Google Analytics —— Meta Pixel

संस्कृति से विकास तक… भारत-मंगोलिया एक साथ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM Modi on Mongolia: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के हैदराबाद हाउस में मंगोलिया के राष्ट्रपति खुरेलसुख उखना के साथ द्विपक्षीय बैठक की। साथ ही प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता भी की। इस दौरान भारत और मंगोलिया के बीच समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान भी हुआ। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी और मंगोलिया के राष्ट्रपति ने संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि 6 साल बाद मंगोलिया के राष्ट्रपति का भारत दौरा दोनों देशों के लिए एक विशेष अवसर है। यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत और मंगोलिया अपने राजनयिक संबंधों के 70 साल और रणनीतिक साझेदारी के 10 साल मना रहे हैं। इस मौके पर दोनों देशों ने एक संयुक्त डाक टिकट जारी किया, जो साझा विरासत और गहरे सभ्यतागत रिश्तों का प्रतीक है।

यह भी पढ़ें:- Diwali 2025: दिवाली पर शिव जी को चढ़ाएं ये 5 चीजें, महादेव की कृपा से बनेंगे सभी बिगड़े काम

बैठक की शुरुआत एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत वृक्षारोपण से हुई। राष्ट्रपति खुरेलसुख ने अपनी मां के नाम पर एक वटवृक्ष लगाया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह पेड़ आने वाली पीढ़ियों तक भारत-मंगोलिया की मित्रता और पर्यावरण के प्रति साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक रहेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि दस साल पहले उनकी मंगोलिया यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में इस साझेदारी के हर पहलू में नई गहराई और विस्तार आया है। रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में भी सहयोग लगातार बढ़ रहा है। भारत ने मंगोलिया के सीमा सुरक्षा बलों के लिए नई क्षमता निर्माण योजनाएं शुरू करने का निर्णय लिया है। (PM Modi on Mongolia)

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारा रक्षा और सुरक्षा सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है। मंगोलिया के सीमा सुरक्षा बलों के लिए भारत नए कैपिसिटी बिल्डिंग कार्यक्रम भी शुरू करेगा। दोनों देश मुक्त, खुला, समावेशी और नियम आधारित इंडो-पैसिफिक का समर्थन करते हैं। ग्लोबल साउथ की आवाज को सशक्त करने के लिए भी हम मिलकर काम करते हैं। उन्होंने कहा कि मंगोलिया और भारत के बीच आत्मीय और आध्यात्मिक बंधन है। सदियों से दोनों देश बुद्धिज्म के सूत्र में बंधे हैं, जिसके कारण हमें स्प्रिचुअल सिबलिंग भी कहा जाता है। PM मोदी ने कहा कि भारत और मंगोलिया दोनों का दृष्टिकोण साझा मूल्यों पर आधारित है। दोनों देश फ्री, ओपन, इनक्लूसिव और नियम-आधारित इंडो-पैसिफिक का समर्थन करते हैं। साथ ही दोनों देश ग्लोबल साउथ की आवाज को मजबूत करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। (PM Modi on Mongolia)

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और मंगोलिया के संबंध केवल राजनयिक नहीं, बल्कि आत्मीय और आध्यात्मिक हैं। दोनों देश बौद्ध धर्म से सदियों से जुड़े हैं। इस आध्यात्मिक परंपरा को और सशक्त करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं, जिसके तहत अगले साल भगवान बुद्ध के दो प्रमुख शिष्यों सारिपुत्र और मौद्गल्यायन के पवित्र अवशेष मंगोलिया भेजे जाएंगे। भारत गंदन मॉनेस्ट्री में एक संस्कृत शिक्षक भेजेगा, ताकि बौद्ध ग्रंथों का गहन अध्ययन हो सके। 1 मिलियन प्राचीन पांडुलिपियों का डिजिटाइजेशन प्रोजेक्ट शीघ्र शुरू किया जाएगा। नालंदा विश्वविद्यालय और गंदन मॉनेस्ट्री को जोड़ा जाएगा, ताकि ऐतिहासिक संबंधों को नई ऊर्जा मिल सके। साथ ही लद्दाख ऑटोनॉमस हिल डेवलपमेंट काउंसिल और मंगोलिया के आर-खांगाय प्रांत के बीच हुए समझौते (MoU) से सांस्कृतिक रिश्ते और मजबूत होंगे।

PM मोदी ने कहा कि हमारी सीमाएं भले न जुड़ी हों, लेकिन भारत मंगोलिया को हमेशा पड़ोसी की तरह देखता है। भारत ने मंगोलियाई नागरिकों के लिए नि:शुल्क ई-वीजा (Free e-Visa) देने का फैसला किया है। इसके साथ ही, भारत हर साल मंगोलिया से युवा सांस्कृतिक एंबेसडर्स को आमंत्रित करेगा, जिनकी यात्रा का पूरा खर्च भारत उठाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत मंगोलिया के विकास का दृढ़ और विश्वसनीय साझेदार है। भारत की 1.7 बिलियन डॉलर की लाइन ऑफ क्रेडिट से बन रहा ऑयल रिफाइनरी प्रोजेक्ट मंगोलिया की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती देगा। यह भारत का विश्व में सबसे बड़ा विकास सहयोग प्रोजेक्ट है। इस परियोजना में 2500 से ज्यादा भारतीय विशेषज्ञ मंगोलियाई सहयोगियों के साथ काम कर रहे हैं।

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत ने मंगोलिया में अटल बिहारी वाजपेयी सेंटर ऑफ एक्सलेंस फॉर आईटी और भारत-मंगोलिया फ्रेंडशिप स्कूल की स्थापना की है, जिससे मंगोलिया के युवाओं को नई संभावनाएं मिल रही हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हम कई ऐसे नए प्रोजेक्ट्स शुरू कर रहे हैं जो आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएंगे। ऊर्जा, क्रिटिकल मिनरल्स, रेयर अर्थ, डिजिटल टेक्नोलॉजी, कृषि, डेयरी और सहकारिता जैसे क्षेत्रों में निजी क्षेत्र भी नए अवसर तलाश रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और मंगोलिया के संबंध दो प्राचीन सभ्यताओं के बीच विश्वास, मित्रता और साझी प्रतिबद्धता पर टिके हैं। लोकतांत्रिक मूल्यों और सांस्कृतिक विरासत ने इसे और मजबूत बनाया है। मुझे विश्वास है कि हम मिलकर इस रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई पर ले जाएंगे। (PM Modi on Mongolia)

प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति खुरेलसुख की ऐतिहासिक यात्रा और भारत के प्रति उनके अटूट मित्रता और सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया। मंगोलिया के राष्ट्रपति खुरेलसुख उखना की भारत यात्रा पर सचिव (पूर्व) पी कुमारन ने कहा कि वे 13 से 16 अक्टूबर 2025 तक भारत की राजकीय यात्रा पर हैं। मंगोलिया के राष्ट्रपति के रूप में यह उनकी पहली भारत यात्रा है और यह एक विशेष रूप से सार्थक अवसर पर हो रही है, क्योंकि भारत और मंगोलिया इस साल राजनयिक संबंधों की स्थापना के 70 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। हम इस वर्ष अपनी रणनीतिक साझेदारी के 10 साल भी पूरे कर रहे हैं। राष्ट्रपति के साथ एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल भी आया है। उनकी यह यात्रा राजनीतिक संबंधों की गहराई और दोनों पक्षों द्वारा प्राचीन सभ्यतागत संबंधों, साझा बौद्ध विरासत, लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित इस रणनीतिक साझेदारी को दिए जाने वाले महत्व को दर्शाती है।

सचिव (पूर्व) पी कुमारन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मंगोलिया के राष्ट्रपति खुरेलसुख उखना ने हमारे राजनयिक संबंधों की 70वीं वर्षगांठ के अवसर पर संयुक्त रूप से स्मारक डाक टिकट जारी किए। मंगोलिया ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता और 2028-29 के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के अस्थायी सदस्य के रूप में भारत की उम्मीदवारी के लिए अपना समर्थन दोहराया। मंगोलिया ने अंतर्राष्ट्रीय बिग कैट अलायंस के फ्रेमवर्क समझौते पर भी हस्ताक्षर किए, जो संरक्षण के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। भारत ने यह भी घोषणा की कि मंगोलियाई नागरिकों को सभी ई-वीजा निःशुल्क जारी किए जाएंगे। मंगोलिया के राष्ट्रपति खुरेलसुख उखना ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात की। (PM Modi on Mongolia)

Back to top button
error: Content is protected !!