणुगोपाल राव उर्फ भूपति, नक्सलियों की सेंट्रल कमेटी और पोलित ब्यूरो का सदस्य है। 67 साल के सोनू दादा बी.कॉम स्नातक है और पिछले चार दशकों से नक्सली संगठन का सक्रिय और रणनीतिक नेतृत्व करता रहा है। वह छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना जैसे राज्यों में नक्सली नेटवर्क का संचालन करता रहा है। उस पर 1.5 करोड़ रुपए तक का इनाम घोषित था। (60 Naxalites Surrendered)

किन-किन नक्सली संगठन में भूमिका 

  • पोलित ब्यूरो सदस्य
  • सेंट्रल कमेटी सदस्य
  • संचालक – सीआईआरबी (CIRB)
  • प्रवक्ता – भाकपा माओवादी संगठन

आत्मसमर्पण से पहले दिया था इशारा

सोनू दादा ने सितंबर महीने में एक प्रेस रिलीज के माध्यम से हथियार डालने के संकेत दिए थे। इसके बाद से नक्सल संगठन के भीतर भारी असंतोष और अंदरूनी मतभेद सामने आए। कुछ बड़े नक्सली कैडरों ने उसकी मंशा का समर्थन किया, जबकि कुछ ने इसका विरोध किया। आखिर में 14 अक्टूबर को उसने 60 नक्सलियों के साथ आत्मसमर्पण कर हिंसा का रास्ता छोड़ दिया। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों ने 50 से ज्यादा आधुनिक हथियार, गोला-बारूद और अन्य नक्सली सामग्री भी पुलिस को सौंपी। माना जा रहा है कि यह अब तक का सबसे बड़ा सामूहिक आत्मसमर्पण है, जिसने नक्सल संगठन को भारी झटका दिया है।

यह भी पढ़ें:- IND VS WI 2ND TEST : भारत ने वेस्टइंडीज को 7 विकेट से हराकर 2-0 से जीती टेस्ट सीरीज

इस पूरे ऑपरेशन को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राज्य सरकारों के संयुक्त रणनीतिक अभियान का परिणाम माना जा रहा है। शाह ने 2026 तक देश से नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने का लक्ष्य रखा है। इस बीच नक्सलियों को मुख्यधारा में वापस लाने के प्रयास जारी हैं। हाल के दिनों में छत्तीसगढ़ के बीजापुर और दंतेवाड़ा में भी सैकड़ों नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। 2 अक्टूबर को बीजापुर में 103 नक्सलियों ने सरेंडर किया था, जिनमें से 49 पर 1.06 करोड़ का इनाम था। 24 सितंबर को दंतेवाड़ा में 71 नक्सलियों ने सरेंडर किया था, जिनमें से 30 पर 64 लाख रुपए का इनाम घोषित था।

नक्सली संगठन में शीर्ष नेताओं के बीच फूट

सोनू दादा के आत्मसमर्पण के बाद नक्सली संगठन में भारी हलचल मच गई है। सूत्रों के मुताबिक कई शीर्ष नक्सली नेताओं के बीच मतभेद उभरकर सामने आए हैं। संगठन के भीतर नेतृत्व संकट और रणनीतिक असहमतियों के कारण कई गुट बन गए हैं। इसी साल 23 सितंबर को नारायणपुर में सुरक्षाबलों ने केंद्रीय कमेटी के दो शीर्ष नक्सली नेता राजू दादा और कोसा दादा को मार गिराया था। इन पर 1.8 करोड़ रुपए का इनाम था और वे कई बड़े हमलों के मास्टरमाइंड माने जाते थे। गढ़चिरौली में सोनू दादा उर्फ भूपति और 60 नक्सलियों का आत्मसमर्पण, सुरक्षाबलों और सरकार की नक्सल विरोधी रणनीति की बड़ी सफलता है। यह घटनाक्रम इस बात का स्पष्ट संकेत है कि नक्सलवाद अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है।

Back to top button
error: Content is protected !!